फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hooda attacks on opposition

हजकां-भाजपा का ठगबंधन है : हुड्डा

Sun, 10 Nov 2013 11:15 PM IST
गोहाना/ब्यूरो
गोहाना/ब्यूरो Updated Sun, 10 Nov 2013 11:15 PM IST
विज्ञापन
Hooda attacks on opposition
कांग्रेस की शक्ति रैली में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित सीएम भूपेंद्र
विज्ञापन
सिंह हुड्डा ने पार्टी में मौजूद अपने विरोधियों और विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमले बोले।

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल कुरुक्षेत्र में इनेलो के समारोह में मेरे और कांग्रेस के खिलाफ महा गठबंधन बनाने का आह्वान करके गए हैं।

अगर हरियाणा के मुख्यमंत्री का फैसला बादल करेंगे तो यहां की जनता क्या करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पानी का मामला बादल ने रोका और ओमप्रकाश चौटाला उनके साथ मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-हजकां का गठबंधन वास्तव में ठगबंधन है। मेरा गठबंधन सीधा जनता से है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, मैंने राजनीति के मायने बदले हैं। मैंने बदले की भावना से काम नहीं किया। मैंने रैलियों से थैली गायब कर दी। इनेलो-भाजपा राज में कोई रेल लाइन नहीं बनी, मैंने छह बनवाई। गन्ने का भाव उन्होंने सात रुपये बढ़ाया था, मैंने 181 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया। हर साल पांच कॉलेज खोले जा रहे हैं। अभी पांच और खोलने हैं।

‘प्रतिद्वंद्वी’ भड़ाना ने भी बांधे तारीफ के पुल
मुख्यमंत्री पद पर शनिवार को दावा जताने वाले फरीदाबाद के सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने रविवार को शक्ति रैली में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जमकर तारीफ की। सांसद श्रुति चौधरी और उनकी मां व मंत्री किरण चौधरी ने भी पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की तारीफ करने के बाद मुख्यमंत्री की शान में कसीदे पढ़े। भड़ाना, श्रुति और किरण ने तीसरी दफा हुड्डा के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा की। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि उन्होंने हेलीकाप्टर से देखा है कि इतनी बड़ी रैली कभी नहीं हुई। वे ईमानदारी से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी व पीएम मनमोहन सिंह को यहां की जानकारी देंगे। वहीं, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने भी कांग्रेस की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया।

‘हुड्डा ही बनेंगे तीसरी बार सीएम’
रैली में कांग्रेस आलाकमान की ओर से केवल प्रदेश प्रभारी शकील अहमद ही मौजूद रहे। रैली में सीएम हुुड्डा ही हीरो रहे। जहां सभी नेताओं ने हुड्डा को ही तीसरी बार कमान सौंपने की वकालत की वहीं, खुद हुड्डा ने भी तीसरी बार बागड़ोर संभालने के संकेत दिए।

सीएम गोहाना से लड़ सकते हैं चुनाव
मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने मंच से कहा कि मैं गोहाना का और गोहाना मेरा, अगर गोहानावासी चाहेंगे कि वे खुद यहां से चुनाव लड़ें तो वे लडे़ंगे।
 
जनता से 2005 में भगाया था गुंडों को : दीपेंद्र
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने इनेलो, भाजपा और हजकां पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि इनेलो नेताओं ने कहा कि आगामी चुनाव में गुंडों को भगाना है जबकि वास्तविकता यह है कि हरियाणा की जनता ने 2005 में गुंडों को भगा दिया था। हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई भ्रष्टाचार खत्म करने की बात करते हैं जबकि सब जानते हैं कि भ्रष्टाचार का जनक कौन था। भाजपा को सभी विपक्षियों की मौसी बताते हुए दीपेंद्र ने कहा कि कभी गठबंधन कर लेती है तो कभी तोड़ देती है।

देश के रिकार्ड तोड़े, चीन के तोड़ना बाकी : मंच संचालन करते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि रैली में 14 लाख लोग पहुंचे थे। रैली ने अपने देश के रिकार्ड तोड़ दिए हैं अब सिर्फ चीन का 22 लाख लोगों का रिकार्ड तोड़ना बाकी है। उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इतिहास में 10 नवंबर का दिन दर्ज रहेगा। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रैली में पहुंची भीड़ ने साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री 36 बिरादरी के नेता हैं।

बिजली बह रही पानी की तरह : सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से हरियाणा में बिजली इतनी ज्यादा है कि पानी की तरह बह रही है। इस रैली में 12 लाख लोग पहुंचे हैं। कैबिनेट मंत्री सावित्री जिंदल ने अग्रोहा संस्थान को ग्रांट देने, रेल लाइन देने, नेशनल हाईवे फोर लेन बनवाने, हिसार जिले में विकास कार्य करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
 
फतेहाबाद में करें बिजली रैली : सांसद अशोक तंवर ने कहा कि गोहाना जैसी रैली फतेहाबाद में भी बिजली रैली के नाम पर की जाए क्योंकि फतेहाबाद में 28 हजार करोड़ रुपये की लागत से परमाणु बिजली संयंत्र लगेगा। शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सब 10 सीटें जीतेगी और हरियाणा में तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूर्व मंत्री विनोद शर्मा और सांसद डॉ. रामप्रकाश ने भी सीएम की तारीफों के पुल बांधे।
 

रैली की झलकियां
- गोहाना के कई मुख्य रास्तों पर रात तक जाम लगा रहा
- पत्रकारों को हेलीकाप्टर के जरिये रैली में आई हुई भीड़ दिखाई गई
- शनिवार रात से ही लोग गोहाना आ रहे थे, सुबह नौ बजे रैली स्थल पर भीड़ जुटने लगी
- रैली में महिलाएं काफी संख्या में पहुंचीं। गीतों पर महिलाओं ने नाच भी किया
- गुलाबी रंग की पगड़ियों, टोपियों और चुनरियों से रैलीस्थल गुलाबी नजर आया
- जब मुख्यमंत्री ने वृद्धावस्था व अन्य लाभार्थियाें के लिए पेंशन बढ़ाने की घोषणा की तो महिलाएं व वृद्ध पंडाल में झूमते दिखाई दिए
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed