दिवाली पर आगजनी की कई घटनाएं: अंबाला में 19 व पानीपत में 23 स्थानों पर लगी आग, लोगों का करोड़ों का माल हुआ राख
हरियाणा में पटाखों के कारण कई दुकानों और घरों में आग लग गई, जिससे हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड को कई जगहों पर आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, लोगों ने देर रात तक पटाखे फोड़े, जिससे ध्वनि और वायु प्रदूषण में इजाफा हुआ।
विस्तार
दिवाली के त्योहार पर हरियाणा के विभिन्न जिलों में आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। हालांकि, इन घटनाओं में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति के नुकसान ने कई व्यापारियों और घर मालिकों को आर्थिक झटका दिया।
पानीपत में अटैची सूटकेस के गोदाम में आग
पानीपत के संविधान चौक स्थित इंसार बाजार में एक अटैची सूटकेस के गोदाम में शुक्रवार सुबह आग लग गई, जिसमें गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने समय रहते पहुंचकर आग पर 20 मिनट में काबू पा लिया, जिससे आग के फैलने से रोका जा सका। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सोनीपत में चलती गाड़ी बनी आग का गोला
सोनीपत के सेक्टर 17 स्थित ओमेक्स सिटी में एक चलती हुई डस्टर गाड़ी अचानक आग की चपेट में आ गई। गाड़ी में आग लगने के तुरंत बाद ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पानीपत में हारमोनियम फैक्ट्री में आग
पटेल नगर के एक मकान में हारमोनियम बनाने की फैक्ट्री में दिवाली की रात अचानक आग लग गई। मकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हिसार में शोरूम की छत पर लगी आग
हिसार के मोहल्ला सैनियान स्थित श्याम इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की छत पर भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
दिवाली की रात क्रॉकरी की दुकान व पार्किंग में खड़े एक ऑटो सहित चार कारें जली
दिवाली के दिन वीरवार को पटाखों तो कहीं शार्ट सर्केट के चलते अंबाला में करीब 19 जगह आग लगी। भीषण आग अंबाला सिटी के सेना नगर स्थित एक क्रॉकरी की चार मंजिला दुकान व सिटी के पुराना सिविल अस्पताल के पास एक मंदिर में बनाई गई पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी।
पार्किंग में देखते ही देखते एक ऑटो सहित चार कारें धूं-धूं कर जल उठी। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काबू किया। वहीं क्रॉकरी की दुकान में लगी आग को कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। करीब 15 कर्मचारी और 5 गाड़ियां की मदद ली गई। उधर, उगाला गांव में भी घर में खड़ी ब्रेजा कार में आग लग गई थी व अगला हिस्सा जल गया था।
अंबाला कैंट में 10 जगह आग लगी और इसमें ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। निकलसन रोड के पास बिजली की तारों व खुड्डा गांव के पास सड़क किनारे सरकंडों व बब्याल में खाली प्लाट की झाड़ियों व कैंट एसडीएम कार्यालय के पास खाली प्लाट की झाड़ियों व रानी बाग में दो दुकानों की छत पर रखे सामान व खोजकीपुर के पास झाड़ियों आग लगी।
हिसार में मकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख
हिसार के मॉडल टाउन एक्सटेंशन में शुक्रवार सुबह एक घर में आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। यह घटना सेक्टर 9 और 11 के पास स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर हुई, जहां धुआं उठने पर पड़ोसियों ने मकान मालकिन ऊषा देवी को सूचना दी। ऊषा देवी उस समय डाबड़ा चौक के पास एक निजी अस्पताल में ड्यूटी पर थीं।
दमकल विभाग को सूचना मिलने पर तुरंत एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कमरे में रखा बेड, अलमारी, कपड़े और अन्य कीमती सामान पूरी तरह से जल चुका था। आग लगने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
ऊषा देवी ने बताया कि दिवाली की रात उन्होंने पूजा करने के बाद माता लक्ष्मी की ज्योत जलाई थी और ड्यूटी पर चली गई थीं। घर पर उस समय कोई नहीं था। अग्निकांड की वजह से पूरा कमरा जलकर राख हो गया।
शहर में दिवाली की रात को आगजनी की छह से सात घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें यह एक प्रमुख घटना है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
कहीं जली फसल और खेतों में पराली तो कहीं जला फैक्टरी और गोदाम में रखा सामान
पानीपत में अलग अलग 23 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। जहां दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का काम किया है। हालांकि कुछ ऐसी जगहों पर भी आग लगी जहां कम आग लगने पर लोगों ने दमकल को सूचना देने की बजाए खुद ही आग पर काबू पा लिया हो। गनीमत रही कि किसी भी घटना में किसी को जान की हानि नहीं हुई।
हालांकि कहीं किसान के खेतों और पराली में आग लगी तो कहीं फैक्टरी और गोदाम में आग लगने से लोगों का करोड़ों रुपये का नुकसान जरूर हुआ है। दिवाली पर ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग ने पहले से पूरी टीम के 114 कर्मचारियों को तैनात किया था। इनमें से हर 12 घंटे 57 कर्मचारी तैनात थे।
जिले में दमकल ने चारों दिशाओं में आसानी से आने जाने के लिए 14 केंद्र बनाए थे। इन केंद्रों पर 13 बड़ी फायर टेंडर गाड़ी और मशीनें, दो छोटी फायर टेंडर और दो बाइक भी बेड़े में शामिल की थी। ज्यादातार आग की घटनाएं वीरवार शाम सात बजे से लेकर रात एक बजे तक सामने आई हैं। हालांकि शुक्रवार अलसुबह की भी कुछ जगहों पर आगजनी हुई है। दमकल केंद्र अधिकारियों का मानना है कि दिवाली पर आग लगने की ज्यादातर घटना पटाखों और विशेष तौर पर रॉकेट से होती हैं। इन पर पूर्ण से प्रतिबंध होना चाहिए और लोगों को भी इसके लिए जागरूक होना चाहिए।
दिवाली की रात यहां यहां लगी आग
1. इसराना में पलड़ी रोड पर किसान बलराज के गन्ने के खेत में शाम करीब 3:20 पर आग लगी। दमकल ने करीब 3:50 तक बुझाया।
2. सेक्टर 12 में जिम खाना क्लब के पास कबाड़ के ढेर में शाम 8-17 पर आग लगी। दमकल ने इसे नौ बजे तक बुझा दिया।
3. करहंस पुल के ऊपर डिकाडला गांव निवासी सुतिम की ओला कंपनी की स्कूटी में शाम 3.40 लगी आग। दमकल ने 4.20 तक पाया काबू।
4. आटा गांव में किसान भीम सिंह की पराली में शाम 6.40 पर लगी आग। दमकल ने 7.50 पर पाया काबू।
5. जोरासी रोड पर चरक फैक्टरी के सामने घास-फूंस और कबाड़ में शाम करीब 7.30 पर लगी आग। दमकल ने करीब आठ बजे तक बुझाई।
6. काबड़ी रोड स्थित कृष्णा टैक्सटाइल में 7:50 लगी आग। दमकल ने करीब 8 बजे तक बुझाया।
7. जाटल रोड पर बालाजी धर्मकांटा के पास मनसा इंटरप्राईजेज में रात करीब 9:30 बजे लगी आग। दमकल ने करीब 12:00 तक बुझा दिया।
8. संजय कॉलोनी में एक हार्डवेयर की दुकान में 9: 40 पर लगी आग। दमकल ने करीब 11:30 बुझाया।
9. तहसील कैंप स्थित पटेल नगर में अंकुर गांधी के मकान में 10:30 पर लगी आग। दमकल ने 1:30 पर बुझाया।
10. श्रीराम चौक की गली नंबर एक में कोपिंद्र के गोदाम में रात करीब साढ़े 12 बजे लगी आग। दमकल ने करीब तीन बजे तक बुझा दिया।
11. देशराज कॉलोनी में एसपी हैंडलूम में करीब 8:40 पर लगी आग। दमकल ने करीब नौ बजे पाया काबू।
12. किले से वीरभवन चुंगी की ओर मकान नंबर 68 में करीब 9:30 पर लगी आग। दमकल ने 10.20 पर पाया काबू।
13. गोहाना रोड शुगर मिल के सामने भगवती पेंट स्टोर में करीब 9.30 पर लगी आग। दमकल ने करीब 10.20 पर बुझाई।
14. मॉडल टाउन के में शिव सोफा में करीब 10:30 बजे लगी आग। दमकल ने करीब 11.30 बजे बुझाई।
15. बरसत रोड पर सचदेवा गार्डन के पीछे कबाड़ में करीब 11:30 पर लगी आग। दमकल ने करीब एक बजे पाया काबू।
16. इंसार बाजार में वाल्मीकि मोहल्ले में सतीश और विजय के अटैची हाउस में सुबह 6:20 लगी आग। करीब 7.30 पर पाया काबू।
17. शिमला गुजरान गांव में ईंख के खेतों में 5:46 पर आग लगी, दमकल ने इसे 7:30 पर बुझा दिया।
18. पसीना कलां स्थित डिलाइट इंटरनेशनल में 9 बजे आग लगी, इसे करीब साढ़े नौ बुझा दिया।
19. पुरानी सब्जी मंडी स्थित दुकान नंबर 209 में शुक्रवार सुबह करीब 7:15 पर लगी आग। दमकल ने करीब 7:30 तक बुझाया।
20. दीवाना गांव में राजेश की पराली में रात 11:15 पर लगी आग। करीब 12.50 पर पाया काबू।
21. समालखा में आईटीआई चौक के पास कबाड़ी के गोदाम में अलसुबह 1:15 पर लगी आग। ढाई बजे तक पाया काबू।
22. खादी कॉलोनी में डिप्टी मेयर के कार्यालय के बाहर लगी आग।
23. जाटल रोड पर बालाजी धर्मकांटा के पास कृष्णा फैक्टरी में शाम 7:50 पर लगी आग। 8:20 तक पाया काबू।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.