हिसार में किसान आंदोलनरत: किसानों के सब्र का टूटा बांध, मुआवजे की मांग के लिए स्टेट हाईवे के बीच गाड़ा टेंट
किसानों का दावा है कि 90 किसानों ने गिरफ्तारी दी है। वहीं एसडीएम बोले कि किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मुआवजे की मांग को लेकर किसान पिछले आठ दिन से आंदोलनरत हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फसल मुआवजे की मांग को लेकर पिछले आठ दिन से आंदोलनरत किसानों का सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार को किसानों ने हिसार-भादरा स्टेट हाईवे के बीच टेंट गाड़ कर धरना दिया। दोपहर बाद तीन बजे 90 किसानों ने गिरफ्तारी देने का दावा किया है। वहीं, एसडीएम ने किसी भी किसान के गिरफ्तारी करने से इनकार किया है। रात करीब 9.30 बजे तक किसानों को पुलिस ने रोके रखा। किसान बालसमंद तथा आदमपुर तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए फसल मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे।
वर्ष 2021 में कपास की फसल को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर बालसमंद क्षेत्र के किसान 11 मई से धरने पर बैठे थे। गुरुवार को महापंचायत बुलाई गई थी। किसानों ने हिसार भादरा रोड पर टेंट लगाकर पंचायत की। किसानों ने प्रदर्शन करते हुए हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने एलान किया कि अधिकारी मौके पर आकर मुआवजे का एलान करें। दोपहर 2.30 बजे तक अधिकारी नहीं आएंगे तो तीन बजे किसान गिरफ्तारी देंगे। अध्यक्षता पूर्व सरपंच जगदीश बालसमंद और बीरबल सुंडावास ने की। किसी अधिकारियों के नहीं आने पर दोपहर करीब तीन बजे किसानों ने अपनी गिरफ्तारी देने का दावा किया है।
किसानों ने डीएसपी नारायण चंद , सदर थाना इंचार्ज मनदीप सिंह के समक्ष पेश हुए। किसानों को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए किसानों को तीन बसों में भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। किसानों ने कहा कि या तो अधिकारियों को मौके पर बुलाया जाए अन्यथा हम गिरफ्तारी देकर जाएंगे।
इस मौके पर किसान नेता रवि आजाद, भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग सिंह हुड्डा, पगड़ी संभाल जट्टा से मनदीप, मास्टर सतबीर गढ़वाल, अनिल गोरछी, संदीप धीरणवास, सुरेंद्र आर्य, सोमबीर, सरदानंद राजली सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
मैं किसानों से मिलने गया था। उनकी समस्या सुनना चाहता था। किसान अपनी शिकायत बताने की बजाय नारेबाजी करने लगे। प्रशासन ने किसानों को गिरफ्तार नहीं किया है। किसान खुद ही नहीं जाना चाहते। -अश्ववीर नैन, एसडीएम, हिसार
बाडोपट्टी टोल पर फूंका पुतला
बालसमंद तहसील में हिरासत में लिए गए किसानों के समर्थन में बाडोपट्टी टोल कमेटी के सदस्यों ने बाडोपट्टी टोल पर बीजेपी सरकार का पुतला फूंका।
पूर्व सीएम ने किया ट्वीट
पूर्व सीएम ओपी चौटाला ने किसानों की गिरफ्तारी पर टीवट् कर विरोध जताया है। इसे किसानों पर अत्याचार बताते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने की मांग की है। किसानों को रिहा न करने पर पार्टी की ओर से उनके साथ खड़ा होने का एलान किया है।