चरखी दादरी में हादसा: पुल पर बाइकें टकराने से नहर में गिरा युवक, मौत, दूसरी बाइक के चालक पर केस दर्ज
एनएच 152 डी पर खातीवास नहर पुल पर सोमवार देर शाम हादसा हुआ। मृतक के चाचा के बयान पर पुलिस ने दूसरी बाइक के चालक पर केस दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चरखी दादरी में नेशनल हाईवे 152 डी पर खातीवास नहर पुल पर सोमवार देर शाम दो बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में एक बाइक चालक नहर में गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक को तैरना नहीं आता था। सदर थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक की पहचान सैंपल निवासी पवन (28) के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा तिलकराज ने बताया कि उसका भतीजा पवन ऑटो चलाता था। नेशनल हाईवे के निर्माण में जुटे श्रमिकों को वो ऑटो से ले जाता और छोड़ता था और कभी-कभार वो मजदूरी भी कर लेता था। सोमवार को वो निर्माणाधीन हाईवे पर काम करने गया था। काम खत्म करने के बाद पवन उसकी बाइक लेकर घर आ रहा था। जब वो खातीवास नहर पुल के समीप पहुंचा तो उनके गांव का ही विनोद नामक व्यक्ति गफलतबाजी से अपनी बाइक चलाते हुए आया और पवन की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पवन नहर में गिर गया। मृतक के चाचा के अनुसार पवन तैरना नहीं जानता था और उसकी नहर में डूबने से मौत हो गई। वहीं, मामले का पता चलते ही सदर थाना पुलिस सोमवार देर शाम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर सिविल अस्पताल भेजा। मंगलवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया।
एक साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के परिजनों ने बताया कि पवन शादीशुदा था। एक साल पहले ही उसके यहां बेटी ने जन्म लिया था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि एक साल की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया।
शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के चाचा के बयान पर दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। - शिव कुमार, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, सदर थाना