हिसार: दिल्ली नेशनल हाईवे पर निजी बस ने बाइक को मारी टक्कर, छठी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र की मौत
चॉकलेट लेने के बाद छात्र अपने भाई के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रहा था। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के हिसार शहर के दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर को एक निजी बस ने बाइक को पीछे से टक्कर से मार दी। इस हादसे में छठी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र अवश्य की मौत हो गई। छात्र चॉकलेट लेने के बाद भाई कमल के साथ बाइक पर बैठकर अपने घर जा रहा था। मिर्जापुर रोड के समीप पीछे से तेज रफ्तार से आ रही निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 11 वर्षीय अवश्य को मृत घोषित किया। उधर, हादसे के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने अज्ञात निजी बस चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी अनुसार मूलरूप से खांडाखेड़ी गांव निवासी अप्पू अपने परिवार के साथ सेक्टर 1-4 में रहता है। अप्पू फाइनेंस का काम करता है और ऑटो मार्केट में उसका ऑफिस है। अप्पू का इकलौता बेटा अवश्य छठी कक्षा में पढ़ता था। रविवार सुबह वह अवश्य को लेकर ऑफिस आया था, क्योंकि अवश्य के बाल कटवाने थे। दोपहर को बाल कटवाने के बाद अप्पू ने अपने परिचित कमल से अवश्य को घर छोड़ने को कहा।
उसके बाद कमल उसे बाइक पर बैठा कर दिल्ली नेशनल हाइवे के रास्ते सेक्टर 1-4 की तरफ जाने लगा। जैसे ही वे मिर्जापुर मोड़ के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक निजी बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। अवश्य के सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। आसपास के लोग उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमल को हल्की चोटें आईं हैं।
चॉकलेट दिलाने के लिए उस रास्ते से गया
ऑटो मार्केट में मिस्त्री का काम करने वाले घायल कमल ने बताया कि बाल कटवाने के बाद अवश्य ने कहा कि मुझे चॉकलेट खानी है। उसे चॉकलेट दिलवाने के लिए बरवाला चुंगी की तरफ लेकर गया। एक दुकान से चॉकलेट लेने के बाद सोचा कि दिल्ली हाइवे की तरफ से चलते हैं। उसके बाद बाइक दिल्ली हाइवे की तरफ मोड़ ली। जैसे ही मिर्जापुर मोड़ के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।
मलाल है नहीं बचा सके जान
जवाहर नगर निवासी साहिल ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खोखा गांव में एक शादी समारोह में गया था। रविवार दोपहर को वापस हिसार आ रहे थे। मिर्जापुर मोड़ के पास एक युवक मदद के लिए चिल्ला रहा था। एक कार उसके पास रुकी हुई थी। उसे देख कर ऐसा लगा कि कार वाले ने दुर्घटना की है। यह देख कर गाड़ी घुमाई और उनके पास गए। फिर अचानक कार वाला घायलों को वहीं छोड़ कर चला गया। फिर पता चला कि बस वाले ने बाइक को टक्कर मारी है। दोस्तों की मदद से घायलों को कार में बैठाया और नागरिक अस्पताल लेकर आए। कुछ देर बाद पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है। मलाल है कि बच्चे की जान नहीं बचा सके।
घायल कमल के बयान पर अज्ञात बस चलाक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। - एएसआई विनोद कुमार, सदर थाना, हिसार।