HBSE 10th Topper: 10वीं में प्रदेश में टॉपर हिमेश सोनी ने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर चमकाया नाम
हिमेश ने बताया कि उसने ट्यूशन का सहारा नहीं लिया, घर पर अकेले पांच घंटे पढ़ाई करके सिलेबस को पूरी तरह समझता था। गंभीरता के बजाय हलके मूड में पढ़ाई करता था। अब यूपीएससी की परीक्षा को सफलतापूर्वक पास करके आईएएस बनना ही उनका सपना है।
विस्तार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार दोपहर बाद घोषित किए गए दसवीं कक्षा के परिणाम में फतेहाबाद के भूना के न्यू सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हिमेश सोनी ने प्रदेश में टॉप किया है। हिमेश ने 500 में से 498 अंक हासिल करते हुए भूना क्षेत्र व अपने स्कूल का नाम रोशन किया है।
स्कूल डायरेक्टर अजय रेवड़ी, एकेडमिक डायरेक्टर धर्मपाल गोयल व प्रिंसिपल नेहा रेवड़ी ने कहा कि छात्र हिमेश स्कूल में पढ़ने के दौरान काफी मन लगाकर पढ़ता है। उसकी लगन देखकर उसका नतीजा सबके सामने हैं। भूना शहर के श्याम विहार कॉलोनी निवासी हिमेश सोनी के पिता राजेश सोनी सिंचाई विभाग में बेलदार हैं जबकि मां बबीता गृहिणी हैं।
नहीं लिया ट्यूशन का सहारा, घर पर सिलेबस पूरी तरह समझा
न्यू सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल भूना के छात्र हिमेश सोनी ने 500 में से 498 अंक हासिल करते हुए प्रदेश में टॉप किया है। हिमेश ने बताया कि उसने ट्यूशन का सहारा नहीं लिया, घर पर अकेले पांच घंटे पढ़ाई करके सिलेबस को पूरी तरह समझता था।
गंभीरता के बजाय हलके मूड में पढ़ाई करता था। उन्होंने बताया कि अब यूपीएससी की परीक्षा को अच्छे अंकों के साथ सफलतापूर्वक पास करके आईएएस बनना ही उनका सपना है। उसने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि अगर जीवन में आगे बढ़ना है तो स्मार्टफोन को कम यूज करना चाहिए। हिमेश के पिता हैं सिंचाई विभाग में बेलदार, मां गृहिणी हिमेश हैं।