चरखी दादरी। महेंद्रगढ़ चौक के समीप मंगलवार शाम एक डंपर, ट्राला और बस में भिड़त हो गई। घटना में किसी को चोटें नहीं आईं लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। जाम और हादसे की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम पांच बजकर चालीस मिनट पर रोडवेज बस माई और चंदेनी जाने के लिए बस स्टैंड से चली थी। बस में करीब 45 सवारियां बैठी थीं। जब बस महेंद्रगढ़ चौक के समीप पहुंची तो नारनौल की तरफ से आ रहे ट्राले के सामने अचानक डंपर आ गया। इसके चलते ट्राला चालक ने स्टेयरिंग बस की तरफ घुमा दिया। वहीं, भिड़ंत से बचने के लिए बस चालक ने जब कट लगाया तो बस डंपर से जा टकराई। हादसे के बाद महेंद्रगढ़ चौक की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई और कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। बता दें कि करीब एक सप्ताह पहले भी यहां एक रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बस की चपेट में आने से यहां मौजूद दो लोग भी घायल हो गए थे।