आदमपुर उपचुनाव: आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह ने किया नामांकन, जानिए कितनी संपत्ति के हैं मालिक
आप प्रत्याशी ने नामांकन भर दिया है। भव्य आज नामांकन भरेंगे। कांग्रेस- इनेलो प्रत्याशी के नाम का इंतजार है। नामांकन का तीसरा दिन बीता, आखिरी तीन दिन बचे। किसान नेता कुरड़ाराम ने महापंचायत बुलाई व कांग्रेस से टिकट मांगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आदमपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस, इनेलो के प्रत्याशी का अब तक एलान नहीं हो सका है। नामांकन के तीसरे दिन आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह ने अपना नामांकन किया। भूपेंद्र बैनीवाल ने कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा है। आदमपुर उपचुनाव में अब तक केवल तीन नामांकन आए हैं। जिसमें एक नामांकन निर्दलीय का है।
कांग्रेस की टिकट को लेकर इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। 3 अक्तूबर को आदमपुर उपचुनाव का एलान किया गया था। 8 दिन बाद भी कांग्रेस अपना प्रत्याशी तय नहीं कर पाई। कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जयप्रकाश के नाम की सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट वायरल की जा रही है।
बुधवार को कांग्रेस के प्रत्याशी का नाम घोषित होने की पूरी उम्मीद है। इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से भी प्रत्याशी का चयन नहीं किया जा सका। इनेलो प्रत्याशी 14 को अपना नामांकन करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को प्रत्याशी का नाम घोषित होगा।
कांग्रेस की टिकट के लिए महापंचायत
किसान नेता कुरड़ाराम ने मंगलवार को गांव बालसमंद में महापंचायत बुलाई। उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर अपनी दावेदारी पेश की। जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुरड़ाराम ने कहा कि पूर्व सीएम चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान जनभावनाओं के अनुसार स्थानीय व्यक्ति को मैदान में उतारें। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिले थे।
आप प्रत्याशी सतेंद्र सिंह 8.64 करोड़ के मालिक, पत्नी के पास 2.50 करोड़
आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी 45 वर्षीय सतेंद्र सिंह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। उनके पास कुल 86436132 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनकी 9321445 रुपये की देनदारी है। सतेंद्र सिंह की पत्नी नीलम सिंह 2.50 करोड़ की चल अचल संपत्ति की मालकिन हैं।
गांव न्योली निवासी सतेंद्र सिंह फिलहाल सेक्टर 14 में रहते हैं। चुनाव आयोग को दिए अपने शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके पास 7 लाख 18 हजार 726 रुपये की नकदी है। कुल 71 लाख 92 हजार 928 की चल संपत्ति है। 340 कनाल 17 मरला खेती बाड़ी की जमीन है। जिसकी कीमत करीब 5.30 करोड़ रुपये है। करीब 50 लाख रुपये की गैर कृषि जमीन है। 7310 रुपये के शेयर हैं।
कुल मिलाकर उनके पास 8 करोड़ 64 लाख 36 हजार 132 रुपये की संपत्ति है। उनके पास सोने के 80 ग्राम के गहने हैं। पत्नी नीलम के पास 2.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। सतेंद्र सिंह तथा उनकी पत्नी गैस एजेंसी के साझे मालिक हैं। पत्नी के पास सोने के 400 ग्राम के गहने हैं। सतेंद्र सिंह के परिवार में फॉरच्यूनर तथा ब्रेजा गाड़ी है। यह वाहन उनके नाम पर पंजीकृत नहीं हैं। सतेंद्र सिंह की बेटी खुशी तथा बेटे भारत सिंह के नाम कोई संपत्ति नहीं है। सतेंद्र सिंह वर्ष 2014 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थे। उस चुनाव में कुलदीप बिश्नोई हजकां के प्रत्याशी थे।