हिसार। गांव बाड्या ब्राह्मण के ग्रामीणों ने गांव में संचालित शराब ठेका हटाने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बैठक कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के स्कूल में बूरा, बाड्या जाटान, हरीता, बाड्या ब्राह्मण, डाया, हरिता और बूरा दुबेटा सहित आसपास के गांवों की लड़कियां पढ़ने आती हैं। ऐसे में स्कूल के पास शराब ठेका होने से लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में मंगाली, पुलिस चौकी और आजादनगर थाना पुलिस को भी शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते अब ग्रामीणों ने पुलिस महानिरीक्षक, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है। बैठक में सरपंच राजबीर, पूर्व सरपंच विजय कुमार, संजय नंबरदार, समाजसेवी स्वर्ण वर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।