फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jhajjar/Bahadurgarh News ›   CM Khattar, CM Khattar in Bahadurgarh, Badli, Mota Jota Railly railly, Jhajjar

रैली में जनता और सीएम दोनों ने मारा मोटा जोटा

Mon, 05 Dec 2016 12:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बहादुरगढ़
ब्यूरो/अमर उजाला, बहादुरगढ़ Updated Mon, 05 Dec 2016 12:58 AM IST
विज्ञापन
CM Khattar, CM Khattar in Bahadurgarh, Badli, Mota Jota Railly railly, Jhajjar
सीएम खट्टर - फोटो : bureau

बादली में रविवार को क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश धनखड़ के संयोजन में हुई मोटा जोटा रैली में इलाके की जनता और मुख्यमंत्री दोनों ने मोटा जोटा मार दिया। व्यवस्था और भीड़ के लिहाज से आयोजकों और जनता ने मोटा जोटा मारा तो मुख्यमंत्री ने भी जनता के लिए की धनखड़ की तमाम मांगें मानकर मोटा जोटा मार दिया।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री बने तो बादली और बहादुरगढ़ इलाके की लाइफ लाइन केएमपी एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य ठप पड़ा था। इस परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया कि इसका निर्माण शीघ्रता से पूरा किया जाए। अगले एक साल के भीतर इस सड़क का निर्माण पूरा होगा। इसके दोनों ओर बड़े उद्योग और बाजार बनेंगे।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने सिंचाई और पीने के पानी की समस्या को लेकर  पिछली सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सतलुज-यमुना लिंक नहर का मामला सुप्रीम कोर्ट में एक दशक से अधिक समय से लंबित था, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद उच्चतम न्यायालय से शीघ्रता से सुनवाई का आग्रह किया, जिससे आज फैसला आया है। फैसले के बाद एसवाईएल के निर्माण के लिए वे राष्ट्रपति से  मिल चुके हैं और शीघ्र ही प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा में पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए नहरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। यमुना का पानी झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी आदि दक्षिणी हरियाणा तक ले जाने के लिए दो हजार करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है, जोकि अगले दो वर्षों में पूरी हो जाएगी।

बजट बढ़ाया 28 फीसदी
मुख्यमंत्री ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के प्रयासों के बारे में बताया दिल्ली के समीप लगते क्षेत्रों में फल-फूल-सब्जी और डेयरी पदार्थों के उत्पादन पर विशेष फोकस किया गया है। आर्थिक विकास के साथ सामाजिक विकास पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है।

हरियाणा में लिंगानुपात अब 914 तक पहुंच गया है और सरकार इसे 950 तक ले जाने के लिए प्रयत्नशील है। हरियाणा सरकार ने पहली बार अपने वार्षिक व्यय में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इस बार 88 हजार करोड़ की राशि बजट के लिए निर्धारित की। बादली विधानसभा में पिछले दो वर्षों के दौरान अब तक 190 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि आज ही के दिन 53 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किए गए।

बादली क्षेत्र के लिए खोल दिया खजाना
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम जिला के फर्रुखनगर से चरखी दादरी वाया झज्जर नई रेललाइन बनवाने के लिए प्रयास शुरू करने, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे होते हुए बाढ़सा तक 550 करोड़ की लागत से 20 किमी. लंबी फोरलेन सड़क बनवाने, आगामी 22 जनवरी को राज्य में 22 नए महिला कॉलेजों का एक साथ शिलान्यास करने, बाढ़सा में बन रहे राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के समीप एक स्थायर हेलिपेड बनवाने, झज्जर में आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, बादली विधानसभा के गांव बाढ़सा और कलोई में पांच मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट, कुलाना में महिला कॉलेज बनवाने समेत बादली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों की घोषणाएं कीं।

बादली विधानसभा के लिए घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने 52 करोड़ रुपये पिछले अधूरे कार्यों के लिए, 27 करोड़ रुपये सिंचाई परियोजनाओं के लिए, 26 करोड़ रुपये सड़कों के  लिए, 20 करोड़ रुपये अन्य कार्यों के लिए, 27 करोड़ रुपये सोलर पावर प्लांट के लिए, पांच करोड़ रुपये रईया गांव को, 1-1 करोड़ रुपये देवरखाना और सौंधी गांवों को विकास के लिए दिए। गांव सिलानी में पर्यटन कांप्लेक्स बनाने की भी घोषणा की।

धनखड़ आगै बढ़ण आला है, इसका साथ दयोगे तोे थाम नै रिलल्ट भी मिलैगा : बीरेंद्र
मोटा-जोटा रैली में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने ओमप्रकाश धनखड़ को क्षेत्र का बड़ा नेता बताया। उन्होंने हरियाणवी अंदाज में कहा कि यो आगे बढ़ण आला है, इसका साथ दयोगे तो थाम नै रिजल्ट भी मिलैगा।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज देश में मोदी और हरियाणा में मनोहर की इमानदार सरकार है। किसानों के हितों का ख्याल रखते हुए पीएम मोदी ने अनेक कदम उठाए हैं। कांग्रेस की सरकारों ने डीएपी के दाम को चार सौ से बढ़ाकर 1200 कर दिया था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने दो वर्षों में एक बार भी दाम नहीं बढ़ाए, बल्कि डीएपी की कीमतों को कम किया है। यूरिया को नीमकोटेड कर कालाबाजारी से बचाया। इसके चलते पूरे देश में यूरिया की कहीं किल्लत नहीं रही।

बादली : ऐसा पहला क्षेत्र जिसे तहसील, खंड और उपमंडल का दर्जा मिला
रैली से उत्साहित ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि बादली ऐसा पहला उपमंडल है, जोकि पहले न तो कभी तहसील था और न खंड था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसे सीधे तहसील, खंड और उपमंडल का दर्जा प्रदान किया। बादली सहित 19 गांवों को रू-अर्बन योजना में शामिल करने के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र की मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

सरकार न गठबंधन की, न लठबंधन की
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के लोगों की कुलाना में महिला कॉलेज खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आज हर ओर मोदी-मनोहर की चर्चा है। हिंदुस्तान की जनता ने पार्टी के नाते भाजपा को,  पीएम के नाते नरेंद्र मोदी और हरियाणा की जनता ने मुख्यमंत्री के नाते मनोहर लाल का नेतृत्व स्वीकार किया।

यह गठबंधन, लठबंधन या मजबूरी की सरकार नहीं है। उन्होंने रैली के शीर्षक मोटा-जोटा को लेकर कृषि मंत्री को  किसान का पुत्र होने के साथ कवि भी बताया। आज देश और हरियाणा में ऐसी सरकार है, जो गरीब के लिए काम कर रही है।

अभिमन्यु ने माना बादली का अहसान
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आज हरियाणा और भारत में ऐसी सरकारें हैं, जोकि भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर सबका साथ-सबका विकास की सोच पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इमानदार नेतृत्व में पंचकूला से पलवल तक समान विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बादली का उन पर पुराना अहसान है, जब भी उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा तो यहीं उन्हें सबसे अधिक मत मिले। ऐसे में बादली के विकास के लिए खजाने खुले हैं।

एक हजार नई बसें चलेंगी : पंवार
परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथों गरीब के हित सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 31 मार्च,  2017 तक 1000 नई बसें शामिल होंगी।

हरियाणा के छात्र-छात्राओं के लिए रियायती बस पास सेवा की 60 किलोमीटर लिमिट को समाप्त कर वर्तमान सरकार ने  अनलिमिटेड कर दिया है। उन्होंने कहा कि झज्जर बस स्टैंड पर चालक प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा। पीएम मोदी की 2022 तक सबको आवास देने की योजना की तर्ज पर हरियाणा में आवास बोर्ड के माध्यम से अगले तीन  साल के अंदर दो लाख आवास दिए जाएंगे।

ग्रोवर ने कांग्रेस पर किया हमला
सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल सबका साथ-सबका विकास की सोच पर आगे बढ़ते हुए आज प्रदेश के लोगों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस में जारी आपसी घमासान को लेकर भी जमकर निशाना साधा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा के उन सभी वादों को पूरा किया है, जोकि चुनाव से पहले किए गए थे। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए अनेक  कदम उठाए गए हैं, लेकिन इस पर प्रहार करने के लिए जन भागीदारी होना बहुत जरूरी है।

अमरूद भेंट कर किया सीएम का सम्मान
रैली के संयोजक ओमप्रकाश धनखड़ ने मोटा-जोटा रैली में मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का झज्जर के  प्रसिद्ध अमरूद भेंट कर स्वागत किया। बादली उपमंडल बनने की खुशी में गांव की बेटियों ने मुख्य मंच पर आकर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ ऊंचाइयों को छूने के प्रतीक गुब्बारे छोड़े।

क्षेत्र के पहलवानों की ओर से  मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों को गदा भेंटकर सम्मानित किया। वहीं गो संरक्षण और गो संवर्धन के लिए कृषि मंत्री धनखड़ और डॉ. अजय धनखड़ ने मुख्यमंत्री का गाय को गुड़ खिलाते हुए चित्र भेंट किया।


ये भी रहे मौजूद
बहादुरगढ़ के विधायक नरेश कौशिक, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, लाडवा से विधायक डॉ. पवन सैनी, पानीपत ग्रामीण से विधायक महीपाल ढांडा, सफीदो से विधायक जसबीर देशवाल, राज्य कृषि विपणन बोर्ड की अध्यक्ष कृष्णा गहलावत, हरियाणा किसान आयोग के चेयरमैन डॉ. रमेश यादव, सदस्य डॉ. राजेंद्र बाल्याण,  डॉ. श्याम भास्कर, भाजपा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम कादियान, भाजपा के जिला प्रभारी वीर कुमार यादव, डॉ. संजीव मड़िया, मास्टर रणबीर गुलिया, जेपी धनखड़ भी मंच पर मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed