रतिया। क्षेत्र के गांव अलालवास में खेतों में ट्यूबवेल लगाने को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। जिस पर एक भाई ने दूसरे भाई के बेटे पर पिस्तौल दिखाकर मारपीट करने व डराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अलालवास निवासी निहाल सिंह ने बताया कि वे पांच भाई है, खेती की जमीन साझी है। सब अपने-अपने हिस्से में आई जमीन पर खेती करते हैं। मगर मंगलवार सुबह अपने हिस्से में आई जमीन पर ट्यूबवेल लगा रहा था, इसी दौरान उसका भाई सुभाष आया और ट्यूबवेल लगाने पर एतराज करने लगा। वहां पर चल रही मशीन को उसने बंद कर दिया। जिस पर मैंने 112 पुलिस को मौके पर बुलाया, जिसने हमें समझा बुझा कर अपने अपने घर भेज दिया। मगर थोड़ी देर बाद मैं और मेरा बेटा विनोद किसी काम से जा रहे थे तो मेरे भाई का बेटा रवि अपने 4 अन्य सहयोगियों के साथ आकर मारपीट करने लगा। रवि ने अपने हाथ में पकड़ी पिस्तौल दिखाकर उसे धमकाने लगा, जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया तो आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। लोगों को आता देखकर रवि अपने साथियों के साथ मौके से उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रवि व उसके चार अन्य सहयोगियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।