{"_id":"5852e1f84f1c1b0c71649aa6","slug":"fatehabad-cm-says-new-hospital-building-announced-fatehabad-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"बनेगी नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग, बैंक स्क्वायर पर मोहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बनेगी नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग, बैंक स्क्वायर पर मोहर
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Fri, 16 Dec 2016 12:03 AM IST
विज्ञापन
कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते सीएम मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला एवं जिलाध्यक्ष वेद फुलां ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
लगभग दो साल के अंतराल पर फतेहाबाद पहुंचे सीएम मनोहर लाल पिछली सारी कसर निकालने के मूड में नजर आए। बीघड़ रोड पर कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते सीएम मनोहर लाल ने एक बार फिर से नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग का ऐलान कर सबको चौंका दिया। अस्पताल की नई बिल्डिंग सीएम घोषणाओं की लिस्ट से हटाई जा चुकी थी और इस बार भी प्रशासन की लिस्ट में शामिल नहीं थी।
सीएम ने ऐलान किया कि फतेहाबाद के सेक्टर-9 में 35 करोड़ की लागत से 100 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने डेढ़ सौ करोड़ की अन्य घोषणाएं भी की। इतना ही नहीं 102 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी किया। हालांकि सीएम मनोहर लाल ने भट्टू और भूना के लोगों को निराश करते उन्हें तहसील का दर्जा देने की घोषणा को फिलहाल ये कहते हुए टाल दिया कि कृषि मंत्री की अध्यक्षता वाली कमेटी इसका फैसला करेगी।
विज्ञापन
इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक वे 83 हलकों का दौरा कर चुके हैं और बाकी बचे सात हलकों में भी 25 दिसंबर तक दौरे पूरे हो जाएंगे। पूर्व के मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व के सीएम सिर्फ चुनाव के समय हलके के दौरे करते थे। सीएम विंडो का जिक्र करते उन्होंने कहा कि अब तक सीएम विंडो पर 2 लाख के करीब शिकायतें आ चुकी हैं और आधे से अधिक मामलों में शिकायतकर्ता संतुष्ट भी हो चुके हैं।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में किसी भी नेता या मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। नोटबंदी का ऐलान करने वाले पीएम मोदी को उन्होंने बाबा नरेंद्र मोदी की संज्ञा देते हुए कहा कि बाबा नरेंद्र मोदी का कोई भरोसा नहीं कि 31 दिसंबर के बाद वो क्या कर डालें। उनकी इस बात पर लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। उन्होंने लोगों से विशेषकर व्यापारियों से आह्वान किया कि वे कैशलेस व्यवस्था की ओर कदम बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन के दौरान लोगों को ये भी भरोसा दिलाया कि अगले तीन माह में फतेहाबाद से होकर गुजर रहे बाईपास का काम भी पूरा हो जाएगा। सीएम ने लिंगानुपात को और बेहतर करते हुए इसका अनुपात साढ़े 9 सौ तक ले जाने के लक्ष्य की भी बात कही। उन्होंने कहा कि अगले साल को प्रदेश सरकार रोजगार वर्ष के रूप में मनाएगी।
एक समान विकास की नीति पर चल रही सरकार: बराला
इससे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी हलकों में एक समान विकास की नीति पर चल रही है और सही मायनों में सबका साथ-सबका विकास की नीति को चरितार्थ कर रही है। बराला ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक भी विकास पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि एचसीएस भर्ती की निष्पक्षता पर कोई सवाल नहीं उठे। बराला ने कहा कि आज से पहले रिश्तेदारों और मंत्रियों के रिश्तेदार एचसीएस लगते थे लेकिन इस बार गरीब परिवार का बेटा एचसीएस बना है, किसी मध्यम वर्ग के बच्चे ने बाजी मारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई दिल लगाकर करें, आगे उनके लिए अवसर सरकार बनाएगी।
वेद फुलां ने दिया सीएम को भगवान को दर्जा
मुख्यमंत्री का स्वागत करते भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने सीएम मनोहर लाल को भगवान का दर्जा देते हुए कहा कि भगवान की तरह सीएम मनोहर लाल को भी सब पता है कि फतेहाबाद के लोगों की मांग क्या है। उन्हें कहा कि वे इस बार परंपरा को तोड़ते हुए सीएम के सामने कोई मांगपत्र नहीं रखेंगे। समारोह को परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, भाजपा नेत्री सुनीता दुग्गल, मुकेश गौड़, सिरसा लोकसभा निगरानी कमेटी संयोजक भारत भूषण मिड्डा, डा. वीरेंद्र सिवाच , रामराज मेहता सहित अनेक भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। समारोह का कुशल मंच संचालन फतेहाबाद निगरानी कमेटी के संयोजक गुलशन हंस ने किया।
इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को 102 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद के लिए 19 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नये बस अड्डे और जाखल में 2 करोड़ रुपये के लागत के नये बस अड्डे की आधारशिला रखी।
गांव तलवाड़ा में 10 करोड़ 45 लाख रुपये बनने वाली आईटीआई, 4 करोड़ 61 लाख रुपये से बनने वाले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल मंडी की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ 36 लाख रुपये लागत के सरदार हरपाल सिंह राजकीय बहुतकनीकी जमालपुर शेखां, 23 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से टोहाना में बनी अतिरिक्त अनाज मंडी, 21 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनी फतेहाबाद की अतिरिक्त अनाज मंडी और 2 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से भोड़िया खेड़ा खेल स्टेडियम में नवनिर्मित मल्टीपर्पज हॉल का उद्घाटन किया।
जनसभा में सीएम ने इन घोषणाओं को दी मंजूरी
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए 150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल को सेक्टर-9 में स्थापित कर इसे 100 बैड का बनाने की घोषणा की। इसके अलावा शहर स्थित उपमंडलाधीश निवास के स्थान पर 4 करोड़ रुपये की लागत से सभी बैंकों के लिए कांप्लेक्स बनाने, बीघड़ में 6 करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी बनाने, 2 करोड़ रुपये की लागत से पंचकर्मा और आयुर्वेद सेंटर बनाने की घोषणा की।
फतेहाबाद के लिए विकास घोषणाओं की झड़ी लगाते मुख्यमंत्री ने शहर में सीवरेज सफाई के लिए 50 लाख रुपये कीमत की सुपर सकर मशीन उपलब्ध करवाने, किरढ़ान, बीजालाम्बा, बोदीवाली, मेहूवाला सहित 9 गांवों में व्यायामशाला व पार्क बनाने की घोषणा की। सीएम ने गांव गोरखपुर में नये वाटर वकर्स बनाने, सुलीखेड़ा, ढाण्ड, जांडवाला बांगड, ढिंगसरा, दैयड़, दरियापुर, रामसरा, खजूरी जाटी, ढाणी ठोबा, स्वामी नगर, हरिपुरा, दौलतपुर में पीने के पानी की नई पाइप लाईन व्यवस्था करने के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नहरों के मुरम्मत व अपग्रेडेशन के लिए 50 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस राशि से ठोबा माईनर, धीड, दादुपुर, सिरढ़ान, खेड़ी, धांगड़ सहित अनेक माइनर पर काम किया जाएगा।
भट्टू और भूना को तहसील बनाने की मांग धनखड़ पर छोड़ी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भट्टू और भूना उप तहसील को तहसील बनाने की मांग पर गौर करते हुए इसे प्रदेश स्तर पर स्थापित की गई कमेटी के पास भेजने की घोषणा की। इसके अलावा सीएम ने विधानसभा क्षेत्र के 30 साल से पुराने 120 खालों को पक्का करने के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि भी मंजूर की। मुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये और शहर फतेहाबाद के लिए 5 करोड़ रुपये भी मंजूर किए। इसके अलावा सीएम ने ऐलान किया कि प्रदेश की जेलों की खाली पड़ी जमीन पर गौशालाएं खोली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक साढ़े 450 एमओयू हो चुके हैं जिनसे 7 लाख करोड़ का निवेश आएगा।
काले कपड़े वालों को लौटाया बैरंग
कार्यकर्ता सम्मेलन में सुरक्षा एजेंसी काफी चौकस नजर आई। हरियाणा पुलिस के अलावा सीएम के विशेष सुरक्षा दस्ते ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए थे। खासकर कार्यक्रम में इंट्री प्वाइंट पर भी लोगों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा काले कपड़ों वालों पर सुरक्षा एजेंसीज की खासी नजर रही। कई लोगों को महज इसके चलते कार्यक्रम में इंट्री नहीं दी गई क्योंकि उन्होंने काले कपड़े पहने थे। सुरक्षाकर्मियों ने तो सम्मेलन में आए कई लोगों के काले रंग के जुराबें, रूमाल, जैकेट तक उतरवाकर रख लिए। पिछले दिनों जींद में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में कई नवचयनित जेबीटी अध्यापकों ने शाह के संबोधन के दौरान काले कपड़े दिखाए थे जिसके चलते पुलिस और सुरक्षा एजेंसी की काफी किरकिरी हुई थी। ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए काले कपड़ों वालों को बैरंग ही लौटा दिया गया।
नाचते-गाते रैली में पहुंचे लोग, महिलाओं की संख्या भी उल्लेखनीय
सीएम मनोहर लाल लगभग दो साल फतेहाबाद शहर में आए थे तो भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों ने भी उनके सम्मान में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। लोग झुंड में नाचते-गाते रैली स्थल तक पहुंचे और भाजपा और सीएम जिंदाबाद के गगनचुंबी नारों से आसमान गुंजा दिया। ग्रामीण तबकों से आने वाले लोग कार-जीप आदि के अलावा ट्रैक्टर ट्रालियों और कैंटरों में भरकर भी पहुंचे।
पुरानी घोषणाओं पर एक शब्द भी नहीं बोले सीएम
सीएम मनोहर लाल ने अपने भाषण के दौरान पूरा फोकस वर्तमान घोषणाओं और सरकार की उपलब्धियों पर ही रखा। दो साल पहले उन्होंने जो घोषणाएं की थी, उनके वर्तमान स्टेटस पर सीएम ने एक शब्द भी नहीं कहा। हालांकि पत्रकारों द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर जरूर उन्होंने इस बारे में इतना ही कहा कि कुछ योजनाओं को पूरी तरह फिट करने के बाद ही काम शुरु होता है, जल्द काम शुरू होने की उन्होंने उम्मीद जताई। अपने भाषण के दौरान सीएम ने नोटबंदी को बेहतर कदम बताया तो कैशलेस प्रणाली को भविष्य की ओर बढ़ने का प्रयास बताया। उन्होंने लोगों से भी कैशलेस प्रणाली को अपनाने का आह्वान भी किया।
बैंक स्कवायर बनाने की अमर उजाला की खबर पर मोहर
अमर उजाला ने काफी समय पहले ही खबर प्रकाशित कर बता दिया था कि नेशनल हाइवे पर एसडीएम आवास की जगह पर बैंक स्कवायर बनाने की तैयारी है। वीरवार को आयोजित रैली में सीएम ने इसकी घोषणा कर अमर उजाला की खबर पर अपनी मोहर लगा दी। इसके लिए सीएम ने बकायदा ग्रांट की घोषणा भी कर दी है।