फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   CM sir! Have the remembrance of past announcements

सीएम साहब! पिछली घोषणाओं की तो सुध लो

Sun, 22 Jun 2014 11:38 PM IST
fatehabad
fatehabad Updated Sun, 22 Jun 2014 11:38 PM IST
विज्ञापन

 सरकार की ओर से जनहित के लिए शुरू की गई अधिकांश परियोजनाएं या तो अधर में लटकी हुई हैं या फिर विवादों की पेच में फंस पड़ी हैं। कई योजनाएं लापरवाही की भेंट चढ़ गई हैं। किसी के लिए बजट ही नहीं मिला, तो किसी को अमलीजामा ही नहीं पहनाया जा सका।

विज्ञापन


जनता सालों से इन योजनाओं के पूरा होने का इंतजार कर रही है। कई योजनाएं तो ऐसी हैं, जिनकी खुद सीएम ने घोषणा की थी, लेकिन बरसों बीतने के बावजूद उन्हें पूरा नहीं किया जा सका। अब सोमवार को शहर में सीएम के प्रस्तावित दौरे पर शहरवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं कि वे इन लटकी पड़ी योजनाओं को परवान चढ़ाएंगे।
विज्ञापन


अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल अकेडमी चहारदीवारी तक सिमटी
गांव दरियापुर में नेशनल हाईवे पर 7 अक्तूबर 2012 को अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल अकादमी का शिलान्यास तत्कालीन केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन और सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था। 8 एकड़ में बनने वाली इस अकादमी पर 10 करोड़ की राशि खर्च आनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


 दावा किया गया था कि  इस अकादमी में एक वर्ष में बाकायदा फुटबाल के खिलाड़ियाें को प्रशिक्षण भी शुरू हो जाएगा, परंतु अब हालात ये हैं कि डेढ़ साल बीतने के बावजूद बात सिर्फ चहारदीवारी तक ही पहुंच पाई है। इतना ही नहीं, अब तो फुटबाल अकादमी का काम भी फिलहाल बंद है।

 इसी प्रांगण में एक सुसज्जित हॉस्टल बनाना भी प्रस्तावित है। सिंथेटिक टर्फ के लिए तो अभी तक टेंडर नहीं खोले गए हैं। जिला स्पोर्ट्स काउंसिल के सदस्य सुभाष भांभू से मिली जानकारी के अनुसार आचार संहिता के चलते अब सिंथेटिक टर्फ का काम टल गया था। इसी महीने शुरू हो जाएगा।

अतिरिक्त अनाज मंडी के नाम पर केवल दीवारें
सिरसा रोड पर ही फतेहाबाद के लिए अतिरिक्त अनाज मंडी का शिलान्यास 21 मई 2013 को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था। 100 एकड़ में बनने वाली इस अनाज मंडी की जमीन के लिए किसानों को 98 करोड़ से भी ज्यादा राशि का भुगतान किया गया था।

 एक साल से भी ज्यादा समय बीत जाने पर यहां भी चहारदीवारी बनाने का काम ही चल रहा है, जबकि शहर में स्थित अनाज मंडी सीजन में भर जाती है और जाम की स्थिति रहती है। पिछले दिनों व्यापार मंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर इसका शीघ्र ही निर्माण करवाने की बात कही।

नौ साल से अस्पताल को विस्तार का इंतजार
पिछले 35 सालों से चल रहे पुराने सामान्य अस्पताल का दर्जा बढ़ाने की क्षेत्रवासियों की मांग को मानते हुए सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2005 में अनाज मंडी के शेड के नीचे इसे 100 बिस्तर का करने की घोषणा की थी। नौ साल बाद भी यह कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसके लिए जमीन तक नहीं मिली। हालांकि पिछले दिनों हुडा के सेक्टर 9 में 14 एकड़ जमीन पर अस्पताल बनाने का दावा सीएमओ ने किया था, लेकिन इस पर काम शुरू नहीं हुआ।

नए बस स्टैंड का वादा भूले
फतेहाबाद का बस स्टैंड हाईवे पर शहर के बीचोंबीच स्थित है इसे बने भी 35 साल हो गए। आबादी बढ़ने के साथ यह छोटा पड़ने लगा है। शहर में जाम की स्थिति रहती है। सरकार ने बस स्टैंड को सेक्टर 5 में बनाने का वायदा किया था, लेकिन आज तक इस केस की फाइल ही आगे नहीं चल पाई। 2009 में मुख्यमंत्री की रैली से पूर्व सीपीएस ने भी इस मांग को रखने से मना कर दिया था। आज भी शहरवासी नए बस स्टैंड के इंतजार में हैं।

हुडा कार्यालय के लिए हिसार के चक्कर
फतेहाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने हजारों एकड़ जमीन अधिग्रहण करके सेक्टर काट दिए, लेकिन यहां अपना कार्यालय नहीं खोला, हुडा का कार्यालय हिसार में है। अपने प्लाट का ट्रांसफर करवाना हो या निर्माण की स्वीकृति लेनी हो, हजारों प्लाटधारकों को हिसार चक्कर काटने पड़ते हैं। 2009 में मुख्यमंत्री ने हुडा का कार्यालय यहां स्थापित करवाने की मांग स्वीकृत की थी, लेकिन उसे आज भी अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका।

19 साल से आईटीआई की जोह रहे बाट
फतेहाबाद के भूना में 12 अक्तूबर 1995 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भजनलाल और कृषि मंत्री हरपाल सिंह ने आईटीआई कॉलेज का शिलान्यास किया था, लेकिन आज तक इसका निर्माण कार्य भी शुरू नहीं हो सका। 19 साल बाद भी भूना के लोग आईटीआई की बाट जोह रहे हैं।

40 साल पुरानी सीवर लाइन
फतेहाबाद में सीवर लाइन 40 साल पुरानी है। आबादी बढ़ी सुविधाएं बढ़ी, मकानों व दुकानों की संख्या बढ़ी और सीवरेज लाइन छोटी पड़ गई। आज भी जगह-जगह सीवरेज के मेन हॉल ओवरफ्लो हो जाते हैं। पाइपें पुरानी होने के कारण जगह-जगह लीकेज करती हैं। लोग दूषित पानी पी रहे हैं। लोगों की मांग है कि सीवरेज लाइन नई डाली जाए।

नगर परिषद पर डंपिंग ग्राउंड नहीं
नगर परिषद शहर में सफाई करवाने में सक्षम नजर नहीं आ रही। कर्मचारी कम हैं। गलियां-मोहल्ले गंदगी से अटे पड़े रहते हैं। नगर परिषद के पास शहर से एकत्रित की गई गंदगी डंप करने के लिए जगह नहीं है। हालात यह है कि भूना मोड़, बीघड़ रोड जैसे क्षेत्रों में गंदगी डाली जाती है। जहां बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।

चिल्ली का सुधार अटका
सदियाें पुरानी चिल्ली झील जो अब दलदल बन चुकी है इसके सुधारीकरण के लिए हर राजनेता व डीसी ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन दशकों बीत गए कुछ नहीं हुआ।

पुरानी कचहरी की जगह का मामला
पुरानी कचहरी की खाली पड़ी जगह पर स्कूल, पार्क, गुरुद्वारा और ब्राह्मण धर्मशाला बनवाने के लिए कई समितियां संघर्ष कर रही हैं। समितियों की मांगों के चलते प्रशासन भी अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले पा रहा है और यह जगह खाली की खाली पड़ी है।

राजकीय कॉलेज के बिना भटक रहा भविष्य
फतेहाबाद में लड़कों के लिए एक भी सरकारी कॉलेज नहीं है। 12वीं के बाद छात्रों के लिए सरकारी संस्थान का न होना उनकी पढ़ाई में बाधा है। निजी संस्थाओं में महंगी शिक्षा प्रणाली के कारण अधिकांश छात्र पढ़ नहीं पाते। इस दिशा में अभी तक किसी सरकार ने कोई प्रयास नहीं किए।

सीएम से मिलेंगे सामाजिक संगठन
चिल्ली संघर्ष समिति के संयोजक हरनाम सिंह ने बताया कि चिल्ली झील का विस्तार और चिल्ली में गंदे पानी की निकासी पर रोक लगाने की मांग को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलेंगे। उनके साथ समिति के मोहन लाल नारंग, देनीलाल एडवोकेट और विनोद अरोड़ा मौजूद होंगे। पुरानी कचहरी में पार्क और स्कूल बनाने को लेकर हो रही देरी पर पार्षद ज्योति मेहता व स्कूल बनाओ संघर्ष समिति के प्रधान धर्मपाल सीएम से मिलेंगे। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान डॉ. आत्मप्रकाश मेहता ने कहा कि अतिरिक्त अनाज मंडी का काम बरसों से लटका हुआ है। मुख्यमंत्री से मांग है कि अनाज मंडी का काम जल्द शुरू करवाया जाए।


कोट
कई योजनआएं 10 साल से लटकी पड़ी है। जो काम 10 साल में पूरे नहीं हो सके वे अब एक दिन में क्या पूरे होंगे। मुख्यमंत्री यहां वोट मांगने आ रहे न कि विकास करवाने।
- दूड़ा राम, हजकां नेता

सीएम ने यहां विकास करवाने की कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन अधिकारियों की कमजोरी व तानाशाही के चलते प्रोजेक्ट अधर में लटक गए। स्थानीय विधायक व सीपीएस प्रहलाद सिंह की ढील की वजह से काम लेट हुए हैं।
- भवानी सिंह, कांग्रेस महासचिव


सुबह 11:20 पर पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस विभाग भी मुस्तैद हो गया है। पुलिस विभाग की रविवार को अनाज मंडी शेड के नीचे रिहर्सल हुई। मुख्यमंत्री 23 जून को दिल्ली से प्रात: 10.20 बजे फतेहाबाद के लिए रवाना होंगे और 11.20 बजे उनका हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे श्री राम सेवा समिति धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगे। अनाज मंडी के शेड के नीचे 350 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

ये रूट होंगे डायवर्ट
अनाज मंडी में सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस विभाग ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करने के लिए वाहनों को डायवर्ट करने का फैसला लिया है। हिसार व भूना की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को मिनी बाईपास से डायवर्ट कर अनाज मंडी में लाया जाएगा। वहीं सिरसा व रतिया की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों को रतिया मोड़ से अनाज मंडी की ओर मोड़ दिया जाएगा।

 

जनता नहीं, सीएम के लिए चमकाया शहर
फतेहाबाद। लंबे समय से सफाई का इंतजार कर रहा अनाज मंडी के आसपास का इलाका मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चमका दिया गया है। अनाज मंडी के बाहर भट्टू रोड की ओर सड़कों में गहरे गड्ढे हुए पड़े थे, इन्हें राताें रात ठीक करवा दिया है। बीकानेर मिष्ठान भंडार की ओर नई सड़क भी बनवा दी है। शिवालय मार्केट की तरफ दो दिन के अंदर नया डिवाइडर रंगरोगन सहित तैयार भी कर दिया गया है। वहीं, पार्क की भी प्रशासन ने सुध लेकर वहां से कूड़ा कर्कट उठवाकर रंग-रोगन करवा दिया है। मंडी के बाहर बने बाथरूमों की सफाई हो गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन की जगह शेड की भी मरम्मत करवा दी है। लघु सचिवालय, सामान्य अस्पताल और मार्केट कमेटी में सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed