हिसार। नागरिक अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए दिव्यांगजनों व उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच-पांच घंटे लाइन में लगने के बाद भी उनका नंबर नहीं आता है। कभी साइट बंद हो जाती है तो कभी इंटरनेट की समस्या रहती है। अस्पताल में आए दिव्यांगजनों ने बताया कि सुबह 8 बजे आकर लाइन में लगते हैं व दोपहर एक बजे तक बैठे रहते हैं। इसके बाद कर्मचारी ऑफिस बंदकर चले जाते हैं। फिर उनको एक सप्ताह बाद फिर दोबारा आना पड़ता है। दिव्यांगजनों का कहना है कि डॉक्टर साहब, हर सप्ताह चक्कर काट रहे हैं, अब तो प्रमाण पत्र बना दो। बता दें कि जिला नागरिक अस्पताल में सिर्फ बुधवार को ही सर्टिफिकेट बनाए जाते हैं।
बुधवार को अपना दिव्यंगता प्रमाण-पत्र अपडेट करवाने जेबीटी शिक्षक राहुल कुुमार, जेबीटी अध्यापिका सरस्वती, सुमन व सरोज ने बताया कि वे सुबह करीब 9 बजे अस्पताल में आए थे। दोपहर एक बजे तक उनका काम पूरा नहीं हुआ है। वे सभी पिछले बुधवार को भी आए थे। वहीं अपनी करीब 5 वर्षीय बेटी भावना को लेकर आए कोथ खुर्द के प्रदीप ने बताया कि उनकी बेटी की उंगली कटी हुई है। दिव्यांगता सर्टिफिकेट बनाने में कई समस्याएं आ रही हैं। सुबह से बैठे हैं लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है। एक शिक्षिका ने सर्टिफिकेट बनाने वाले कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि ये कर्मचारी सिफारिश लेकर आने वालों के अंदर बुलाकर कार्य कर देते हैं।