बास। अगर मन में सच्ची लगन और पक्का इरादा हो तो मंजिल तक पहुंचने में देर नहीं लगती। ऐसा ही गांव बास की किसान की बेटी प्रीति ने करके दिखाया है। उन्होंने मन में पक्का इरादा लेकर यह सोचा था कि वह पुलिस में अधिकारी बनकर देश की सेवा करेगी। उसका सपना पूरा हुआ। उनका हाल ही में हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर की पोस्ट पर चयन हुआ है। उन्होंने पूरे प्रदेश में टॉप टेन में शामिल होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव बास खुर्द निवासी 23 वर्षीय प्रीति शर्मा ने घर पर रहकर की कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से अंग्रेजी व इकनॉमिक्स में एमए तक की पढ़ाई की है और वह कोरोना काल में पिछले दो सालों से घर पर ही रह कर पुलिस में नौकरी के लिए तैयारी करने में जुटी हुई थी। इस दौरान वह कोचिंग के लिए कहीं बाहर भी नहीं जा पाई तो उन्होंने ऑनलाइन ही पढ़ाई करके अपनी मंजिल तय की।
12वीं के बाद ही प्रीति की शादी जींद निवासी पवन कुमार के साथ हो गई थी और प्रीति को एक पांच साल का बेटा युग है। लेकिन प्रीति ने अपने सपने को कभी भी धूमिल नहीं होने दिया। उन्होंने लगातार प्रयास किया और घर पर रहकर ही तैयारी करके हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के लिए परीक्षा दी। जिसमें वह पास हो गई और उसके बाद फिजिकल में भी पूरी मेहनत के साथ टेस्ट दिया और उनका चयन हो गया। ग्रामीण पूर्व सरपंच रोशन लाल शर्मा, बलवंत सिंह पूर्व चेयरमैन, शमशेर सिंह नंबरदार, जितेंद्र मोर ने बताया कि गांव की बेटी ने गांव का मान सम्मान को बढ़ाया है और उनकी मेहनत से ही वह इस पद तक पहुंची है। इससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है और बेटी का गांव में स्वागत किया है।