जाट आंदोलन : डर के साए में जिंदगी फिर भी हालात सामान्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जाट आंदोलन की आशंका के चलते झज्जर जिला शुक्रवार को पैरामिलिट्री व पुलिस फोर्स के कब्जे में रहा। लोगों के चेहरे पर आंदोलन को दोहराए जाने का डर साफ दिखा। चर्चाओं को लेकर शहर में माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन हालात सामान्य रहे। जिला प्रशासन के अधिकारी व फोर्स आमजन को सुरक्षा का दिलासा देने के लिए सड़कों पर उतर आए और लोगों से शांति व भाई चारा बनाए रखने की अपील की। शहर में पुलिस और सेना के फ्लैगमार्च को देखकर लोग डर रहे थे और शहर में चर्चा रही कहीं फिर से आंदोलन न शुरू हो जाए। वहीं प्रशासन ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह जगह नाके लगा कर शहर में हर आने जाने वाले की गहनता से जांच की। शहर की सुरक्षा के लिए करीब 2 हजार जवानों को तैनात किया गया है। वहीं शुक्रवार को दूसरे दिन भी इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज की बसें आम दिनों की तरह चलती नजर आईं और बाजारों में भी चहल पहल दिखी। लेकिन इनसब के बीच शहरवासी एक महीना पहले 20 व 21 फरवरी की हिंसा को याद कर सहमे दिखे। बातचीत में लोगों ने सुरक्षा के प्रति प्रशासन पर भरोसा भी जताया। यहां पिछले जाट आंदोलन के अगवा रहे जाट नेताओं ने फिलहाल आंदोलन के सवाल पर चुप्पी साध रखी है।
सड़कों पर दिन भर दौड़ती दिखी फोर्स
जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन शुक्रवार सुबह ही हरकत में आ गया था। वीरवार सायं इंटरनेट सेवाएं बंद करने के जो आदेश जिला मजिस्ट्रेट की ओर से दिए गए थे, उन पर अमल सुबह 10 बजे के करीब दिखा। एक के बाद एक सभी नेटवर्क की इंटरनेट सेवाएं बंद हो गई। इस बीच पुलिस फोर्स को बाग जहां आरा स्टेडियम में एकत्रित कर उनको दिशा निर्देश देकर विभिन्न मोर्चों पर तैनात किया गया। इस बीच डीसी, एसपी, आईजी व अन्य अधिकारी भी लोगों को सुरक्षा का भरोसा और आंदोलन से निपटने के लिए सुरक्षा प्रबंधों का ब्यौरा देने के लिए लोगों के बीच पहुंचे। दिन में कई बार अलग अलग क्षेत्रों में कभी पुलिस तो कभी पैरामिलिट्री जवानों ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस व प्रशासन की यह मुहिम हालांकि आमजन को सुरक्षा का दिलासा देने के लिए थी, लेकिन इससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया और लोग डर हुए दिखे।
नाईट पैट्रोलिंग पर उतरे अधिकारी
झज्जर। पुलिस विभाग की ओर से झज्जर में नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी एएस चावला आईजी, डीसी अनीता यादव व एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने संयुक्त रूप से नाइट पेट्रोलिंग करते हुए जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात्रि तक चला पेट्रोलिंग का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। सुबह पुलिस प्रशासन की टीम ने गांव दूबलधन व अन्य क्षेत्रों का भी दौरा किया। नाकों का मुआयना करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन की टीम ने देर रात झज्जर शहर के सिलानी गेट, दिल्ली गेट क्षेत्र से मेन बाजार, अंबेडकर चौक, यादव धर्मशाला रोड, छावनी मोहल्ला, कोसली रोड, जहांआरा बाग स्टेडियम मार्ग, बस स्टेंड रोड, कच्चा बेरी रोड, छारा चुंगी, सांपला रोड, डाइवर्सन रोड सहित अन्य नाकों का मुआयना करते हुए स्थिति का जायजा लिया। डीसी यादव ने बताया कि बीते दिनों हुए उपद्रव से जिले की शांति व्यवस्था भंग हुई थी किंतु अब इस प्रकार की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सजग है।
बेरी, साल्हावास व मातनहेल में हुई सद्भावना सभाएं
बेरी। झज्जर जिले में हालात सामान्य है और इस स्थिति को बिगड़ने से रोकना हम सब की जिम्मेदारी है। इलाके में भाईचारा व शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को जिलावासियों से बड़ी उम्मींद है। यह बात एडीसी नरेश नरवाल ने बेरी में आयोजित सद्भावना सभा के दौरान अपने संबोधन में कही। बीडीपीओ कार्यालय स्थित हॉल में उपमंडल के सभी गांवों से नंबरदार, पंचायत समिति सदस्य व अन्य गणमान्य व्यक्ति सद्भावना सभा में पहुंचे। इसके उपरांत एडीसी ने मातनहेल व साल्हावस खंड के नंबरदारों व पंचायत समिति सदस्यों से मुलाकात कर शांति बनाए रखने की अपील की।
डीसी ऑफिस में स्थापित हुआ कंट्रोल रूम
झज्जर। बीते माह हुए उपद्रव की स्थिति दोबारा न बने। इसको लेकर प्रशासन सचेत है। डीसी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डीसी ने कहा कि अगर किसी प्रकार की भड़काऊ बात मिले तो उसकी सूचना तुंरत उपमण्डल अधिकारी (ना) कार्यालय या जिला मुख्यालय पर उनके कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में 24 घंटे दूरभाष नंबर 01251-252442 व 252742 पर सूचना दी जा सकती है।
फ्लैग मार्च निकाल दिया सुरक्षा का भरोसा
झज्जर। जिले में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने में प्रशासन पूरी तरह सक्षम है, पर्याप्त संख्या में पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की टुकड़ियां लगातार फ्लैग मार्च कर रही है, झज्जर शहर को नाकाबंदी के जरिए सील कर दिया गया है। ऐसे में लोगों को किसी प्रकार उपद्रव की आशंका का भय नहीं रहना चाहिए। यह भरोसा एसडीएम पंकज सेतिया ने झज्जर शहरवासियों को दिया। उन्होंने डीएसपी राजीव के साथ झज्जर शहर के मेन बाजार, अंबेडकर चौक व अन्य इलाकों में सुरक्षा बलों को साथ लेकर शुक्रवार की सांय दौरा किया। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने एसडीएम व डीएसपी को पूर्ण सहयोग व शांति-सौहार्द बनाए रखने का आश्वासन दिया।