मंडी आदमपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश उर्फ जेपी ने मंगलवार को आदमपुर हलके के गांव खासा महाजन, आदमपुर गांव, मंडी आदमपुर, सदलपुर, जवाहर नगर सहित अनेक गांवों में उपचुनाव में प्राप्त करीब 52 हजार मतों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। धन्यवादी सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने कहा उपचुनाव में सारी बीजेपी, जेजेपी, इनेलो, आप पार्टी वाले सब मिलकर एक स्वर में कहते थे जेपी नहीं आएगा। लोग देख रहे हैं जेपी लगातार जनता के बीच में है। जेपी ने कहा कि आदमपुर से जीतने वाले बीजेपी के विधायक व कुलदीप बिश्नोई से पूछो इतने महीनों से सरकार में शामिल होकर क्या काम करवाए हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर में रबड़ की सड़क बनाने वाले आज कहां है, आदमपुर की सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, नलों में दूषित पेयजल आ रहा है और आदमपुर मंडी व जवाहर नगर के लोग धरने पर हैं। घोषणा के बाद भी किसानों की सरसों एमएसपी पर नहीं बिक रही है। आदमपुर से विधायक परिवार गायब है और जनता की सुध नहीं ले रहे है। इस मौके पर प्रदीप बैनीवाल, सोमबीर लांबा, संदीप ज्याणी, रविन्द्र जांगू, संजय ज्याणी, हंसराज जाजूदा, मनदीप बिस्सू, कृष्ण शाहरण, बाबूलाल शर्मा, प्रदीप कुलडिय़ा, मनोजपाल, देवीवाल कस्वां, ईश्वर मोर, जागर सुथार, सूखा शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।