फतेहाबाद। अहलीसदर गांव में दो युवक एक मकान में घुस आए। जब घर के पालतू कुत्ते को किसी के आने की सुगबुगाहट हुई तो उसने भोंकना आरंभ कर दिया। इस पर दोनों युवकों ने कुत्ते की पीठ पर तलवार से वार किया, जिससे उसको बड़े घाव हो गए हैं। सदर पुलिस ने कुत्ते के मालिक सुरेश कुमार निवासी अहलीसदर की शिकायत पर उसकी के गांव के दो युवकों सुरेंद्र व रणजीत के खिलाफ अपराध की नीयत से घर में घुसने, पशु को हानि पहुंचाने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरेश कुमार निवासी अहलीसदर ने बताया कि यह वाकया 27 फरवरी की रात का है। उसने बताया कि उनके घर में रात को करीब 10 बजे सुरेंद्र व रणजीत सिंह तेजधार हथियारों से लैस होकर घुस आए। इन लोगों का इरादा लूट करने का था। उसने घर में एक पालतू कुत्ता है और जब यह लोग घर के अंदर घुसे तो कुत्ते को इसकी भनक लग गई। वह घर के आंगन में आकर उन पर भोंकने लगा तो युवकों ने तलवार से उसके पालतू कुत्ते पर वार किया, जिससे कुत्ते की पीठ में गहरा घाव हो गया। जब वह बाहर आए तो आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उनके कुत्ते को गंभीर चोट आई है और उसका हिसार में इलाज चल रहा है। सुरेश ने बताया कि यह लोग लूट के इरादे से उनके घर में घुसे थे, लेकिन कुत्ते की तत्परता से आरोपी फरार हो गए। फतेहाबाद सदर पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।