फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Beldar, who exposed the mess in the Public Health Department, was attacked by masked men with sharp weapons

जनस्वास्थ्य विभाग में गड़बड़झाला उजागर करने वाले बेलदार पर नकाबपोशों ने किया तेजधार हथियारों से हमला

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 21 Aug 2021 01:21 AM IST
विज्ञापन
Beldar, who exposed the mess in the Public Health Department, was attacked by masked men with sharp weapons
अस्पताल में दाखिल घायल बेलदार विनोद। - फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले आजाद नगर निवासी बेलदार विनोद कुमार पर शुक्रवार सुबह भाटिया कॉलोनी के मोड़ पर नकाबपोश चार युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। विनोद कुमार घर से ड्यूटी पर आ रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर ही हमलावरों ने डंडों व तेजदार हथियारों से ताबड़तोड़ मारना शुरू कर दिया। इस मामले में पुलिस विनोद के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। बता दें कि बेलदार ने आरटीआई के माध्यम से भ्रष्टाचार का खुलासा किया था।
विज्ञापन

घायल को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया और फिर यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। परिवार ने घायल बेलदार को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। बेलदार विनोद के दोनों पैर व हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। विनोद ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ आशीष गर्ग, जेई गिरीश, रमेश और अश्वनी पर हमला करवाने के आरोप लगाए हैं। एसडीओ आशीष गर्ग का फतेहाबाद से पंचकूला तबादला हो चुका है। आरोप है कि सिरसा के ठेकेदार रायसिंह उर्फ ओंकार ने उक्त चारों अधिकारियों के कहने पर अपने साथियों को भेजकर हमला करवाया है।
विज्ञापन

घर से कार्यालय आते समय हुआ हमला
घायल बेलदार विनोद ने बताया कि उसकी डयूटी गांव खुंबर और चनकोठी के जलघर में है। वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे अपने घर से जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में सर्विस बुक जमा करवाने के लिए जा रहा था। जब रतिया रोड पर भाटिया कॉलोनी के मोड पर पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने रुकवा लिया और इसके बाद दो अन्य युवकों ने आकर हमला कर दिया। चारों नकाबपोश युवकों ने तेजधार हथियार और डंडों से पैरों और हाथों पर चोटें मारीं और फरार हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

आरटीआई लगाई तो मेवात किया तबादला
विनोद ने पिछले साले आरटीआई लगाकर अनेक घोटाले उजागर किए हैं। इसके बाद जून माह में विनोद का तबादला मेवात कर दिया गया था। कर्मचारी यूनियन के दबाव में तबादला रद्द कर दिया गया।
जनस्वास्थ्य विभाग के इन मुद्दों पर लगाई थी आरटीआई
घायल बेलदार विनोद ने बताया कि उसने 2020 में जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में अलग-अलग मुद्दों पर आरटीआई लगाई थी। उसने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को मिलने वाली सैलरी, धर्मशाला रोड पर पाइप लाइन बिछाने, भट्टू में जलघरों की मरम्मत तथा रिजनल स्टोर की आरटीआई लगाई थी। इसमें भट्टू में जलघरों की रिपेयरिंग के नाम पर फर्जी कोटेशन पास कर करोड़ों रुपये का घपला करने का मामला उजागर हुआ था। इसके अलावा रिजनल स्टोर से पाइप बेचने का मामला भी उजागर हो चुका है। विनोद ने आरोप लगाया कि अधिकारी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सैलरी को लेकर भी गड़बड़ी कर रहे हैं। 10400 की जगह 7800 रुपये सैलरी दे रहे हैं। भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद मामले की विभागीय जांच भी चल रही है।
हमले की कर्मचारी यूनियन ने की निंदा, आंदोलन की दी चेतावनी
बेलदार पर हुए हमले की पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन ने कड़े शब्दों में निंदा की है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। मैकेनिकल वर्कर यूनियन के तीनों संगठनों की बैठक में फैसला लिया गया कि इस घटना के विरोध में 23 अगस्त को तीनों संगठनों के कर्मचारी कार्यकारी अभियंता के कार्यालय पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक गेट मीटिंग कर विरोध जताएंगे। इसके बावजूद अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी संगठनों द्वारा तुरंत बैठक कर आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
मेरा पंचकूला तबादला हो चुका है। शुक्रवार को मैं पारिवारिक कार्यक्रम में दिल्ली आया हुआ हूं। मेरे ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह गलत है। मुझे सोशल मीडिया के जरिये सूचना मिली है। मेरी सहानुभूति विनोद के साथ है। हम ऐसे गलत काम नहीं करते।

- आशीष गर्ग, एसडीओ, पंचकूला
बेलदार पर हमले की सूचना आई है। जांच अधिकारी घायल बेलदार के बयान लेने के लिए हिसार के निजी अस्पताल में गया हुआ है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेंद्र, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed