{"_id":"5e958dbc24a63680dc24f3b85da6f5b6","slug":"shoot-in-hisar-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लघु सचिवालय परिसर में दो को मारी गोली","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लघु सचिवालय परिसर में दो को मारी गोली
अमर उजाला ब्यूरो/हिसार
Updated Thu, 27 Aug 2015 01:13 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तहसील कार्यालय में बुधवार दोपहर एफिडेविट के लिए लगी लाइन में कहासुनी के बाद एक युवक ने वकील लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर और उसके भाई को गोली मार दी।
विज्ञापन
लघु सचिवालय और कोर्ट परिसर में एक के बाद एक दो गालियों की गूंज से हड़कंप मच गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। वकील और उसके भाई को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर के बयान पर आजाद नगर निवासी सुभाष पहलवान और उसके भाई वीरेंद्र उर्फ बिल्लू पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
सेक्टर-15 निवासी वकील लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर बुधवार साढ़े 11 बजे के करीब लघु सचिवालय परिसर स्थित तहसील कार्यालय में प्रथम तल पर अपने भाइयों के साथ एफिडेविट लेने के लिए लाइन में लगा था। ये सभी जमीन का पारिवारिक खाता अलग कराने तहसील आए थे।
विज्ञापन
इसके लिए पहले से उन्होंने रजिस्ट्रेशन भी कराया था। खिड़की के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच आजाद नगर निवासी सुभाष पहलवान अपने भाई वीरेंद्र उर्फ बिल्लू के साथ वहां पहुंच गया। वे अपनी मां की पेंशन बनवाने के लिए एफिडेविट लेने आए थे।
आरोप है कि सुभाष पहलवान लाइन में लगने की बजाय सीधे खिड़की पर पहुंच गया। लाइन में लगे लोगों ने उनका विरोध किया तो कहासुनी हो गई। पहलवान ने कहा कि कोई ज्यादा न बोले, गोली मार देंगे। कहासुनी बढ़ गई तो घोलू गुर्जर और सुभाष पहलवान में विवाद हो गया। घोलू का कहना है कि सुभाष ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। एक गोली उसे बाई जांघ पर लगी, जबकि दूसरी गोली उसके भाई जयवीर को लगी। इसके बाद हमलावर वहां से एक गाड़ी में बैठकर फरार हो गए।
गाड़ी की भी निकली मिली हवा
घोलू गुर्जर और उसका भाई गोली लगने से घायल हो गए तो वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्य उनको अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी के पास ले गए। वकील की गाड़ी के पिछले दोनों पहियों की हवा निकली मिली। परिजन उनको हवा निकली गाड़ी में ही डालकर नजदीक के एक निजी अस्पताल में ले गए।
इस बीच पता चला कि वकील की गाड़ी लघु सचिवालय के नो पार्किंग जोन में खड़ी थी और वहां ठेकेदारों ने पीछे से गाड़ी की हवा निकाल दी। अफवाह उड़ गई कि पुरानी रंजिश में पूरे प्लान के साथ घोलू गुर्जर पर हमला किया गया है। बाद में वकील ने साफ किया कि उनकी कोई पुरानी रंजिश नहीं रही।
पुलिस ने लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर के बयान पर आजाद नगर निवासी सुभाष पहलवान और उसके भाई वीरेंद्र उर्फ बिल्लू पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी देवेंद्र नैन के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें काम कर रही हैं। विवाद तहसील में एफिडेविट के लगी लाइन तोड़कर आगे जाने पर हुआ। मामला पुरानी रंजिश का नहीं है। -सुरेश कुमार, प्रभारी कोर्ट कांप्लेक्स चौकी
सीसीटीवी नहीं
सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी लगवाने की बात बार-बार आती है। शहर के सबसे प्रमुख स्थान लघु सचिवालय में तहसील परिसर में रोजाना 500 से 700 लोगों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद यहां सीसीटीवी नहीं लगा है। अधिकारियों के कक्ष में एक-दो सीसीटीवी जरूर लगे हैं। पूरे कारीडोर में एक भी सीसीटीवी नहीं है। सीसीटीवी लगे होते तो वारदात की सच्चाई सामने आ जाती।
गोली चलते ही हड़कंप मचा
तहसील कार्यालय में आपसी कहासुनी को लोग मामूली मान रहे थे। जब गोली चली तो हड़कंप मच गया। लाइनों में लगे लोग दूर-दूर भाग गए। काफी लोग कमरों में दुबक गए। गोली की आवाज के बाद अधिकारी भी दहशत में दिखे। कुछ देर बाद घटना की जानकारी देने डीसी कार्यालय पहुंचे।
कौन है घोलू गुर्जर
एडवोकेट लक्ष्मीनारायण को शहर के लोग घोलू गुर्जर के नाम से जानते हैं। पेशे से एडवोकेट घोलू सेक्टर 15 में रहते हैं। इनके परिवार की जमीन पर ही सेक्टर 15 बसाया गया था। कुछ समय पहले ही इन्हांसमेंट के 81 करोड़ इस परिवार को मिले थे।
घोलू विधानसभा चुनाव के समय हजकां से जुड़े थे। नलवा विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। हजकां से टिकट न मिलने पर उन्होंने पार्टी से दूरियां बना रखी हैं।