फतेहाबाद में बॉर्डर पर शांति: किसानों को रोकने के लिए फोर्स तैनात; सात लेयर तक की बैरिकेडिंग की, पढ़ें अपडेट
पंजाब के किसानों द्वारा शुरू किए गए आंदोलन के बाद अब हरियाणा की किसान जत्थेबंदियों भी लामबंद होने लगी हैं। इसी कड़ी में आगामी रणनीति बनाने को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति द्वारा 15 फरवरी वीरवार को प्रात: 11 बजे फतेहाबाद में राज्य स्तरीय आपात बैठक बुलाई गई है।
विस्तार
फतेहाबाद में रतिया-टोहाना और जाखल में पंजाब की सीमा पर पूरी तरह से शांति है। पंजाब से आने वाले किसानों को रोकने के लिए फोर्स तैनात है और सात लेयर तक की बैरिकेडिंग की गई है। लेकिन फतेहाबाद में गांव अयाल्की के पास रंगोई नाले के पास मंगलवार से किसान डटे हुए हैं और दिल्ली कूच पर अड़े हैं। किसानों का कहना है कि आसपास के किसान जुटने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
लेकिन इससे पहले प्रशासन ने रतिया-फतेहाबाद मार्ग को गांव अयाल्की के पास तोड़ दिया और खाई खोद दी। इसके अलावा यहां पर सड़क पर काला तेल डाल दिया गया। फिलहाल प्रशासन का दावा है कि यहां से किसानेां को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। वहीं, पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति द्वारा 15 फरवरी वीरवार को प्रात: 11 बजे फतेहाबाद में राज्य स्तरीय आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान करेंगे। बैठक में संघर्ष समिति के राज्य व जिला कमेटियों के पदाधिकारी, सदस्यों सहित अनेक किसान भाग लेंगे।
बैठक में किसान आंदोलन को लेकर मंथन किया जाएगा और कई अहम फैसले लिए जाएंगे। मनदीप नथवान ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे है लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार किसानों के साथ तानाशाही रवैया अपना रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इंटरनेट बंद, बार्डर के आर-पार आवाजाही पर रोक, किसान नेताओं के घरों में दबिश देकर सरकार ने अपना मंशा साफ कर दी है कि उसका बातचीत और लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। ऐसे में वीरवार को होने वाली बैठक में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता आपस में विचार विमर्श कर कोई ठोस फैसला लेंगे।
किसानों पर आंसू गैस गोले दागना और गोली चलाना दुर्भाग्यपूर्ण- निशान सिंह
किसानों को दिल्ली कुच से रोकने को लेकर पुलिस प्रशासन के इंतजाम को लेकर जननायक जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह बोले- दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए जा रहे किसानों को रोकना और उनके ऊपर आंसू गैस गोले दागना और गोली चलाना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि किसान भी इसी देश के नागरिक है। उन्होंने कहा कि किसान और सरकार के बीच मुद्दे को लेकर बैठकर बातचीत करनी चाहिए ताकि उसका हल निकाला जा सके। गृहमंत्री अनिल विज द्वारा किसानों के प्रदर्शन को विपक्ष की साजिश बताए जाने पर कहा कि विपक्ष को ऐसा करने का मौका ही नहीं देना चाहिए, सरकार को इसका हल निकाल देना चाहिए।
सिरसा के के कुछ लिंक रोड खोले
सिरसा जिला प्रशासन की ओर से अभी पहले की तरह ही बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। प्रशासन ने जिले के कुछ लिंक रोड खोल दिए है। जहां से छोटे वाहन चालक निकल रहे है। वहीं बड़े वाहनों को अभी भी लिंक रोड से जाने की अनुमति नहीं है। डबवाली में पूरी तरह से शांति है। पंजुआना नहर पर किसानों की बैठक चल रही है। जल्द करेंगे बड़ा ऐलान। जिले के कुछ किसान खन्नोरी में जा चुके है।