{"_id":"05c04664f67545bf8508c977668742ad","slug":"republic-day-hindi-news-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"गणतंत्र दिवस : इस बार भी अपनों में ही बांट दिए पुरस्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गणतंत्र दिवस : इस बार भी अपनों में ही बांट दिए पुरस्कार
ब्यूरो/अमर उजाला फतेहाबाद
Updated Thu, 28 Jan 2016 12:32 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गणतंत्र दिवस समारोह में जिला प्रशासन की ओर से अपने ‘चहेतों’ को ही सम्मानित किए जाने की परंपरा इस बार भी जारी रही। देश भर में फतेहाबाद का नाम रोशन करने वाले एक बार फिर जिला प्रशासन की लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो पाए।
विज्ञापन
अपनी आवाज से देश भर को दीवाना बनाने वाले गायक दीपेश राही, वर्ल्ड कराटे चैंपियनशिप में देश के लिए कांस्य पदक जीतने वाले राहुल यादव, दो बार कबड्डी विश्व कप जीतने वाली टीम की सदस्य रामभतेरी और एवरेस्ट फतह करने वाले पर्वतारोही रामलाल एक बार फिर सम्मान से वंचित रह गए।
विज्ञापन
राहुल यादव : अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी
फतेहाबाद निवासी राहुल यादव कराटे की दुनिया का एक बड़ा नाम है। देश के वह इकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिनकी वर्ल्ड रैकिंग पहले 100 खिलाड़ियों में शामिल थी। हाल ही राहुल यादव आस्ट्रेलिया में हुई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे थे। इसके अलावा राहुल, बतौर टीम मैनेजर जूनियर कराटे टीम के साथ कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शिरकत कर चुके हैं। वह छोटे बच्चों और लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण भी देते हैं।
विज्ञापन
रामभतेरी : अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी
टोहाना के समैण गांव की निवासी रामभतेरी दो बार की कबड्डी वर्ल्ड कप विजेता टीम की सदस्य है। इस बार सरकार गणतंत्र दिवस पर बेटियों के विशेष सम्मान के दावे कर रही थी, ऐसे में खिलाड़ी रामभतेरी को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किए जाने की उम्मीद थी। लेकिन इस बार भी जिला प्रशासन की ओर से कोई संदेश नहीं आया। गत स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी रामभतेरी को सम्मानित नहीं किए जाने पर प्रशासन को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
दीपेश राही : प्रख्यात गायक
फतेहाबाद निवासी दीपेश राही किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वॉयस ऑफ पंजाब के विजेता दीपेश राही लाइफ एक चैनल के रियलिटी म्यूजिक शो द वॉयस के उपविजेता भी रह चुके हैं। दीपेश के कारण फतेहाबाद शहर का नाम देशभर में प्रसिद्ध हुआ है।
रामलाल : एवरेस्ट फतेह करने वाले पर्वतारोही
रामलाल एवरेस्ट फतह करने वाले चुनिंदा पर्वतारोहियों में से हैं। टोहाना निवासी रामलाल आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद एवरेस्ट पर विजय पाने में सफल रहे, लेकिन जिला प्रशासन की नजरें इनायत करवाने के लिए मुसीबतों का एवरेस्ट चढ़ना अभी बाकी है। रामलाल की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद अभी तक कोई सहायता उन्हें नहीं मिली है। यहां तक कि आजीविका चलाने के लिए रामलाल को रेहड़ी पर सब्जी तक बेचनी पड़ी थी। इसके अलावा अंडर वाटर साइक्लिंग में छह जनवरी को गोवा में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली टीम का हिस्सा थे।
जिला प्रशासन के क्लर्क तक होते रहे हैं सम्मानित
गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सम्मानित करने वालों की लिस्ट जिला मुख्यालय पर तय होती है। अब इन पुरस्कारों में डीसी कार्यालय के कई क्लर्क एवं अधिकारी भी उल्लेखनीय सेवाओं के नाम पर पुरस्कार से नवाजे जा चुके हैं। यह अलग बात है कि उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के बारे में पूरा साल कुछ पता नहीं चलता। बताया जाता है कि गणतंत्र दिवस पर सम्मानित होने वाले लोगों की सूची उच्चस्तरीय कमेटी तैयार करती है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इस संदर्भ में कोई सार्वजनिक आदेश के जरिए आवेदन तक नहीं मांगे जाते हैं।
इस बारे में जब जिला उपायुक्त एनके सोलंकी से बात की गई तो उन्होंने महज इतना कहा कि अभी व्यस्त हूं। इस बारे में बाद में बात करूंगा।