झज्जर। जिले के गांव जमालपुर निवासी अमन ने नगालैंड की राजधानी कोहिमा में 56वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। इस पर शिक्षा विभाग के एसीएस डॉ. महावीर सिंह व डीसी ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लडायन में कक्षा ग्यारहवीं के छात्र अमन को बधाई और सुनहरे भविष्य की कामना की।
डीसी ने कहा कि कोहिमा में स्वर्ण पदक जीतकर इलाके का नाम रोशन किया है। प्राचार्य नवीन मित्तल ने बताया कि पढ़ाई के साथ साथ खेलों की तरफ भी पूरा ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि अमन पुत्र सोमबीर (सोमल) गांव जमालपुर स्कूल का होनहार छात्र है। बीते दिनों इसी स्कूल की दो छात्राओं ज्योति और साक्षी का चयन जैवलिन और हैमर थ्रो में वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए हो चुका है। छात्राएं हिस्सा लेने के लिए मई में फ्रांस जाएंगी। प्राचार्य के मुताबिक नगालैंड से आने पर अमन का भी स्वागत किया जाएगा। उन्होंने फिजिकल एजुकेशन के प्राध्यापक दिलबाग सिंह को बच्चों की सफलता का श्रेय दिया है। इसके साथ ही सहायक निदेशक नंदकिशोर वर्मा, प्रोग्राम अधिकारी प्रमोद शर्मा, एसडीएम बेरी रविंद्र कुमार, एसडीएम झज्जर शिखा, जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दलजीत सिंह, प्राचार्य डाइट कौशल्या आर्य, सुभाष भारद्वाज, मंजीत मलिक और सुदर्शन पुनिया ने अमन को शुभकामनाएं प्रेषित की।