Haryana: करनाल में भाजपा अध्यक्ष के काफिले के पास बड़ा हादसा, चार गाड़ियां टकराईं; बुजुर्ग दंपती घायल
हादसे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मेरे काफिले की किसी गाड़ी के साथ कोई हादसा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि हादसा उनके काफिले के पीछे हुआ और उनकी गाड़ी पहले ही आगे निकल चुकी थी।
विस्तार
हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर कर्ण लेक के समीप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के काफिले के पास बड़ा हादसा हुआ। काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी सहित कुल चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में एक बुजुर्ग दंपति घायल हो गए, जबकि उनकी ग्रैंड विटारा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का काफिला जीटी रोड से कर्ण लेक के पास लेफ्ट टर्न ले रहा था। काफिले की आगे की गाड़ियां तो निकल गईं, लेकिन पीछे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रही पुलिस की गाड़ी एस्कॉर्ट गाड़ी से टकरा गई।
पुलिस गाड़ी की टक्कर देख पीछे चल रहे बुजुर्ग ने भी अपनी कार के ब्रेक लगाए, जिससे वह आगे की कार से टकराने से बच गए। लेकिन तभी पीछे से आ रहे एक आर्मी ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कार में सवार बुजुर्ग और उनकी पत्नी को चोटें आईं। बुजुर्ग के पैर और कंधे पर चोट लगी है, वहीं उनकी पत्नी को भी झटके से चोटें आईं।
प्रदेश अध्यक्ष ने दी सफाई
हादसे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मेरे काफिले की किसी गाड़ी के साथ कोई हादसा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि हादसा उनके काफिले के पीछे हुआ और उनकी गाड़ी पहले ही आगे निकल चुकी थी।
पुलिस का बयान
सदर थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि हाईवे पर हादसा हुआ है जिसमें चार गाड़ियां टकराई हैं। इसमें एक पुलिस की गाड़ी, एक फौज की गाड़ी और एक अन्य कार शामिल है। हादसा किसकी गलती से हुआ है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
फिलहाल स्थिति सामान्य
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और हाईवे पर यातायात को सुचारू कराया। घायल बुजुर्ग दंपति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।