नरवाना। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं सरकारी ब्लड बैंक जींद के सहयोग से संत निरंकारी मिशन की ओर से रविवार को निरंकारी भवन में रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में 135 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का परिचय दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता टोहाना जोन के जोनल इंचार्ज रमन नागपाल ने की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए। मंत्री बेदी ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और इस कार्य के लिए उनकी सराहना की। मिशन की ओर से संयोजक रोशन लाल एवं सेवादार क्षेत्रीय संचालक सतीश शर्मा ने मंत्री बेदी को मिशन का साहित्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
शिविर में नरवाना, जींद, जुलाना, डहोला, बड़ौदा, सफीदों, बीबीपुर एवं पिल्लूखेड़ा से साध संगत पहुंची। इसके बाद सत्संग का भी आयोजन हुआ। इसमें राज पिताजी एवं सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के प्रेरणादायक प्रवचन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से साध संगत को सुनाए गए। प्रवचनों में इंसान को अहंकार त्याग कर प्रभु भक्ति की प्रेरणा दी गई। अंत में गुरु का लंगर ग्रहण किया गया।