{"_id":"64f645c6052fbf63e70f0914","slug":"haryana-126-trains-going-towards-delhi-canceled-due-to-g-20-conference-2023-09-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: दिल्ली की ओर जाने वालीं 126 ट्रेनें रद्द, कई बीच रास्ते से होंगी वापस, बसों का रूट भी बदला, पढ़िए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: दिल्ली की ओर जाने वालीं 126 ट्रेनें रद्द, कई बीच रास्ते से होंगी वापस, बसों का रूट भी बदला, पढ़िए
Tue, 05 Sep 2023 02:31 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 05 Sep 2023 02:31 AM IST
सार
दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर कई ट्रेनें और बसें प्रभावित रहेंगी। दिल्ली की ओर जाने वालीं 126 ट्रेनें रद्द रहेंगी तो कई बीच रास्ते से वापस होंगी।
विज्ञापन
Train demo
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नई दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर हरियाणा से दिल्ली की ओर जाने वाली 126 ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा। इसके अलावा कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। सोनीपत से दिल्ली जाने वाली 14 ट्रेनों को 9 व 10 सितंबर को रद्द किया गया है। बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वाली 24 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी, इनमें से 18 गाड़ियां अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी। इसी प्रकार दिल्ली से करनाल के रास्ते अंबाला को आने-जाने वाली करीब 12 ट्रेनें बाधित रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
उधर, पलवल, फरीदाबाद-नई दिल्ली-गाजियाबाद के बीच करीब 43 ईएमयू ट्रेनें चलती हैं। रेलवे ने जी-20 शिखर सम्मेलन में सुरक्षा की दृष्टि से पलवल से फरीदाबाद, नई दिल्ली, गाजियाबाद के बीच चलने सभी ईएमयू ट्रेनों का परिचालन बंद करने का फैसला किया है। इसके अलावा हरियाणा से दिल्ली जाने वाली हरियाणा रोडवेज की दर्जनों बसों को रद्द किया गया है तथा कईयों का रूट डायवर्ट किया गया है।
विज्ञापन
रोहतक : दिल्ली जाने वाली 17 ट्रेनें व 25 से ज्यादा बसें रद्द
दिल्ली से आने वाली 17 ट्रेनें और जाने वाली इतनी ही ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं यातायात निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि रोहतक डिपो से गुरुग्राम, दिल्ली के लिए 25 से ज्यादा बसों को 8, 9, 10 सितंबर को रद्द किया जाएगा।
बहादुरगढ़ : 24 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी
दिल्ली-रोहतक रेल खंड पर चलने वाली 24 गाड़ियां प्रभावित रहेंगी। इनमें 18 गाड़ियां अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी। इन रेल गाड़ियों में चार लंबी दूरी की और बाकी दिल्ली से रोहतक, जींद, भिवानी, कुरुक्षेत्र व हिसार आदि स्थानों को जाने वाली गाड़ियां शामिल हैं। वहीं बहादुरगढ़ से नई दिल्ली स्टेशन के लिए सामान्य दिनों में हर रोज दिल्ली परिवहन निगम की दो बसें सुबह जाती हैं और दो बसें शाम को नई दिल्ली से बहादुरगढ़ आती हैं, लेकिन 8 से 10 सितंबर तक ये बंद रहेंगी। बहादुरगढ़ से कर्मपुरा के बीच भी तीन दिन तक बसों की संख्या कम रहेगी। वहीं झज्जर बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली रोडवेज की सात बसें रद्द रहेंगी।
फरीदाबाद : दिल्ली जाने वाली बसों का रूट बदला, 43 ईएमयू ट्रेनें रद्द रहेंगी
दिल्ली में जी 20 सम्मेलन होने के चलते 7 से 11 सितंबर तक डिपो से वाया दिल्ली होकर जाने वाली सभी बसों के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। अब यह बसें गुरुग्राम और कुंडली-गाजियाबाद- पलवल एक्सप्रेस वे के रास्ते से होकर जाएंगी। इसको लेकर रोडवेज को आदेश दे दिए गए हैं। डिपो से हर रोज 135 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाती हैं। जिसमें बैजनाथ, हरिद्वार, धर्मशाला, हमीरपुर, जयपुर, पंचकूला, चंडीगढ़, रोहतक,रेवाड़ी, अंबाला करनाल आदि हैं। इसमें से कुछ बसें वाया दिल्ली होकर अपने गंतव्य तक पहुंचती हैं। दिल्ली में 7 से लेकर 11 सितंबर तक जी 20 सम्मेलन के कारण भारी वाहनों की एंट्री के साथ अंतरराज्यीय बसों की भी नो एंट्री कर दी गई है। वहीं पलवल, फरीदाबाद-नई दिल्ली और गाजियाबाद के बीच चलने वाली करीब 43 ईएमयू ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा। इससे दैनिक सफर करने वाले करीब डेढ़ लाख दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसकी नार्दन रेलवे की तरफ से एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
सोनीपत: 7 जोड़ी ट्रेनें रहेंगी रद्द, रोडवेज की बसों के मार्ग में किया परिवर्तन
दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर 9 व 10 सितंबर को दिल्ली जाने वाली 7 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें दो जोड़ी एक्सप्रेस व पांच जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। वहीं चार एक्सप्रेस ट्रेनों को दिल्ली के बादली स्टेशन पर रोककर चलाया जाएगा। एक पैसेंजर ट्रेन (सवारी गाड़ी) का दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन तक संचालन किया जाएगा। दूसरी तरफ दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
रेवाड़ी : 22 ट्रेनें रद्द, बसों के लिए दो रूट बनाए
जी-20 को लेकर 8 से 10 सितंबर के बीच रेवाड़ी-दिल्ली सेक्शन की 22 ट्रेनों को रद्द, 02 का मार्ग परिवर्तन व 05 का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। परिवहन विभाग की ओर से दिल्ली की ओर से जाने वाली बसों के लिए दो रूट बनाए गए हैं, जिसमें रेवाड़ी से इफको चौक से महरौली रोड होते हुए बस आया नगर बॉर्डर दिल्ली जाएगी। दूसरे रूट राजीव चौक से सोहना से वाटिका चौक होते हुए बस ग्वाला पहाड़ी से मंडी गांव दिल्ली में जाएगी।
जींद : 12 ट्रेनें रहेंगी रद्द, बहादुरगढ़ तक जाएंगी बसें
आठ से दस सितंबर तक जींद से गुजरने वाली दिल्ली जाने वाली 12 ट्रेनें रद्द रहेंगी और रोडवेज की एक दिन में छह बसें दिल्ली जाती हैं। तीन दिन यह बसें बहादुरगढ़ तक जाएंगी, दिल्ली नहीं जा पाएंगी।
करनाल: सात एक्सप्रेस और पांच पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, बुकिंग का पैसा होगा वापस
जी-20 समिट को लेकर दिल्ली से करनाल के रास्ते अंबाला को आने-जाने वाली करीब सात एक्सप्रेस ट्रेन और पांच पैसेंजर ट्रेन नौ से 11 सितंबर तक बाधित रहेंगी। ट्रेन के बाधित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। कारण कि इन ट्रेनों में सफर के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों ने पहले ही बुकिंग करा ली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जिन यात्रियों ने ट्रेनों में टिकट बुकिंग कराई है, उनका शत-प्रतिशत पैसा रिफंड किया जाएगा। किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
नारनौल : बसों का मार्ग रहेगा परिवर्तित
दिल्ली के लिए प्रतिदिन 20 बसें चलती हैं। अब यह बसें गुरुग्राम तक जाएंगी और वहां से वैकल्पिक मार्ग इफको चौक से महरोली रोड होते हुए आयानगर बॉर्डर या राजीव चौक से सोहना रोड वाटिका चौक से ग्वाल पहाड़ी से मंडी गांव के रास्ते से दिल्ली में प्रवेश करेंगी।