फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Fatehabad News, Hindi News, weather, hot, sun, summer, fatehabad

सूरज का 43.2 डिग्री टॉर्चर, आज और कल आंधी के आसार

Sun, 17 Apr 2016 12:46 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहाबाद
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहाबाद Updated Sun, 17 Apr 2016 12:46 AM IST
विज्ञापन
Fatehabad News, Hindi News, weather, hot, sun, summer, fatehabad
गरमी - फोटो : fatehabad
अप्रैल माह में ही जून सी गर्मी का अहसास होने लगा है। शनिवार का दिन फतेहाबाद में मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री को पार कर गया। दिन भर लू के थपेड़े से लोग झुलसते रहे। हिसार स्थित मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को फतेहाबाद का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्यियस और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री था।
विज्ञापन


एक ही दिन में तापमान में हुई बढ़ोतरी से लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। अप्रैल के माह में ही गर्मी ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को दिनभर गर्म हवाएं चलीं। स्कूली बच्चे स्कूलों से आते-जाते वैन में पसीने से तरबतर नजर आए।
विज्ञापन


सामान्य से 7 डिग्री अधिक तापमान, आज आंधी का अनुमान
मौसम विभाग की मानें तो फतेहाबाद का शनिवार का तापमान सामान्य से लगभग सात डिग्री अधिक है। खुद मौसम विभाग के अधिकारी भी मौसम में एकाएक आए इस बदलाव से खासे हैरान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को आंधी और तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही 18 अप्रैल तक इलाके में गरज के साथ बौछारों की संभावना भी है। दो दिन तक तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उसके बाद फिर से पारे में बढ़ोतरी होती जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


सुनसान रहे शहर के बाजार, नहर भी खाली
गर्मी के कारण शहर के बाजार में अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। ग्राहकों के इंतजार में अधिकतर दुकानदार खाली बैठे रहे। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी काफी कम रही। इसके अलावा लोगों ने गर्मी भगाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया।

पेयजल की नहीं होगी किल्लत
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो अप्रैल और मई माह में शहर में पेयजल की कोई दिक्कत नहीं होगी। हालांकि विभाग जून में भी पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रखने के दावे कर रहा है। विभाग शहर में जलापूर्ति के लिए खैरातीखेड़ा रोड स्थित वाटर टैंक पर निर्भर है। फिलहाल अधिकारी इस टैंक में पर्याप्त पानी होने की बात कह रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ये है तैयारी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. मुनीष बंसल ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी में कूलर आदि का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में लू के मरीजों को दी जाने वाली पूरी दवाइयां और अन्य संसाधन मौजूद हैं।

स्कूलों में भी जल्द छुट्टियों पर हो सकता है मंथन
जिले में अचानक से बढ़ी गर्मी के चलते जिले भर के स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश पर फिर से मंथन हो सकता है। आमतौर पर निजी स्कूल मई के अंतिम माह से ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर देते हैं लेकिन जिस तरह से इस बार अप्रैल माह में ही भीषण गर्मी पड़ रही है, इससे संभावना जताई जा रही है कि शायद इस बार ग्रीष्मकालीन अवकाश जल्द घोषित कर दिए जाएं।

अमूमन ऐसा निर्णय प्रदेश सरकार की ओर से ही आता है। शीतकालीन अवकाश के दौरान प्रदेश सरकार के द्वारा घोषित करने पर ही स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जाती हैं। हालांकि अधिकतर स्कूल संचालक जल्द छुट्टियां करने के पक्ष में नहीं होते, क्योंकि उनके अनुसार ऐसा करने से बच्चों का पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हो पाता। लेकिन इसमें चलेगी तो प्रशासन के निर्णय की। अब देखना दिलचस्प होगा कि आखिर जिला प्रशासन इस बारे में क्या रुख अख्तियार करेगा।


लू लगने के लक्षण
1. बेहोशी आना
2. तेज बुखार आना
3. चक्कर आना, घबराहट
4. सिरदर्द
5. दस्त, शरीर टूटना
6. मुंह सूख जाता है

लू लगने पर ये करें उपाय
नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ. मुनीष बंसल ने बताया कि मरीज को लू लगने पर सबसे पहले छायादार जगह पर लिटा दें। लगातार नमक-नींबू पानी में मिलाकर पिलाना चाहिए। ऐसा करने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती। इसके अलावा मरीज के सिर पर गीला कपड़ा भी रखना चाहिए ताकि शरीर का तापमान कम हो सके। डाक्टर को तुरंत दिखाना चाहिए।

लू से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
1. गर्मी के मौसम में नींबू पानी, छाछ और लस्सी का सेवन करना चाहिए।
2. आम व लीची को छोड़कर अधिकतर फल ठंडक पहुंचाते हैं।
3. लू को दूर रखने के लिए गर्मियों में नियमित रूप से आमपना, खस शरबत और ब्राह्मी शरबत का इस्तेमाल करें।
4. धूप में बाहर निकलते समय चेहरे एवं सिर को पूरी तरह ढंक कर रखें। लू का सबसे पहले निशाना सिर और चेहरे पर ही होता है।
5. खाली पेट बाहर ना निकलें और बहुत देर तक भूखा भी नहीं रहना चाहिए।
6. पसीने आने की सूरत में एकदम से बहुत सारा ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed