{"_id":"57f9442a4f1c1b6a53270712","slug":"fatehabad-raids-electric-department-56-thepht-city-area-raid-fatehabad-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिलेभर में बिजली निगम ने की छापामारी, हड़कंप","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
जिलेभर में बिजली निगम ने की छापामारी, हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Sun, 09 Oct 2016 12:38 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली विभाग ने शनिवार को जिलेभर के शहर और गांवों में एसडीओ के नेतृत्व में टीमें गठित कर बिजली चोरी कर रहे लोगों पर छापामार कार्यवाही की। बिजली निगम की व्यापक स्तर पर की गई कार्यवाही से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बिजली चोरों ने अपने अपने प्रतिष्ठानों पर लगाई कुंडियों को हटाने की होड़ मच गई। बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले भर में बिजली चोरी के कुल 56 मामले पकड़े गए। अब इन बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कागजी कार्यवाही पूरी कर इनके खिलाफ जुर्माना ठोंका जाएगा। जहां जरूरी होगा, उनके खिलाफ एफआईआर भी करवाई जाएगी। फतेहाबाद बिजली निगम के एसडीओ गुलशन वधवा ने बिजली छापों की पुष्टि की है। उनकी मानें तो फतेहाबाद खंड में तकरीबन तीन लाख रुपये के करीब जुर्माना ठोंका गया है।
रतिया खंड में सबसे ज्यादा 30 मामले पकड़े
बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यवाही में कुल 56 मामलों में सबसे अधिक मामले रतिया खंड के हैं। रतिया शहर में एसडीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में बिजली चोरी रोकने का अभियान चलाया गया। इसके तहत शहर में 8 एवं ग्रामीण एसडीओ धीरज कुमार के नेतृत्व में गांव जांडवाला, बीजा लांबा, चन्नकोठी आदि गांवों में छापामारी कर बिजली चोरी के 22 मामले पकड़े हैं। बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि भट्टू ग्रामीण एसडीओ जयसिंह बेनीवाल ने सूलीखेड़ा, गदली आदि गांवों में छापामारी कर छह जगह बिजली चोरियां पकड़ी। फतेहाबाद शहर में एसडीओ गुलशन वधवा के नेतृत्व में अनेक जगह छापामार कार्यवाही कर 14 जगह और ग्रामीण एसडीओ जीतराम के नेतृत्व में मानावाली, बीघड़ आदि गांवों में छापा मारकर 6 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी है।
विज्ञापन
दीवाली तक लगातार जारी रहेगा अभियान
त्योहारी सीजन शुरू होते ही जिले भर में बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है। इसी के चलते बिजली निगम के अधिकारियों ने जिले भर में बिजली चोरी रोकने का अभियान चलाया है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अभियान दीवाली तक लगातार चलाया जाएगा। अफसरों का कहना है कि अगर बिजली चोरी पर नियंत्रण रहता है, तो दीवाली तक जिले भर में पर्याप्त बिजली मुहैया करवाई जा सकेगी। इसी के चलते बिजली चोरों को पकड़ने का ये विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
बिजली निगम ने शनिवार को विशेष छापामार कार्यवाही की है। जिलेभर से 56 जगहों पर बिजली चोरी के मामले पकड़ने की सूचना है। फतेहाबाद खंड में तकरीबन 14 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई है, जिसमें तीन लाख रुपये के करीब जुर्माना लगाया गया है। गुलशन वधवा, एसडीओ, बिजली निगम, फतेहाबाद।