फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Voters show enthusiasm, 77.6 per cent voter turnout recorded in district

Fatehabad News: वोटरों ने दिखाया उत्साह, जिले में 77.6 फीसदी हुआ मतदान

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 22 Nov 2022 11:12 PM IST
विज्ञापन
Voters show enthusiasm, 77.6 per cent voter turnout recorded in district
शेखुपुर दड़ौली में वोट डालने के बाद उंगली पर लगी स्याही दिखाती महिलाएं। - फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए हुई मतदान प्रक्रिया में मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सुबह ठंडी हवा चलने के कारण पहले घंटे में महज 0.87 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद धूप खिलते ही मतदान ने भी रफ्तार पकड़ ली। शाम तक 77.6 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला परिषद के 18 वार्डों के 123 और पंचायत समिति के 143 वार्डों के 479 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। अब 27 नवंबर को मतगणना होगी।
विज्ञापन

बता दें कि साल 2016 के मुकाबले इस बार मतदान प्रतिशत कम रहा है। इस प्रमुख कारण जिला परिषद व पंचायत समिति और सरपंच व पंच के अलग-अलग चुनाव होना रहा। फतेहाबाद जिले में साल 2016 के पंचायत चुनाव में ओवर ऑल 88.1 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान करने के मामले में फतेहाबाद खंड अव्वल था। पिछली बार फतेहाबाद खंड में 89 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंधों को पुख्ता रखने के इरादे से एसपी आस्था मोदी दिनभर ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर रही। उन्होंने संवेदनशील व अति संवेदनशील गांवों के बूथों का भी जायजा लिया। इन बूथों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। खंड स्तर पर डीएसपी तैनात किए गए।
विज्ञापन

भिरडाना में हंगामा, भट्टू में तीन ईवीएम हुई बंद
जिला परिषद के वार्ड नंबर छह से चुनाव लड़ रही ज्योति रानी के पति दीपक भिरड़ाना पर मतदान करने जा रहे मतदाताओं को रोककर वोट मांगने पर हंगामा हो गया। दूसरे पक्ष के प्रत्याशियों के समर्थकों ने दीपक का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाया। उधर, भट्टू कलां में तीन बूथों पर ईवीएम बंद होने के कारण 15 मिनट तक मतदान रुका रहा। इसके अलावा जिले में कहीं भी कोई हिंसक घटना की सूचना नहीं आई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रतिया विधायक के बेटे व गनमैन पर लगे आरोप
गांव ढाणी दादुपुर में विधायक लक्ष्मण नापा के बेटे व गनमैन पर जिला परिषद के वार्ड नंबर नौ से चुनाव लड़ रही बीबो इंदौरा ने मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया। इस कारण यहां पर कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ। उधर, जिला परिषद के वार्ड नंबर सात से चुनाव लड़ रहे रमेश उर्फ बंटी गढ़वाल ने दूसरे पक्ष के लोगों पर गांव दौलतपुर में धीमा मतदान करवाने का आरोप लगाया। इस गांव में मतदान की गति काफी धीमी रही।
खेतों में गए मतदाताओं को वाहनों में लाए
सुबह-सुबह खेतों में गए मतदाताओं को वोट डलवाने के लिए लाने का विशेष प्रबंध किया गया। उम्मीदवारों के समर्थक उन्हें वाहनों में मतदान केंद्र तक लेकर आए। इसके बाद इन मतदाताओं ने वोट डाला। इसके अलावा मतदान केंद्र के पास निर्धारित दूरी पर लगे उम्मीदवारों के स्टाल पर सुबह से ही मतदान के लिए पर्ची लेने, सूची में अपना नाम देखने के लिए मतदाता पहुंचने लगे।
अलीकां में चक्कर खाकर गिरा होमगार्ड
गांव अलीका के मतदान केंद्र पर होमगार्ड मंजीत अचानक चक्कर आने से गिर गया। बताया गया कि उसे दौरा पड़ गया। उसका वहीं उपचार करवाया गया, जिससे उसकी हालत में सुधार हुआ। वहीं, गांव भरपूर के मतदान केंद्र पर प्रत्याशी सुखदेव सिंह ने उसके एजेंट को बाहर निकालने का आरोप लगाया। आरोप था कि एजेंट गांव का न होकर रतिया शहर से है। बाद में सुखदेव ने खुद कमान संभाली। गांव बलियाला में एक उम्मीदवार समर्थकों ने दूसरे उम्मीदवार समर्थकों की महिलाओं पर बूथ के आसपास प्रचार करने के आरोप लगाए और पुलिस को शिकायत की। जिस पर महिला पुलिस कर्मचारियों ने महिलाओं को चेतावनी देकर वहां से चले जाने को कहा।
पूरे जिले में तीन पंचायतों के बूथों पर ही हुआ 90 फीसदी से ज्यादा मतदान
भट्टू खंड के गांव गदली के बूथ नंबर 101 पर 90.41 फीसदी मतदान हुआ है। यहां पर 532 में से 481 मतदाताओं ने मतदान किया। खंड नागपुर के गांव हुकमांवाली के बूथ नंबर 90.93 फीसदी मतदान हुआ। यहां पर 827 में से 752 मतदाताओं ने वोट डाले। पहली बार पंचायत बनी गांव लहराथेह में 90.72 फीसदी मतदान हुआ है। यहां पर 517 में से 469 मतदाताओं ने मतदान किया।
जमालपुर शेखां के बूथ पर 43 फीसदी ही हुआ मतदान
गांव जमालपुर शेखां के बूथ नंबर 40 पर 43.08 फीसदी मतदान हुआ। यहां पर 1091 मतदाताओं में से 470 ने ही मतदान किया है। गांव अकांवाली के बूथ नंबर चार पर 711 में से 364 ने मतदान किया है। यहां पर 51.2 फीसदी मतदान हुआ है। भट्टूमंडी के बूथ नंबर 26 पर 55.04 फीसदी मतदान हुआ है। 650 में से 361 ने मतदान किया है। गांव गुल्लरवाला के बूथ नंबर 8 पर 57.94 फीसदी मतदान हुआ है। यहां पर 768 में से 445 मतदाताओं ने मतदान किया है।

पंचायत समिति चार वार्डों में बन चुकी है सर्वसम्मति
जिले में पंचायत समिति के चार वार्डों में पहले ही सर्वसम्मति बन चुकी है। इनमें भूना खंड के पंचायत समिति के वार्ड नंबर एक, वार्ड नंबर 13 व वार्ड नंबर 17 जबकि टोहाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर दो शामिल हैं।
इस तरह चला मतदान का प्रतिशत
समय कुल मतदान मतदान प्रतिशत
सुबह 8 बजे तक 4652 0.87
सुबह 9 बजे तक 15995 3.1
सुबह 10 बजे तक 57636 10.86
सुबह 11 बजे तक 95843 18.75
दोपहर 12 बजे तक 150011 28.3
दोपहर 1 बजे तक 196334 37.0
दोपहर 2 बजे तक 247573 46.7
दोपहर 3 बजे तक 290146 54.7
शाम 4 बजे तक 337172 63.6
शाम 5 बजे तक 365138 68.9
शाम 6 बजे तक 401332 75.7
रात 10 बजे तक 411525 77.6
खंड अनुसार मतदान का प्रतिशत
खंड साल 2016 में मतदान इस बार मतदान
फतेहाबाद 89 प्रतिशत 78.4 प्रतिशत
भट्टू कलां 88.4 प्रतिशत 79.9 प्रतिशत
भूना 85.0 प्रतिशत 78.1 प्रतिशत
रतिया 86.2 प्रतिशत 75.9 प्रतिशत
टोहाना 87.0 प्रतिशत 75.5 प्रतिशत
जाखल 85.3 प्रतिशत 79.0 प्रतिशत
नागपुर (पिछली बार खंड नहीं था) 77.1 प्रतिशत

गांव बुआन में वोट डालने के लिए लाइन में लगे मतदाता।

गांव बुआन में वोट डालने के लिए लाइन में लगे मतदाता।- फोटो : Fatehabad

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed