हिसार। ज्वेलर्स की दुकान पर सोने की तिल्लियां दिखाने के बहाने तीन महिलाओं ने ज्वेलर्स को 50 हजार रुपये की चपत लगा दी। दुकान मालिक जब उन्हें तिल्लियां दिखा रहा था तो महिलाओं ने दुकानदार की आंखों में धूल झोंक कर सोने की कई तिल्लियां साफ कर दी। दुकान मालिक ने इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू ऋषि नगर निवासी हेमंत सोनी ने बताया कि उसका तिलक बाजार में गंगा संस ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। शनिवार को जब वह अपने शोरूम पर था तो वहां तीन महिलाएं आईं। वे स्वयं को राजस्थान के रावतसर की निवासी और अपने नाम मूर्ति, बिमला व राजबाई बता रही थीं। उन्होंने कहा कि उनके यहां शादी है और उसके लिए सोने की तिल्ली खरीदनी है। हेमंत के अनुसार जब वह उन्हें सोने की तिल्ली दिखाने लगा तो इसी दौरान उन्होंने शोरूम से सोने की 15 ग्राम 960 मिलीग्राम की सोने की तिल्लियां चोरी कर ली। उसने तिल्लियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई। जांचकर्ता हेड कांस्टेबल दलेर सिंह के अनुसार शिकायत पर तीन महिलाओं के खिलाफ धारा 454, 380 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।