फतेहाबाद। जिला पुलिस ने शनिवार की रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 38 नाके लगाकर 2401वाहनों को जांचा। 106 सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच करके अलग-अलग जगहों से नशा तस्करों पर कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत पांच मामलों में 55 बोतल शराब, जुआ अधिनियम के तहत 5150 रुपये तथा चोरी मामले में तुरंत कार्रवाई कर करीब दो लाख रुपये के सामान सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने नाइट डोमिनेशन में व्हीकल चेकिंग के दौरान कागजात अधूरे पाए जाने पर छह वाहनों के चालान किए जबकि तीन वाहनों को जब्त भी किया है। इस दौरान पुलिस ने 66 अजनबी पर्चे भी काटे हैं। एसपी सुरिंद्र भोरिया ने बताया कि नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, सीआईए, एंटी नारकोटिक्स टीम, चौकी प्रभारी, पीसीआर व राइडर गश्त पर रहे। एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान क्षेत्र में पड़ने वाले रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबे व धर्मशाला आदि की भी जांच की गई है।