स्वीफ्ट-डिजायर की टक्कर से ड्रेन में गिरा ऑटो, सात लोग जख्मी
जानकारी के मुताबिक सोहटी निवासी धर्मबीर उर्फ लीलू जो कि कई साल से प्राइवेट व्हीकल चलाता है। वह बहादुरगढ़ से अपने गांव तक सवारियां लाने-ले जाने का कार्य करता है। रोजाना की भांति सोमवार को भी वह बहादुरगढ़ से अपने ऑटो में सवारियां बैठाकर गांव की ओर लौट रहा था। जब वह कानोन्दा ईंट भट्ठे के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही एक स्वीफ्ट और डिजायर गाड़ी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
जिसमें ऑटो सड़क से लगती ड्रेन में जा गिरा। कार की टक्कर से ऑटो चालक लीलू के अलावा मीनाक्षी, खजानी, इरफान व प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पांचों को सिर, हाथ, पैर, चेहरों पर चोटें आईं। इसके अलावा कार में सवार दंपति अमित व उसकी पत्नी मीनाक्षी भी घायल हो गए। उन्हें लाइनपार के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। थाना सदर से जांच के लिए पहुंचे मुख्य सिपाही देवेंद्र सिंह व विनोद कुमार नेे ट्रामा सेंटर में पहुंचकर डॉक्टर से घायलों के बारे में पूरी रिपोर्ट ली। इसके बाद वे उनके बयान लेने के लिए रोहतक पीजीआई रवाना हो गए। घायलों में कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।