एसवाईएल का निर्माण करवाने की बजाय सीएम मनोहर लाल इसमें अड़चन डाल रहे हैं। इस नहर के निर्माण में सीएम बाधा बने हुए हैं। विधानसभा के बजट सत्र में सरकार ने एसवाईएल के निर्माण के लिए ठोस कदम नहीं उठाया तो इनेलो इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। यह बातें जाट धर्मशाला में इनेलो की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इनेलो नेता एवं एलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने कही। इस दौरान उन्होंने दो एजेंडे पास किए। पहला हलका और जिला स्तर पर नई कार्यकारिणी का शीघ्र गठन करना और दूसरा एसवाईएल नहर का निर्माण करवाने के लिए सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ना। दोनों एजेंडों को पार्टी कार्यकारिणी के सदस्यों ने हाथ खड़े कर पूरा करवाने का निर्णय लिया।
अभय चौटाला ने बिना नाम लिए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को जनमत भाजपा के विरोध में मिला था। इसके बावजूद भी उन्होंने जनमत का विरोध करते हुए भाजपा के हाथों बिकने का काम किया। एसवाईएल पर उन्होंने कहा कि 2016 में एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को कहा था। सीएम मनोहर लाल हरियाणा प्रदेश के किसानों के विरोध में हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संगठन को बहकावे में आकर छोड़ गए थे। अब उन लोगों का भ्रम पूरी तरह से टूट चुका है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए वह सभी रूठे व बहकावे में आए कार्यकर्ताओं को मनाकर वापस लाएंगे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, जिला प्रधान रामफल कुंडू, बलवान कुंडू, सुमित्रा देेवी, सुमन मच्छरोली, इंदू परमार, रेखा राणा, कृष्णा बधाना, भूपेंद्र जुलानी, शिबू जिंदल, सुखबीर ढुल मौजूद रहे।