बहादुरगढ़। दिल्ली से सटे झज्जर जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। यहां पर हर रोज कभी संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़ रही है तो कभी स्वस्थ होने वालों की। मंगलवार को जिले में 10 नए कोरोना के केस मिले हैं तो वहीं 6 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं।
सीएमओ डॉ. संजय दहिया के अनुसार अब तक पूरे झज्जर जिले में कोविड-19 के 1011 केस पॉजिटिव केस निकल चुके हैं। इनमें 909 मरीज डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि 14 की मौत भी हो चुकी है। मंगलवार तक यहां पर कुल 88 एक्टिव केस रह गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों से 5 को होम आइसोलेट किया गया है। वहीं 5 को कोविड-19 के लिए बनाए गए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इन संक्रमितों में से 6 लोग बहादुरगढ़ क्षेत्र के, एक बेरी क्षेत्र से, एक झज्जर और एक बादली क्षेत्र से है। सेक्टर-6 बहादुरगढ़ से एक ही घर से एक 35 वर्षीय युवक, एक 61 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। दयानंद नगर की गली नंबर 2 से 29 वर्षीय युवक को एसडीएच बहादुरगढ़ में भर्ती करवाया गया है। सैनिक नगर की गली नंबर 10 में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को आर्टीमिस अस्पताल गुरुग्राम में, अग्रवाल कॉलोनी की एमसी आफिस वाली गली के 52 वर्षीय व्यापारी, इसी परिवार के 21 वर्षीय युवक को भी एसडीएच बहादुरगढ़ में दाखिल किया गया है। बादली के गांव पाहसौर के 22 वर्षीय फैक्टरी वर्कर को सामान्य अस्पताल झज्जर में आइसोलेट किया गया है।