शहर में मूसलाधार बारिश के दौरान अनाज मंडी के पास रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) में जलभराव में एक युवक डूब गया। पूरे दिन तलाश के बाद भी डूबे साइकिल सवार युवक को ढूंढा नहीं जा सका। सप्ताह भर पूर्व आम लोगों के लिए खोले गए इस आरयूबी की गहराई 12 फुट से अधिक है। अब मंगलवार की सुबह फिर युवक की तलाश शुरू होगी।
बताते चले कि लाइनपार क्षेत्र व शहर के मुख्य भाग को जोड़ने वाला आरयूबी सोमवार को बारिश की वजह से पूरी तरह से डूब गया। इस दौरान सुबह 9 बजे के करीब एक युवक के आरयूबी में डूबने की सूचना पर तुरंत अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड के बचाव दल को बुलाया। प्रत्यक्षदर्शी मनोज ने बताया कि एक साइकिल सवार गहरे पानी में चला गया। कुछ युवकों ने उसे आरयूबी में पानी से न निकलने की जानकारी भी दी लेकिन वह नहीं माना। बचाव दल ने पहले बांस, रस्सी की मदद से यहां डूबे युवक के बारे में पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण कई तरह की परेशानी भी हुई। वैसे फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौजूद रही, लेकिन आरयूबी में पानी अधिक होने के चलते गाड़ी प्रवेश नहीं कर सकी। एसएचएओ होशियार सिंह ने बताया कि फिलहाल अंडरपास के दोनों गेट अवरोध लगाकर बंद कर दिए गए हैं। शाम को अंधेरा होने की वजह से बचाव कार्य रोक दिया गया। मंगलवार सुबह फिर शुरू किया जाएगा। बचाव दल में फायर ब्रिगेड के अलावा जीआरपी के जवान भी शामिल हैं।