Haryana: 237 वोकेशनल टीचर के पद खाली, प्रिंसिपल 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रख सकेंगे रिसोर्स पर्सन
प्रदेश में 237 वोकेशनल टीचर के पद खाली। सूबे के सरकारी स्कूलों में 15 वोकेशनल कोर्स चल रहे हैं। विद्यार्थियों की खराब होती पढ़ाई को बचाने के लिए रिसोर्स पर्सन रखने का फैसला लिया गया है।
विस्तार
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क के तहत चल रहे वोकेशनल कोर्स के टीचरों के अभाव में विभाग ने नई योजना तैयार की है। स्कूलों में प्रिंसिपल अपने स्तर पर वोकेशनल टीचर की तरह रिसोर्स पर्सन रख सकेंगे। इन रिसोर्स पर्सन को विभाग 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय देगा। इस संबंध में विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।
ये ही नहीं जिलों में खाली पदों का आंकड़ा भी विभाग ने जारी किया है। स्कूलों में वोकेशनल टीचरों के 237 पद खाली हैं। अधिकारियों की माने तो व्यवस्था चलाने के लिए 6 माह के लिए ये रिसोर्स पर्सन रखे जाएंगे। रिसोर्स पर्सन को लेकर विभाग शैक्षणिक योग्यता भी जारी की है। जिस ट्रेड में रिसोर्स पर्सन रखा जाना है उसकी अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता है।
जिला इतने रखे जाएंगे रिसोर्स पर्सन
- अंबाला 23
- भिवानी 8
- चरखीदादरी 2
- फरीदाबाद 12
- फतेहाबाद 15
- गुरुग्राम 5
- हिसार 16
- झज्जर 2
- जींद 13
- कैथल 14
- करनाल 24
- कुरुक्षेत्र 5
- महेंद्रगढ़ 4
- नूह 10
- पलवल 3
- पंचकूला 9
- पानीपत 7
- रेवाड़ी 5
- रोहतक 8
- सिरसा 14
- सोनीपत 13
- यमुनानगर 25
फतेहाबाद जिले में 6744 छात्र कर रहे वोकेशनल कोर्स
जिले के सरकारी स्कूलों में 91 लैब चल रही हैं। इसमें 88 वोकेशनल टीचर फिलहाल तैनात है। अधिकारियों की माने तो 6744 विद्यार्थी वोकेशनल कोर्स कर रहे हैं। एनएसक्यूएफ के तहत 14 कोर्स सरकारी स्कूलों में करवाए जा रहे हैं।
समग्र शिक्षा विभाग की तरफ से एनएसक्यूएफ के तहत सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को वोकेशनल कोर्स करवाए जा रहे हैं। जिले में 91 लैब चल रही है और 6744 छात्र कोर्स कर रहे हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से जिन स्कूलों में वोकेशनल टीचर नहीं है वहां पर रिसोर्स पर्सन रखे जाएंगे। स्कूल प्रिंसिपल नियम अनुसार रख सकेंगे। - वेद दहिया, डीपीसी, समग्र शिक्षा विभाग