छह वर्ष पहले एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर 255700 रुपये निकालने के आरोपी हांसी की गणेश कॉलोनी निवासी सोनू को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इससे पहले शहर थाना पुलिस ने आरोपी को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया था।
अर्बन एस्टेट निवासी जयनारायण गुप्ता ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका खाता स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में है। 12 मई 2015 को वह पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा हुडा कॉम्प्लैक्स जींद के एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां पर पहले से ही 4-5 युवक खड़े थे। 1 जून को जब वह एटीएम से पैसे निकलाने गया तो पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदला गया है। उसी दिन वह संबंधित बैंक में गया तो पता चला कि उसके खाते से 255700 रुपये निकल चुके हैं। उसने आरोप लगाया था कि उन युवकों ने ही धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से पैसे निकाले हैं। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हांसी की गणेश कॉलोनी निवासी सोनू को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ही धोखाधड़ी कर राशि निकाली थी। वह पूरी राशि खर्च कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है।