Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Haryana Assembly Election 2024 Garhi Sampla Kiloi Assembly Constituency Profile Hooda Family News In hindi

Garhi Sampla Kiloi: जहां अपने पहले ही चुनाव में हारे भूपेंद्र हुड्डा और उनके पिता, वो कैसे बनी परिवार का गढ़?

Wed, 02 Oct 2024 07:09 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Wed, 02 Oct 2024 07:09 AM IST
विज्ञापन
सार
Garhi Sampla Kiloi Seat: हमारी खास पेशकश ‘सीट का समीकरण’ में आज गढ़ी सांपला-किलोई सीट की बात करेंगे। इसके चुनावी इतिहास की बात करेंगे। बात करेंगे यहां से जीते उम्मीदवारों की, पिछले चुनाव में इस सीट पर क्या हुआ था? इस बार कैसे समीकरण बन रहे हैं? ये भी जानेंगे…
loader
Haryana Assembly Election 2024 Garhi Sampla Kiloi Assembly Constituency Profile Hooda Family News In hindi
गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

हरियाणा विधानसभा चुनाव से जुड़े हमारे खास कार्यक्रम ‘सीट का समीकरण’ में आपका स्वागत है। आज बात उस सीट की जहां से चुनाव लड़ रहे एक चेहरे को कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया जा रहा है। बात गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट की। वो सीट जहां से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर मैदान में हैं। यह सीट हरियाणा के रोहतक जिले में पड़ती है। इस बार यहां के दो लाख 20 हजार से ज्यादा मतदाता कुल नौ उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 


प्रदेश की सबसे हाॅट सीटों में शामिल गढ़ी सांपला किलोई से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वे खुद और उनके बेटे सांसद दीपेंद्र हुड्डा स्टार प्रचारक भी हैं। गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट का गांव सांघी हुड्डा का पैतृक गांव है। कहा जाता है कि जसिया, रिठाल, किलोई, मकड़ाैली, चमारिया, गढ़ी सांपला, सांपला, ईस्माइला, भालाैट ये सब ऐसे क्षेत्र हैं, जहां हुड्डा प्रचार करने न भी जाएं तो भी वोट उन्हीं के खाते में आने की उम्मीद है। ये गांव हुड्डा के गढ़ कहे जाते हैं। ये सभी गांव पहले के चुनावों में हुड्डा की जीत का बड़ा कारण बनते रहे हैं। 


रोहतक जिले की बात करें तो जिले में पड़ने वाली चार विधानसभा सीटों पर कुल 56 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार महम सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं। इसके बाद रोहतक सीट पर 15, कलानौर सीट पर 13 और गढ़ी सांपला किलोई सीट पर सबसे कम नौ उम्मीदवार हैं। महम को छोड़कर बाकी तीन विधानसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बीच आमने-सामने की लड़ाई मानी जा रही है।

गढ़ी सापंला-किलोई सीट का इतिहास
आइये इस सीट के चुनावी इतिहास को भी जान लेते हैं। पुराने रोहतक संसदीय क्षेत्र में 1952 से 1966 तक मौजूदा गढ़ी सापंला-किलोई का क्षेत्र पंजाब की सांपला विधानसभा में शामिल था। 1966 में हरियाणा के गठन के बाद 1967 में जब विधानसभा चुनाव हुए तो सांपला विधानसभा से किलोई और हसनगढ़ विधानसभा सीटें बना दी गईं।  

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता मैदान में उतरे
1967 में बनी किलोई विधानसभा सीट पर जब पहली बार चुनाव हुए तो चौधरी कांग्रेस के टिकट पर चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा यहां से मैदान में उतरे। रोहतक-पानीपत मार्ग से 4 किलोमीटर दूर स्थित सांघी गांव से आने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा संविधान सभा के सदस्य रहे थे। रणबीर हुड्डा 1952 और 1957 में रोहतक से सांसद भी बने थे, लेकिन 1967 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में उन्हें मस्तनाथ मठ के महंत श्रेयोनाथ से हार का सामना करना पड़ा था। महंत श्रेयोनाथ ने रणबीर सिंह को 8,673 वोट से हराया था। 

1968 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर मुकाबला महंत श्रेयोनाथ और रणबीर सिंह के बीच हुआ। हालांकि, इस चुनाव का नतीजा 1967 जैसा नहीं रहा। 1968 के चुनाव में रणबीर सिंह ने महंत श्रेयोनाथ को 1,726 वोट से हराकर एक साल पहले मिली हार का बदला ले लिया। 

साल 1972 के विधानसभा चुनाव में महंत श्रेयोनाथ कांग्रेस (ओ) के टिकट पर मैदान में उतरे। वहीं, कांग्रेस ने प्रताप सिंह को टिकट दिया। इस चुनाव में श्रेयोनाथ ने प्रताप सिंह को हरा दिया और दूसरी बार किलोई सीट से विधानसभा पहुंचे। 1972 के इस चुनाव में किलोई सीट से महंत श्रेयोनाथ और प्रताप सिंह के अलावा और कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था। सीधी लड़ाई में महंत श्रेयोनाथ ने प्रताप सिंह को 3,770 वोट से हराया था। 

आपातकाल के बाद 1977 में एक बार फिर हरियाणा विधानसभा के चुनाव हुए। राज्य की ज्यादातर सीटों की तरह किलोई सीट पर भी जनता पार्टी को जीत मिली। जनता पार्टी के हरिचंद हुड्डा ने कांग्रेस के रणबीर सिंह 8,827 वोट से शिकस्त दी। इन दोनों उम्मीदवारों के अलावा बाकी चार निर्दलीय अपनी जमानत तक नहीं बचा सके।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम, हरियाणा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम, हरियाणा - फोटो : ANI
चुनाव मैदान में उतरे भूपेंद्र सिंह हुड्डा
अब आता है 1982 का विधानसभा चुनाव। इस चुनाव में तत्कालीन विधायक हरिचंद हुड्डा लोकदल के टिकट पर किलोई सीट से उतरते हैं। वहीं, कांग्रेस इस चुनाव में रणबीर सिंह के बेटे भूपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट देती है। किलोई सीट पर अपने पहले ही चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हार का सामना करना पड़ता है। लोकदल के टिकट पर उतरे हरिचंद हुड्डा लगातार दूसरी बार यहां से जीतकर विधानसभा पहुंचते हैं। इस चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को 4,553 वोट से हार मिलती है। 

साल 1987 के चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट दिया। वहीं, श्रीकृष्ण हुड्डा लोकदल के टिकट पर मैदान में उतरे। इस चुनाव में भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें लोकदल के उम्मीदवार ने 15,023 वोट से हरा दिया। यानी, भूपेंद्र हुड्डा को 1982 से भी बड़ी हार मिली। 

साल 1991 में यहां से लगातार चार चुनाव हार चुकी कांग्रेस ने कृष्णमूर्ति हुड्डा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया। कृष्णमूर्ति ने इस चुनाव में जनता पार्टी के श्रीकृष्ण को हराकर किलाई में दूसरी बार कांग्रेस को जीत दिलाई। 

पांच साल बाद जब 1996 के विधानसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई। इस चुनाव में कांग्रेस ने तत्कालीन विधायक कृष्णमूर्ति हुड्डा को टिकट दिया था। कृष्णमूर्ति को हरियाणा विकास पार्टी के पार्टी के राम फूल ने तीसरे स्थान पर खिसका दिया। राम फूल दूसरे नंबर पर रहे। किलोई से जीत दर्ज की समता पार्टी के टिकट पर उतरे पूर्व विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा ने। श्रीकृष्ण हुड्डा इससे पहले 1987 में यहां लोकदल के टिकट पर जीत दर्ज कर चुके थे। श्रीकृष्ण हुड्डा किलोई सीट से तीन बार विधायक रहे। तीनो बार अलग-अलग दल से, 1987 में लोकदल, 1996 में समता पार्टी के टिकट पर जीते श्रीकृष्ण हुड्डा 2005 में यहां से कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा। - फोटो : संवाद
हुड्डा ने अपनी जीत का खाता खोला
साल 2000 के विधानसभा चुनाव में किलोई सीट पर एक बार फिर कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट दिया। इस बार हुड्डा का मुकाबला हुआ इनेलो के धर्मपाल से। दो बार किलोई में हार चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बार इनेलो के धर्मपाल को पटखनी देने में सफल रहे। हुड्डा ने धर्मपाल को 11,958 वोट से हरा कर किलोई में अपनी जीत का खाता खोला। 

1982 और 1987 के विधानसभा चुनाव में हारे भूपेंद्र सिंह हुड्डा को 1991 के लोकसभा चुनाव में रोहतक लोकसभा सीट से टिकट मिला। कांग्रेस के टिकट पर उतरे हुड्डा जीतने में सफल रहे और सांसद बन गए। इसके बाद 1996 और 1998 के लोकसभा चुनाव में भी हुड्डा ने जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। 1999 के लोकसभा चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इंडियन नेशनल लोकदल के इंदर सिंह से हार का सामना करना पड़ा। 1999 का लोकसभा चुनाव हारने पर हुड्डा ने फिर से विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाई और पहली बार जीत हासिल कर ली। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा - फोटो : संवाद
चार बार के सांसद हुड्डा बने मुख्यमंत्री
2004 के लोकसभा चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर से रोहतक लोकसभा सीट से उतरे और जीतकर चौथी बार सांसद बन गए। जब 2005 के हरियाणा विधानसभा चुनाव आए तो यहां से किलाई से कांग्रेस ने श्रीकृष्ण हुड्डा को उम्मीदवार बनाया। श्रीकृष्ण हुड्डा ने इस चुनाव में इनेलो के प्रेम सिंह को 34,863 वोट के बड़े अतंर से हरा दिया। 2005 के इस चुनाव में कांग्रेस बहुमत के साथ सत्ता में आई। पार्टी ने चार बार के सांसद भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बना दिया। जब हुड्डा मुख्यमंत्री बने उस वक्त तक वो विधायक नहीं थे। भूपेंद्र हुड्डा के मुख्यमंत्री बनने के बाद किलोई से जीते श्रीकृष्ण हुड्डा ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद किलोई सीट पर उपचुनाव हुए और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा यहां से जीतकर दूसरी बार विधायक बने। 

इस्तीफा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी दिया था। रोहतक लोकसभा सीट से, वोट सीट जहां से मुख्यमंत्री बनने तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा सांसद थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस्तीफे से खाली हुई रोहतक सीट पर उप चुनाव में कांग्रेस ने उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा को टिकट दिया। इस उप चुनाव में जीत दर्ज करके दीपेंद्र पहली बार लोकसभा पहुंचे। इस वक्त भी दीपेंद्र रोहतक के सांसद हैं। पिता की तरह दीपेंद्र भी यहां से चौथी बार जीत दर्ज कर चुके हैं। 

बीते तीन चुनावों में हुड्डा को मिली बड़ी जीत 
2008 में हुए परिसीमन के बाद किलोई सीट गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र में बदल गई। इसके बाद 2009, 2014 और 2019 में इस सीट पर चुनाव हो चुके हैं। तीनों ही बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यहां से बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इस सीट पर हुड्डा का कितना प्रभाव है इसका अंदाजा इसी से लग जाता है कि मई 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा को अकेले गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा सीट से 77 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त मिली थी। ये अंतर 2019 के विधानसभा चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मिली जीत के अंतर से भी ज्यादा था। 2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के सतीश नांदल 58,312 वोट से हराया था। 

भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा के सामने मंजू हुड्डा को उतारा
भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा के सामने मंजू हुड्डा को उतारा - फोटो : संवाद
2024 में कैसे हैं समीकरण
अब बात 2024 के विधानसभा चुनाव की कर लेते हैं। इस बार गढ़ी सांपला किलोई सीट से भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वहीं, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा भाजपा की प्रत्याशी हैं। मंजू हुड्डा मैदान में जरूर हैं, लेकिन वे खुद प्रेस काॅन्फ्रेंस कर हुड्डा से आशीर्वाद लेने की बात कह चुकी हैं। दोनों जाट प्रत्याशी होने बावजूद यहां वोट का बंटवारा होना मुश्किल बताया जा रहा है। भाजपा किन जगहों पर कांग्रेस को टक्कर देगी, यह देखना भी रोचक होगा। आम आदमी पार्टी से प्रवीण गुसखानी, जजपा-आसपा से सुशीला देशवाल और इनेलो-बसपा ने कृष्ण काैशिक को उम्मीदवार बनाया है।  

चार उम्मीदवार एक ही गांव से
विधानसभा चुनाव में गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे नौ उम्मीदवारों में चार एक ही गांव सांघी के हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जजपा प्रत्याशी एडवोकेट सुशीला देशवाल, निर्दलीय बिजेंद्र और संजय शामिल हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा चार बार सांसद व पांच बार विधायक रह चुके हैं। 10 साल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे हैं। वहीं, जजपा प्रत्याशी सुशीला इसी गांव की बेटी हैं। उनका विवाह काहनी गांव निवासी एडवोकेट राजपाल से हुआ है। निर्दलीय बिजेंद्र ने बीटेक व एलएलएम किया है, जबकि संजय खेतीबाड़ी करते हैं।

गढ़ी सांपला-किलोई में 50 फीसदी वोटर जाट 
जाट बहुल गढ़ी सांपला-किलोई में 2.20 लाख मतदाता हैं। इनमें से 50 प्रतिशत जाट हैं। जाटों में भी हुड्डा खाप के 24 गांव हैं, जिनका ऐतिहासिक चबूतरा विधानसभा के गांव बसंतपुर में है। इसी कारण हुड्डा इस बार भी अपनी जीत के लिए आश्वस्त हैं। इस विधानसभा में जाटों के करीब 1.15 से 1.17 लाख वोट हैं। 40 से 45 हजार वोटर अनुसूचित जाति से आते हैं। पिछड़ा वर्ग ए के 25 से 28 हजार, पिछड़ा वर्ग बी के 6 से 8 हजार, ब्राह्मण 22 से 25 हजार, सैनी 6 से 7 हजार, राजपूत डेढ़ हजार व बनिया करीब ढाई हजार हैं।  
  
विकास की बात करें तो हुड्डा जब मुख्यमंत्री थे तो इस विधानसभा में नहरी पानी लगातार आता था, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। पिछली बार गढ़ी-सांपला किलोई में घिलौड़, जसिया, कान्ही, रिठाल, सांघी, खिड़वाली, ब्राह्मणवास, बसंतपुर और चमारिया में जलभराव हुआ था। इस बार बारिश नहीं होने से धान की फसल प्रभावित हो रही है। स्टेडियम अब देखभाल के अभाव में जर्जर हो गए हैं। जलघरों का भी यही हाल है। हुड्डा जब मुख्यमंत्री थे उस वक्त इस विधानसभा के 100 से ज्यादा युवाओं को नौकरी मिली, लेकिन पिछले 10 साल में बहुत कम को नौकरी मिल पाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed