फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jhajjar/Bahadurgarh News ›   Jan Sarokar Diwas rally of JJP held in Jhajjar of Haryana

जेजेपी की जन सरोकार दिवस रैली: उप मुख्यमंत्री बोले हरियाणा को विकास में बनाएंगे मॉडल प्रदेश, अजय चौटाला ने कही ये बात

Fri, 10 Dec 2021 01:29 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, बादली, झज्जर (हरियाणा) 
संवाद न्यूज एजेंसी, बादली, झज्जर (हरियाणा)  Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Fri, 10 Dec 2021 01:29 AM IST
सार

हरियाणा के झज्जर जिले में गुरुवार को जेजेपी की जन सरोकार दिवस रैली का आयोजन हुआ। रैली में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नई परियोजनाओं से 70 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। रैली में अजय चौटाला ने इनेलो और कांग्रेस पर निशाना साधा।

विज्ञापन
Jan Sarokar Diwas rally of JJP held in Jhajjar of Haryana
हरियाणा के झज्जर में हुई जेजेपी की जन सरोकार दिवस रैली - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

गठबंधन सरकार ने दो साल में अनेक जन कल्याणकारी फैसले लिए हैं, जिससे आमजन को फायदा हुआ है। आने वाले समय में प्रदेश को विकास के मामले में एक मॉडल प्रदेश बनाया जाएगा। प्रदेश में जहां सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीण इंजीनियरिंग पर कार्य किया जा रहा है। यह बात हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। वे झज्जर के बादली हलके में जननायक जनता पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस पर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


डिप्टी सीएम ने कहा कि वे हमें चक्रव्यूह में फंसाना चाहते थे लेकिन आपके प्यार और आशीर्वाद ने जननायक जनता पार्टी को आगे बढ़ाते हुए सत्ता में भागीदार बना दिया। तीन साल का यह सफर कठिन भी रहा, लेकिन संगठन को अपने आशीर्वाद से ताकत दी। कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की बदौलत जींद उपचुनाव, लोकसभा चुनाव और 2019 के चुनाव में आशीर्वाद देने का काम किया।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि 9 दिसंबर का दिन भी बड़ा अहम है और 9 दिसंबर 1946 को संविधान के लिए पहली बैठक हुई थी, वहीं 9 दिसंबर, 2018 को जेजेपी का गठन हुआ था और 9 दिसंबर को ही किसानों का लंबा संघर्ष खत्म होने जा रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं, जो उन्होंने तीनों कानूनों को वापस लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान विपक्ष का हर स्तर पर यह प्रयास रहा कि प्रदेश में माहौल को खराब किया जाए लेकिन प्रदेश की जनता ने सहनशीलता दिखाई। कोविड के दौरान किसानों की फसलों को खरीदने के लिए 200 मंडियां अतिरिक्त बनाई और गेहूं का एक-एक दाना खरीदा गया। धान खरीद के लिए भी पहले से दोगुना मंडी बनाई गई ताकि किसानों को किसी तरह की तकलीफ न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में किसानों को फसल बेचने के बाद महीनों तक पैसा नहीं मिलता था लेकिन अब गठबंधन सरकार में फसल बिकते ही 72 घंटे के भीतर किसान के खाते में फसल का पैसा आ जाता है।

अगर किसी वजह से 72 घंटे से ज्यादा समय लगा तो किसान को उसकी रकम का 9 प्रतिशत ब्याज देने का प्रावधान भी गठबंधन सरकार ने किया है। हमने इस बार 400 मंडियां बनाई। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अभी गठबंधन सरकार का कार्यकाल तीन साल और है, जिसमें विकास कार्यों की झड़ी लगाई जाएगी। घोषणा पत्र का करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और बचे हुए समय में इसे पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बुजुर्गों के सम्मान में बुढ़ापा पेंशन 500 दिनों में 500 रुपए की बढ़ोतरी करने का काम किया है।

महिलाओं को मान-सम्मान देते हुए पंचायतों में 50 फीसदी आरक्षण देने वाला कानून विधानसभा में पास करवाया, जिस कारण पंचायती राज व्यवस्था में न केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी बल्कि उनका मान-सम्मान भी बढ़ेगा। डिप्टी सीएम ने फिर दोहराया कि कॉलेज में पढ़ने वाली हर छात्रा को निशुल्क बस पास उपलब्ध करवाने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। इसके लिए उन्होंने इनसो की जिम्मेदारी लगाते हुए कहा कि आने वाले एक महीने में हर छात्रा का फ्री बस पास बनवाए। अगर पास होने के बावजूद कोई प्राइवेट बस संचालक छात्रा को बस में सफर करने से रोकता है तो तत्काल प्रभाव से उसका परमिट रद्द किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले, इसके लिए जेजेपी के चुनावी वायदे को पूरा करते हुए हरियाणा के युवाओं को निजी क्षेत्र की नौकरियों में 75 फीसदी आरक्षण देने वाला कानून भी लागू करवाने का कार्य किया है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि एटीएल कंपनी 200 एकड़ में अपनी परियोजना लगाने जा रही है, फ्लिपकार्ट मानेसर में एशिया का सबसे बड़ा वेयर हाउस बनाने जा रही है, बिरला पेंट द्वारा पानीपत में प्रोजेक्ट लगाया जाएगा तथा ई-व्हीकल को बढ़ावा देते हुए देश की पहली इलेक्ट्रिक बस बनाने की कंपनी पलवल में लगेगी।

इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर 70 हजार से भी ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेंगे। इतना ही नहीं पहले सिविल एविएशन की कोई बात नहीं करता था लेकिन गठबंधन सरकार ने इसे पूरी गंभीरता से लिया और भिवानी तथा नारनौल में फ्लाइंग स्कूल शुरू किये जा रहे है, इससे गांव के लोगों की भी आसमान छूने की तमन्ना पूरी हो सकेगी। अब हरियाणा के लोग कॉकपिट में बैठेंगे और पायलट बनेंगे।

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 2500 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाने का कार्य किया है, इससे प्रदेश के 943 गांवों को फायदा हुआ है। नांगल चौधरी से इस्माइलाबाद तक सड़क लगभग पूरी हो चुकी है, इससे नांगल चौधरी और चंडीगढ़ की दूरी तय करने में मात्र साढ़े चार घंटे का समय लगेगा, पहले ये दूरी तय करने में 7 घंटे का समय लगता था। दुष्यंत चौटाला ने रैली में उमड़े जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार करें।

अजय चौटाला ने इनेलो और कांग्रेस पर किए राजनीतिक प्रहार

जजपा संस्थापक अजय चौटाला ने अपने भाषण के दौरान विरोधी दलों पर जम कर राजनीतिक कटाक्ष किए और जजपा को दिल्ली के लिए तैयार होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कांग्रेस और इनेलो पर जमकर प्रहार किए। कांग्रेस को घमंडी कहा और इनेलो को खोखला करार दिया। अजय चौटाला ने इनेलो पर हमला बोलते हुए कहा कि इनेलो के पास उन्होंने झंडा, डंडा और फंडा छोड़ा था लेकिन अब पार्टी पूरी तरह से खोखली हो चुकी हैं। 23 प्रतिशत वोटों के साथ पार्टी को मजबूत किया था। अब गलत नीतियों का परिणाम यह है कि पार्टी का सर्वेसर्वा ऐसे व्यक्ति को बनाया गया है जिसे कभी ओमप्रकाश चौटाला देखना भी पसंद नहीं करते थे। उन्होंने पूर्व विधायक नरेश प्रधान को इनेलो का सबसे बड़ा दुश्मन बताया और कहा कि विधायक के तौर पर अक्सर इनलो और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला पर निशाना साधने वाले ही अब इनेलो का प्रचार कर रहे हैं। एलनाबाद चुनाव में वोट न मांगने की बात करने वाली इनेलो को मतदाताओं के पास खूब नाक रगड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा ताकि पार्टी की साख बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। किसानों की जमीन कोड़ियों के भाव में खरीदकर पूंजीपतियों को दी। जबकि, पार्टी के ही अशोक तंवर और कुमारी शैलजा को अपमानित करने का काम भी हुड्डा ने किया है जिससे पूरे दलित समाज में कांग्रेस के प्रति रोष है। दस साल तक केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने कोई काम नहीं किया। जो पार्टी अपना संगठन नहीं बना सकी वह अब सरकार बनाने की बात कर रही है। इससे पहले मंच पर अजय चौटाला का स्वागत हलकाध्यक्ष अजय गुलिया और अमित गुभाना ने चांदी की गदा देकर किया जबकि झज्जर जिले की ओर से पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया।

किसान आंदोलन के चलते अपनों की शादी में न जाने का मलाल - दुष्यंत

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने संबोधन की शुरूआत किसान आंदोलन के साथ करते हुए कहा कि आंदोलन के चलते उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों से परहेज करना पड़ा। अपनों के शादी समारोह का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान उनके कई परिचित की शादी थी। किसी ने उन्हें किसानों के संभावित रोष की बात कही। शांति व्यवस्था बनाने और भाईचारा बिगड़ने से रोकने के लिए उन्होंने शादी समारोह में नहीं जाने का फैसला लिया। ऐसे कई कार्यक्रम रद्द करने पड़े ताकि शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों का कार्यकाल बेहतर रहा है लेकिन कोरोना काल और किसान आंदोलन के चलते कुछ काम बाधित हो गए। जिनकी भरपाई के लिए आने वाले दो साल अहम होंगे। 

दस साल लॉलीपॉप देते रहे हुड्डा पिता-पुत्र

जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के राज में रोहतक, झज्जर क्षेत्र के किसानों की जमीन सबसे ज्यादा हड़पी गई। तीन वर्ष पूर्व जजपा का जब गठन हुआ था, तब से आज तक पार्टी जननायक स्व. चौधरी देवीलाल के पद चिन्हों पर चलते हुए जन कल्याणकारी कार्य कर रही है। अजय सिंह ने राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि दीपेंद्र के पिता दस साल सीएम रहे और केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार थी लेकिन विकास कार्यों के जगह सिर्फ जनता को लॉलीपॉप देते रहे। अब कहते फिर रहे हैं कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो जेवर का एयरपोर्ट हरियाणा में बनता। अपनी सरकार के समय पिता-पुत्र कभी लाखन माजरा, कभी रोहतक में बनाने की बात करते रहे। लेकिन हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी सरकार में हिसार में एयरपोर्ट निर्माण का कार्य प्रगति पर है। हम बातें नहीं करते, जिस तरह चौधरी देवीलाल ने अपने समय में जो-जो बातें जनता के बीच कहीं, उन्हें पूरा किया। इसी तरह अब जेजेपी भी अपने वादों को कानूनी रूप देते हुए निरंतर अमलीजामा पहना रही है। कोरोना व किसान आंदोलन के बावजूद करीब 40 प्रतिशत वादे पूरे किए। इस दौरान देश के प्रथम सीडीएस विपिन रावत की हादसे में मौत पर दो मिनट का मौन धारण किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

बाइक रैली लेकर पहुंचे दिग्विजय

जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला युवाओं की बाइक रैली के साथ रैली में पहुंचे और मंच संचालन किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए दिग्विजय ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही जेजेपी ने मात्र तीन साल में ही कई मुकाम हासिल किए है, जिसके लिए सभी पदाधिकारी-कार्यकर्ता बधाई के पात्र है। कार्यक्रम के दौरान जेजेपी ने अपने तीन साल के कामयाब सफर पर आधारित किताब जेजेपी छाई रै का विमोचन भी अतिथियों से करवाया। मशहूर पंजाबी कलाकार हनी सिंह, राहुल फाजिलपुरिया, अलफाज के अलावा हरियाणवी गायक बाली शर्मा, अमित मलिक, हरविंद्र राणा आदि ने प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केसी बांगड़, अनंतराम तंवर, राज्य मंत्री अनूप धानक, विधायक ईश्वर सिंह, देवेंद्र बबली, जोगीराम सिहाग, रामकरण काला, रामनिवास सूरजाखेड़ा, अमरजीत ढांडा, नैना सिंह चौटाला, राजदीप फोगाट, रणधीर सिंह, पवन खरखौदा, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, हर्ष कुमार, पूर्व सीपीएस अनिता यादव, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक रमेश खटक, रामवीर पटोदी, भाग सिंह छातर, पिरथी नंबरदार, महिला प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण, बृज शर्मा, अशोक शेरवाल, मोहसिन चौधरी, बदरूद्दीन, ओपी सहरावत, युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल, दिनेश डागर, जिला प्रधान राकेश जाखड़, उपेंद्र कादियान, अजय गुलिया, प्रीतम कुकड़ौला, धर्मेंद्र बामड़ोला, बबिता पूनिया और मनोज पांचाल भी मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed