चरखी दादरी। एसडीएम सतबीर सिंह कुंडू की अध्यक्षता में वीरवार को उनके कार्यालय में सरल पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निवारण को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम ने विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की शिकायतों का निवारण राइट-टू-सर्विस एक्ट के तहत समयबद्ध ढंग से करें।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी देरी से मिलना चाहिए। एसडीएम कुंडू ने राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, नगर परिषद, बिजली निगम, जिला रेडक्रॉस आदि विभागों के अधिकारियों के साथ उनसे संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री के सुशासन सहयोगी विपिन बिहारी दुबे ने पोर्टल की विस्तार से जानकारी दी। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए उनके पास कार्यालयों में सेवाओं व शिकायतों को लेकर आने वाले नागरिकों को सरल पोर्टल के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि अंत्योदय सरल केंद्रों पर 485 सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन सरल पोर्टल को चैक करें और नागरिकों की शिकायतों का तय समयानुसार निवारण करें। इस दौरान तहसीलदार कमल सिंह यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी अमित लांबा, जिला कल्याण अधिकारी दीपिका सारसर, नगर परिषद सचिव राजेश वर्मा व रेडक्रॉस सचिव अश्विनी मिश्रा आदि मौजूद थे।