{"_id":"631c3dd69b9f4b964179159446064296","slug":"bank-heist-attempt-to-break-strong-room-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बैंक में सेंधमारी, स्ट्रॉन्ग रूम तोड़ने का प्रयास ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बैंक में सेंधमारी, स्ट्रॉन्ग रूम तोड़ने का प्रयास
ब्यूरो/अमर उजाला बहादुरगढ़
Updated Wed, 22 Jul 2015 01:30 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में पंजाब नेशनल बैंक की रेलवे रोड स्थित मुख्य शाखा में बीती रात चार हथियारबंद युवकों ने सेंधमारी की। उन्होंने बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकरों को निशाना बनाने की कोशिश की।
विज्ञापन
बेखौफ होकर बैंक के अंदर घुसे युवकों ने करीब डेढ़ घंटे तक बैंक के हर हिस्सों को खंगाला, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। कंप्यूटर उन्होंने नहीं छेड़े, जिससे लगता है कि वे सिर्फ नकदी और लॉकरों से कीमती सामान चुराने आए थे। चोरों की सारी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन
बैंक के साथ खाली प्लॉट में उगी हैं झाड़ियां
पीएनबी की रेलवे रोड स्थित मुख्य शाखा में हर रोज करोड़ों का लेन-देन होता है। बैंक के पीछे खाली पड़ी जगह में झाड़ियां उगी हैं। चार शातिर युवक एक दीवार फांदकर खाली प्लॉट में घुसे।
विज्ञापन
उन्होंने अंधेरे में झाड़ियों में छिपकर मिट्टी से चिनी गई बैंक की दीवार को तोड़ा और अंदर घुस गए। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि अंदर घुसते ही चारों युवकों ने बैंक की अल्मारियां और दराजों समेत सारे सामान को खंगालना शुरू कर दिया।
इसके बाद दो युवकों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधना शुरू कर दिया, लेकिन जल्दबाजी में कपड़ा कई बार चेहरे से हटा तो उनका चेहरा डिजिटल कैमरों में कैद हो गया।
इसके बाद उन्होंने लॉकर रूम को निशाना बनाने के लिए उसकी दीवार में सेंध लगानी शुरू कर दी, लेकिन ये सीमेंट-कंक्रीट से बनी ये दीवार बहुत मजबूत थी। इसलिए युवक काफी देर तक सफल नहीं हो पाए तो दीवार तोड़कर खुद बनाए रास्ते से निकलकर फरार हो गए।
सोमवार सुबह आकर दफ्तरी ने शाखा खोल माजरा देखा तो अपने अधिकारी बुलाए। बैंक अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। डीएसपी कप्तान सिंह, थाना शहर प्रभारी जितेंद्र कुमार और पीसीआर की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे बैंक की जांच-पड़ताल की।
कई घंटे तक किसी भी व्यक्ति को न तो बैंक से बाहर और न अंदर जाने दिया। प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद ही ग्राहकों के लिए बैंक का दरवाजा खोला गया। दोपहर साढ़े बारह बजे के बाद ही बैंक में कामकाज शुरू हो पाया।
अंदर छलकाए जाम
दीवार तोड़कर बैंक में घुसे चोरों ने बैंक की कैंटीन में रखे नए गिलास निकालकर वहीं अपना शौक पूरा करने के लिए जाम भी छलकाए। उन्होंने आधी बोतल शराब ही पी। बैंक की रसोई में चोरों की बची हुई शराब और गिलास मिले हैं। फिंगर प्रिंट लेने के लिए पुलिस ने यह सामान कब्जे में ले लिया है।
घुमा दी कैमरों की दिशा
बैंक के अंदर घुसे युवक काफी शातिर थे। उन्होंने बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के मुंह दीवार की तरफ मोड़ दिए। बैंक के मुख्य गेट पर लगे कैमरे का मुंह नहीं मुड़ा तो उसे तोड़ दिया, लेकिन उनकी सारी हरकत बैंक के अंदर लगे कुछ हिडन कैमरों में कैद हो गई। इसमें दो युवकों के चेहरे तो साफ दिख रहे हैं। एक के हाथ में लगभग एक फुट लंबी देशी पिस्तौल है।
साढ़े ग्यारह बजे घुसे चोर
बैंक में रात के समय सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि चोर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कैमरों को तोड़ने और स्ट्रॉन्ग रूम में दो तरफ से सेंध लगाने की कोशिश। गेट को खोलने का प्रयास और फिर जाम छलकाने तक करीब घंटे से ज्यादा समय अंदर ही बिताया। कुछ हाथ नहीं लगा तो वे जहां से घुसे थे, वहीं से फरार हो गए।
चिंतित रहे ग्राहक
चोरों ने बैंक से मोटा माल ले जाने की कोशिश तो की, लेकिन वे बैंक में बड़ा नुकसान नहीं कर पाए। कई घंटे बाद भी जब तक नुकसान होने की तसल्ली नहीं हुई तब तक ग्राहकों को चिंता सताती रही।
बाहर खड़े एक ग्राहक ने कहा कि बैंक में उसके लॉकर में काफी कीमती सामान रखा है। शुक्र है भगवान का कि नुकसान नहीं हुआ। अन्यथा नुकसान हो जाता तो भरपाई होना मुश्किल हो जाता।
सोमवार रात करीब 8 बजे बैंक को सुरक्षित बंद किया गया था। मंगलवार की सुबह जब दफ्तरी ने बैंक को खोला तो देखा कि कुछ सामान बिखरा हुआ है और बैंक की दीवार भी तोड़ रखी है। लाकर रूम को भी तोड़ने का प्रयास हुआ है। बैंक कर्मचारी नवीन कुमार की सूचना पर मैं बैंक पहुंचा और जांच शुरू की। -शिव कुमार शर्मा, एजीएम, पीएनबी बहादुरगढ़।
पुलिस ने इस मामले में कई बिंदुओं को लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्तों की पहचान के अलावा बैंकों में हुई ऐसी घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों की हिस्ट्री शीट निकाली जा रही है। ऐसे मामलों से संबंधित अपराधियों की गतिविधियों का पता किया जा रहा है। बदमाशों को जल्द पकड़ेंगे। -कप्तान सिंह, डीएसपी बहादुरगढ़