{"_id":"960f9b22d4bcd3e38df1b2b758c17829","slug":"dussehra-ground-filled-with-the-sound-of-elections","type":"story","status":"publish","title_hn":"AAP ने भरी लोकसभा चुनाव की हुंकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
AAP ने भरी लोकसभा चुनाव की हुंकार
अमर उजाला, फरीदाबाद
Updated Mon, 06 Jan 2014 04:05 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बल्लभगढ़ के दशहरा ग्राउंड से रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव की हुंकार भरी। जनसभा में उमड़े सैलाब को देखकर आप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र यादव ने प्रदेश में भ्रष्टाचार सहित सीएलयू और भूमि अधिग्रहण नीति को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाने का ऐलान कर दिया है।
विज्ञापन
रैली में दो घंटे की देरी से पहुंचे योगेंद्र यादव ने कहा कि हरियाणा के चुनावों में भी दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। हरियाणा में दिल्ली से दस गुना भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे आम आदमी परेशान हो चुका है। जिस तरह दिल्ली में बिजली के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ा गया था। उसी तरह हरियाणा में सीएलयू व भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ा जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि हाल में प्रदेश कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके गोपाल कांडा ने अपने जन्मदिन पर लाखों रुपये खर्च कर दिए। लेकिन सरकार के मंत्रियों के पास प्रदेश की जनता की समस्याओं को हल करने के लिए पैसा व समय नहीं है। दिल्ली की तर्ज पर इस बार हरियाणा से भी कांग्रेस का नामोनिशान मिट जाएगा। इस मौके पर आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर आधा दर्जन से अधिक भाजपा व बसपा के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने आप की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मंच के सामने भारी संख्या में लोग जमीन पर बैठे हुए थे। किसी के लिए कुर्सियों की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस दौरान कवि शहजाद हिंदुस्तानी ने देशभक्ति गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
विज्ञापन
एक ही परिवार के दो सदस्य नहीं संभालेगे महत्वपूर्ण पद
वंशवाद की राजनीति ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। हर पार्टी में वंशवाद चरम सीमा पर है। ऐसे में आप पार्टी में वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए पहले से ही योजना बना ली गई है। ताकि दूसरी पार्टी से अलग रह सके। एक ही परिवार से दो सदस्य पार्टी में किसी महत्वपूर्ण पद पर काबिज नहीं होंगे।
जनता ही तय करेंगी लोकसभा का एजेंडा
दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा की जनता भी लोकसभा चुनाव का एजेंडा तैयार करेगी। जनता से उनकी मुख्य समस्याएं पूछी जाएगी। समस्याओं को एजेंडे में जगह देकर चुनाव जीतने के बाद पूरा किया जाएगा।
नेताओं के मंच पर आने से भड़के लोग
जनसभा में कई नेता आप की सदस्यता ग्रहण करने के लिए पहुंचे हुए थे, जिसमें बसपा के पार्षद जगन डागर, इनेलो नेता सुनील भाटी, पूर्व प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य रणवीर चंदीला, पूर्व भाजपा नेता सुरेंद्र कीना शामिल थे। आप पार्टी के जिला संयोजक आभास चंदीला जैसे ही इन नेताओं के आप पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। तभी लोग अचानक भड़क उठे।
कई लोगों ने उठकर जोरदार विरोध किया। वहीं एक बुजुर्ग विरोध करते हुए योगेंद्र यादव के पास पहुंच गए। उन्होंने नेताओं को पार्टी में शामिल करने से साफ मना किया। तब योगेंद्र यादव ने लोगों को आश्वासन दिया कि इन नेताओं को पूरी जांच पड़ताल के बाद ही पार्टी में शामिल किया गया। रैली में पार्टी के हरियाणा राज्य संयोजक नवीन जैन, आशावंत सहित सैकड़ाें कार्यकर्ता उपस्थित रहे।