चरखी दादरी। सदर थाना के एक गांव से करीब तीन सप्ताह पहले लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी का सुराग न लगने पर मंगलवार को ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने शहर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला पुलिस कप्तान से मुलाकात की और उस दौरान पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने एक सप्ताह के अंदर किशोरी की बरामदगी करने का आश्वासन दिया।
इससे पहले मंगलवार सुबह आंबेडकर शिक्षा समिति, सूर्योदय महिला विकास समिति, अखिल भारतीय अनुसूचित जाति पिछड़ा वर्ग आदि संगठनों के पदाधिकारी लघु सचिवालय पहुंचे और रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय में नारेबाजी की और इसके बाद एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एडवोकेट राजेश सिंधु, वेदप्रकाश भारतीय, जयसिंह कटारिया, एडवोकेट महेश दोचनिया व जसवंत कलियाणा ने बताया कि साहुवास निवासी सुनील ने गत आठ अगस्त को बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दी थी। शिकायत में एक शख्स पर आरोप भी लगाया गया था, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का केस ही दर्ज किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट नहीं लगाया। तीन सप्ताह से ज्यादा समय बीतने पर भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इसके विरोध में मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विकास, उमेद, रघबीर, रमेश कुमार, रामकिशन, विनोद, संदीप, राज, दिनेश, रणधीर, राजकुमार, धनराज, नवीन कुमार, प्रवीण खनगवाल, बबली, सुमन कलावती, बर्फी, मुन्नी, मुकेशबाला, निर्मला व सुनीता आदि मौजूद रहे।