Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ellenabad Assembly Seat Profile History Chautala Family Political Equation News in Hindi

Ellenabad Vidhan Sabha: जहां अपने पहले ही चुनाव में हारे थे ओम प्रकाश चौटाला, वहां रहा है बेटे का बोलबाला

Fri, 20 Sep 2024 11:24 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Fri, 20 Sep 2024 11:24 AM IST
विज्ञापन
सार
Ellenabad Vidhan Sabha: हरियाणा में विधानसभा चुनाव में ऐलनाबाद कुछ खास सीटों में गिनी जाती है। इस सीट पर इनेलो के अभय सिंह चौटाला लगातार चार बार यहां से जीत दर्ज कर चुके हैं। राज्य के मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला इसी सीट से पहली बार विधायक बने थे।
loader
Ellenabad Assembly Seat Profile History Chautala Family Political Equation News in Hindi
देवीलाल के ये लाल बने ऐलनाबाद से विधायक - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

हरियाणा में विधानसभा का चुनाव अपने चरम की ओर है। इस चुनावी रण में सभी पार्टियां अपना दम खम दिखाने के लिए मैदान में उतर चुकी हैं। नामांकन का दौर खत्म हो चुका है लिहाजा यह भी तय हो गया है किस सीट पर किनके बीच मुकाबला होगा। चुनाव में हर सीट का अपना महत्व होता है लेकिन हरियाणा में कुछ सीटें ऐसी भी हैं जहां हर चुनाव में सबकी नजरें टिकी होती हैं। ऐसी ही एक विधानसभा सीट है ऐलनाबाद सीट है। इस सीट पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला लगातार चार बार यहां से जीत दर्ज कर चुके हैं। ये सीट इस मायने में भी खास है क्योंकि हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला इसी सीट से पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। 

 

हमारी खास पेशकश ‘सीट का समीकरण’ में आज इसी ऐलनाबाद सीट की बात करेंगे। जानेंगे इसके चुनावी इतिहास के बारे में। बात करेंगे यहां से जीते उम्मीदवारों की, पिछले चुनाव में इस सीट पर क्या हुआ था? ये भी जानेंगे कि इस बार इस सीट पर कैसे हालात बन रहे हैं।




 

सबसे पहले जानते है ऐलनाबाद सीट के बारे में

हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से ऐलनाबाद भी एक बेहद महत्वपूर्ण सीट है। ऐलनाबाद सिरसा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। इस विधानसभा क्षेत्र में इस बार कुल 1 लाख 90 हजार मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। ऐलनाबाद काफी संपन्न विधानसभा सीट मानी जाती है, लेकिन ग्रामीणों के लिए जो समस्या सामने आती है, उनमें सेम प्रमुख है। ऐलनाबाद में दड़बा व इसके आसपास के गांवों में सेम की समस्या सालों पुरानी है, जिसे अब तक दूर नहीं कि जा सका। हर बार यह चुनावी मुद्दा बनता है और मुद्दा ही बनकर रह जाता है। नहरों के पानी के रिसाव के कारण आसपास की जमीन दलदली हो चुकी और इस वजह से वहां खेती नहीं हो सकती। जमीन की उर्वरता कमजोर होते-होते भूमि बंजर हो जाती है। इसके अलावा इस क्षेत्र में नशे की प्रवृत्ति भी तेजी से बढ़ी है। यही नहीं मुख्य मुद्दों में राजस्थान से लगते गांवों तक नहरी पानी पहुंचाना भी बड़ा मुद्दा है।

अब बात ऐलनाबाद के चुनावी इतिहास की

ऐलनाबाद ऐसी सीट है जहां से चौधरी देवीलाल के दो बेटे विधानसभा पहुंचे। हरियाणा के गठन के बाद राज्य में पहली बार 1967 में चुनाव हुए। इस चुनाव में चौधरी देवीलाल के छोटे बेटे प्रताप चौटाला 28 साल की उम्र में विधायक चुने गए। कांग्रेस के टिकट पर उतरे प्रताप चौटाला ने इस सीट पर निर्दलीय लाल चंद को 2,647 वोटों से हराया था। 

 

1967 में चुनाव होने के एक साल बाद ही 1968 में हरियाणा में फिर से चुनाव हुए। इस बार ऐलनाबाद सीट से पिछली बार के चुनाव में हारे लाल चंद ने जीत दर्ज की। इस बार लाल चंद ने निर्दलीय चुनाव न लड़कर विशाल हरियाणा पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर उतरे बंसीलाल के बड़े बेटे ओम प्रकाश चौटाला को 5,331 वोटों से शिकस्त दी।

चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाकर कोर्ट गए चौटाला
हार के बाद ओम प्रकाश चौटाला ने लाल चंद खोड़ की जीत को लेकर पहले हाईकोर्ट की शरण ली और बाद में सुप्रीम कोर्ट भी गए। सुप्रीम कोर्ट ने चौटाला की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद खोड़ का चुनाव शून्य यानी रद्द कर दिया। चौटाला ने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। व्यक्तिगत चरित्र पर हमला बोलने, एक धार्मिक संप्रदाय की ओर से चौटाला को हराने की अपील करने और विजेता प्रत्याशी खोड़ पर पृथ्वीराज नाम के शख्स को 20 हजार रुपये नकद देकर चुनाव लड़वाने के आरोप चौटाला की ओर से लगाए गए। इतना ही नहीं चुनाव के दौरान एक विवादित इश्तिहार भी प्रकाशित होने के भी आरोप लाल चंद पर लगे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की और साक्ष्यों के आधार पर चुनाव रद्द कर दिया। इस कारण ऐलनाबाद सीट पर 1970 में उपचुनाव करवाना पड़ा। इस उपचुनाव में ओमप्रकाश चौटाला कांग्रेस की बजाय एनसीजे के उम्मीदवार थे और लालचंद खोड चुनाव नहीं लड़ सके। इस चुनाव में चौटाला करीब 18 हजार 746 वोटों से विजेता रहे।

अब आते हैं 1972 के हरियाणा विधानसभा के चुनाव की ओर। इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बृजलाल ने निर्दलीय बीरबल को 12106 वोटों से हराया। 

 

साल 1977, आपातकाल के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव होते हैं। इस चुनाव के साथ ही ऐलनाबाद विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के आरक्षित कर दी जाती है। 1977 के इस चुनाव में जनता पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ रहे भागी राम ने निर्दलीय मनीराम को 7404 वोटों से हराया। 1982 में हरियाणा के चुनाव में भागी राम लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़े। इस बार उन्होंने कांग्रेस के मनीराम को 15123 वोटों से हराया। इसके बाद 1987 की चुनावी परीक्षा में भी भागीराम को सफलता मिली। एक बार फिर उन्होंने मनीराम को मात दी। 

 

1991 में भागी राम की जीत का सिलसिला टूटा और पिछले चुनावों में उनसे हारने वाले मनीराम इस बार विजेता बने। कांग्रेस के टिकट पर उतरे मनीराम ने जनता पार्टी के भागी राम को 13761 वोटों से हरा दिया। 

 

अब आया 1996 का आम चुनाव इस चुनाव में भागी राम ने फिर से वापसी की और जीत दर्ज की। यह चुनाव उन्होंने समता पार्टी के टिकट पर लड़ा। भागी राम ने हरियाणा विकास पार्टी के उम्मीदवार करनैल सिंह को 7198 वोटों से शिकस्त दी। 

 

2000 में भी भागी राम ने जीत दोहराई लेकिन इस बार वो इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार थे। इस बार भागी राम ने कांग्रेस प्रत्याशी ओम प्रकाश को 15054 वोटों से हराया।

कौन थे ऐलनाबाद सीट पर पांच बार जीत दर्ज करने वाले भागीराम

भागीराम चौ. देवीलाल के नवरत्नों में शामिल थे। 1977 में पहली बार वे ऐलनाबाद सुरक्षित सीट से विधायक चुने गए। उन्होंने पांच बार ऐलनाबाद विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। भागीराम चौधरी देवीलाल की सरकार में जनस्वास्थ्य मंत्री भी रहे। 1982 में जब भजनलाल ने देवीलाल की पार्टी के ज्यादातर विधायकों को तोड़कर ले गए थे, तब भागीराम उन नौ विधायकों में शामिल थे, जो देवीलाल के साथ रहे थे। देवीलाल अपने इन 9 विधायकों को नवरत्न कहकर बुलाते थे।
 

भागीराम को चुनौती देने वाले मनीराम केहरवाला के पिता केसराराम हरियाणा के सिंचाई मंत्री रहे थे। खुद मनीराम भजन लाल सरकार के दौरान 1991 से 1996 तक विधायक के साथ-साथ हरको बैंक के चेयरमैन भी रहे थे। साल 2014 में मनीराम कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।  

 

वापस, ऐलनाबाद सीट पर लौटते हैं, साल 2005 में हरियाणा में फिर से चुनाव होते हैं। इस चुनाव में ऐलनाबाद सीट पर इंडियन नेशनल लोकदल ने डॉ. सुशील कुमार इंदौरा को चुनाव मैदान में उतारा। इंदौरा ने इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मनीराम को 21883 वोटों से हरा दिया।

ओमप्रकाश चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा।
ओमप्रकाश चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा।

सामान्य सीट होते ही चौटाला परिवार की वापसी

2008 में हुए परिसीमन के बाद ऐलनाबाद विधानसभा सीट फिर से सामान्य सीट बना दी गई। इसके बाद 2009 के विधानसभा चुनाव में यहां से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने जीत हासिल की। इस चुनाव में चौटाला दो सीटों से चुनाव लड़े। दोनों ही पर उन्हें जीत मिली। नतीजों के बाद उन्होंने सुरक्षित सीट ऐलनाबाद को छोड़ दी। इसके बाद ऐलनाबाद सीट 2010 के उपचुनाव में इनेलो के टिकट पर ओम प्रकाश चौटाला के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला मैदान में उतरे। उन्होंने कांग्रेस के भरत सिंह बेनीवाल को हराया था।
 

साल 2014 में आम चुनाव में एक बार फिर अभय सिंह चौटाला इनेलो से चुनाव लड़े और कांग्रेस के पवन बेनीवाल को हराया। इसी प्रकार 2019 में भी अभय सिंह चौटाला यहां से निर्वाचित हुए और उन्होंने पवन बेनीवाल को मात दी थी। किसान आंदोलन के बाद अभय सिंह चौटाला ने इस सीट से इस्तीफा दिया। बाद में वह इसी सीट से 2021 में हुए उपचुनाव में हरियाणा लोकहित पार्टी के गोबिंद कांडा को हराकर जीते। गोबिंद कांडा हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा के भाई हैं। इस चुनाव में गोबिंद ने फतेहाबाद विधानसभा सीट से निर्दलीय नामांकन किया था। हालांकि, उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। दरअसल, गोबिंद ने नामांकन के आखिरी दिन वक्त खत्म होने से महज 15 मिनट पहले नाटकीय अंदाज में पर्चा भरवाया था। पर्चा जांच के बाद कैंसिल कर दिया गया। दरअसल, गोबिंद कांडा खुद नामांकन करने नहीं पहुंचे, बल्कि अपनी लीगल टीम को भेजा। ऐसे में शपथ लेने के लिए खुद उपस्थित नहीं होने की वजह से उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया।

इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अभय सिंह चौटाला।
इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अभय सिंह चौटाला। - फोटो : संवाद

एक बार फिर चिर प्रतिद्वंद्वी सामने

अभय सिंह चौटाला के सामने एक बार फिर उनके चिर प्रतिद्वंद्वी पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल सामने हैं। भरत सिंह बेनीवाल 2005 में कांग्रेस की टिकट पर दड़बा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने हरियाणा विकास पार्टी के प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा को हराया था। इस बार वह अभय सिंह चौटाला के सामने होंगे। भाजपा ने यहां से अमीरचंद मेहता, जजपा ने अंजनी लढ़ा और आम आदमी पार्टी ने मनीष अरोड़ा को चुनाव मैदान में उतारा है। ऐलनाबाद विधानसभा सीट के तहत 74 गांव आते हैं। इनमें अधिकांश गांव बेनीवाल पैंतालिसा के हैं। यह सीट पूरी तरह से जाट बहुल हैं और यहां पर जाट मतदाता ही प्रत्याशियों का चुनाव करते हैं। 

 

यह इलाका इनेलो का गढ़ रहा है। यहां के लोग देवीलाल परिवार से गहराई से जुड़े हुए हैं। अभय चौटाला को चुनाव में यहां से अच्छी लीड मिलती रही है। इसी तरह बेनीवाल पैंतालीसा में भरत सिंह बेनीवाल का भी प्रभाव रहा है। यह परिवार ही इस क्षेत्र में इनेलो को टक्कर देता है। इस बार भरत सिंह बेनीवाल के साथ उनके भाई की पत्नी संतोष बेनीवाल भी मजबूती से डटी हैं। भरत को टिकट मिलने के बाद संतोष पार्टी से नाराज बताई जा रही थीं। हालांकि, पार्टी उनकी नाराजगी दूर करने में सफल रही है। संतोष बेनीवाल की किसानों के बीच अच्छी पकड़ है। किसान आंदोलन और फसलों के मुआवजे के लिए हुए आंदोलन में उन्होंने न सिर्फ किसानों का पुरजोर समर्थन किया था, बल्कि कई दिनों तक धरने पर भी बैठी थीं। हालांकि देवीलाल परिवार की तरह बेनीवाल परिवार में भी फूट है। इसी परिवार के पवन बेनीवाल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर अभय का साथ देने का एलान किया है। 2021 के विधानसभा उप-चुनाव के दौरान अभय चौटाला के खिलाफ कांग्रेस ने पवन बेनीवाल को ही उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में पवन करीब 21 हजार वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed