व्यापारी पहुंचे निगम, बोले - नशे में रहते हैं कारिंदे, करते अवैध वसूली
न्यू राजगुरु मार्केट पार्किंग का विवाद फिर खड़ा हो गया। व्यापारियों ने ठेकेदार व उसके कारिंदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बाजार बंद करने की चेतावनी दी है। मामले को लेकर व्यापारी न्यू राजगुरु मार्केट प्रधान राजेंद्र चुटानी की अध्यक्षता में न्यू राजगुरु मार्केट व बिश्नोई मंदिर मार्केट, आर्य समाज मार्केट, हनुमान मंदिर मार्केट के व्यापारी निगम कमिश्नर अशोक बंसल से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि साहब पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली चल रही है। हर रोज कारिंदे उनके कस्टमर के साथ झगड़ा करते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं। जो भी कारिंदे पार्किंग ड्यूटी करते हैं उनमें अधिकतर नशेड़ी हैं। पिछले दो दिनों से शुक्रवार व शनिवार को लगातार झगड़े हुए हैं। व्यापारियों में पार्किंग के लेकर रोष है और वे सोमवार को भी दुकानें बंद करने के लिए उतारू हो गए।
यह है विवाद का कारण
प्रधान राजेंद्र चुटानी ने बताया कि विवाद अक्सर टू व्हीलर व्हीकल को लेकर हो रहा है पिछले कुछ दिनों से कारिंदे टू व्हीलर व्हीकल वालों के साथ बदतमीजी से पेश आ रहे हैं। शनिवार की बात है एक कस्टमर आया उसने अपना वाहन बंद भी नहीं किया था उसने चालू व्हीकल पर ही दुकानदार को आवाज लगाकर कुछ पूछा। इतनी ही देर में कारिंदे ने बदतमीजी कर उसके वाहन की चाबी निकाल ली। इसको लेकर वहां झगड़ा हो गया। मामला किसी तरह सुलझाया। इसके अलावा इनके पास न वर्दी है और न ही वाहनों को खड़ा करने की ठीक व्यवस्था की जाती है।
ये रहे मौजूद
न्यू राजगुरु मार्केट व बिश्नोई मार्केट के वरिष्ठ उप प्रधान पिंकी रहेजा, सचिव राजकुमार नागपाल, गुलशन कुमार, मनोज कुमार, राजेश चोपड़ा, अशोक तायल, अंकुर गोयल, विजय नागपाल, राकेश अग्रवाल, रमेश कुमार और आर्य समाज मार्केट एसोसिएशन के पूर्व प्रधान गिरधर गोपाल सहित अनेक दुकानदार उपस्थित थे।
जिम्मेवारी जो होनी चाहिए वो निगम प्रशासन उठा नहीं रहा। प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। न ही अतिक्रमण हटा रहा है। अब निगम को स्थायी कमिश्नर मिल गए हैं जो काम उन्होंने एसडीएम होते हुए किए उसी अंदाज में एक बार फिर से स्थायी रूप से यहां अतिक्रमण हटवाएं।
- राजेश जैन, प्रधान राजगुरु मार्केट
कमिश्नर साहब ने दस दिन के अंदर अंदर व्यवस्था सुधारने की बात कही है। हम दस दिन तक शांत है इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी तो हम बाजार बंद कर देंगे और निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे। हमारी मांग है कि टू व्हीलर फ्री किए जाएं और फोर व्हीलर वाहनों के चाहे ठेकेदार डबल पार्किंग फीस वसूल ले।
- राजेंद्र चुटानी, प्रधान न्यू राजगुरु मार्केट
व्यापारी मिलने के लिए आए थे। उनका जो विवाद है उसके बारे में अभी दूसरे पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी। समस्या का समाधान निकाला जाएगा। व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
- अशोक बंसल, कमिश्नर नगर निगम