हिसार: 20 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर बरसाई थीं गोलियां, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
सुखबीर और मंजीत ने अपने परिवारजनों व दोस्तों के साथ मिलकर योजनानुसार अशोक से पैसे निकलवाने के लिए 31 मार्च को दिन के समय उसके घर जाकर 20 लाख रुपये की मांग कर जान से मारने की नीयत से फायर किए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिसार के राजली गांव के रहने वाले अशोक उर्फ शोकी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने और बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले मे स्पेशल स्टाफ टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उप पुलिस अधीक्षक कप्तान सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों राजली निवासी सुखबीर उर्फ डडू और सरसोद निवासी मंजीत उर्फ सीटू को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
पहले दोस्त थे फिर बन गए दुश्मन
उप पुलिस अधीक्षक कप्तान सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि दोनों के खिलाफ बरवाला थाना में 10 अप्रैल को हत्या के प्रयास और षडयंत्र रचने का केस दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी सुखबीर उर्फ डडू व शिकायतकर्ता अशोक कुमार पहले दोस्त थे और साथ में सट्टा खाईवाली का काम करते थे। मई 2018 में सुखबीर उर्फ डडू ने रंजिशन शराब ठेकेदार सुरेन्द्र और रामफल को जान से मारने के लिए गोलियां मारी थी। जिस कारण सुखबीर को थाना बरवाला में हत्या के प्रयास में मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। सुखबीर ने हत्या के प्रयास मामले में सुरेंद्र व रामफल के साथ 6 लाख रुपये देकर राजीनामा कर लिया और अशोक ने इस राजीनामे का पूरा खर्चा देने की हामी भरी थी और बाद में रुपये देने से मना कर दिया। बाद में पंचायती फैसले में हत्या के प्रयास मामले का कुल खर्चा 7 लाख 50 हजार रुपये बना और अशोक ने सुखबीर को 5 लाख 50 हजार रुपये देने की फिर से हां की। परंतु उसके बाद भी अशोक ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद सुखबीर अशोक से रंजिश रखने लगा।
इंदौर से लेकर आए अवैध पिस्तौल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंदौर से 4 अवैध पिस्तौल 32 बोर और 25 कारतूस एक लाख रुपये में खरीद कर लाए थे। सुखबीर और मंजीत ने अपने परिवारजनों व दोस्तों के साथ मिलकर योजनानुसार अशोक से पैसे निकलवाने के लिए 31 मार्च को दिन के समय उसके घर जाकर 20 लाख रुपये की मांग कर जान से मारने की नीयत से फायर किए थे, परंतु गोलियां अशोक को न लगकर घर के शीशे पर लगी थी। दोनों आरोपियों पर थाना बरवाला में 31 मार्च को केस दर्ज हुआ था।
दस अप्रैल की रात को आरोपियों ने दोबारा से अशोक को जान से मारने के लिए फायर किए थे। सुखबीर पर पहले भी थाना बरवाला में हत्या के प्रयास और सदर थाना कैथल में हथियार के बल पर डकैती का केस दर्ज है। मंजीत पर थाना बरवाला में लूट, हत्या और फिरौती मांगने के मामले में तीन अभियोग अंकित हैं। पुलिस टीम ने उपरोक्त आरोपियों से चार अवैध पिस्तौल 32 बोर और पांच कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उपरोक्त अभियोग में एक आरोपी सत्यवान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अभियोग में आगामी जांच जारी है।