कस्बे में बार-बार लग रहे बिजली कटों से परेशान दुकानदारों ने 132 केवीए पावर सब स्टेशन पर रोष-प्रदर्शन जताया। निगम के जेई को ज्ञापन सौंपा गया। बाजारों में 24 घंटे बिजली देने की मांग रखी। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामकिशन फौजी की अध्यक्षता में उपमंडल के दुकानदारों ने अनाज मंडी में बैठक की। बाजार में लग रहे बिजली कटों पर रोष जताया गया। दुकानदारों ने कहा कि गर्मी के मौसम में दुकानदारों व कस्बे के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पावर कटों के कारण बिजली व मोबाइल की दुकानों पर काम नहीं हो रहा है। सुचारु रूप से बिजली सप्लाई नहीं होने के कारण इसका सीधा असर बाजारी कारोबार पर पड़ रहा हैं। दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है और गर्मी अधिक होने के कारण दुकानों में बैठे रहना मुश्किल हो गया है। बैठक के बाद उपमंडल के 132 केवीए बिजली सब स्टेशन पहुंचकर रोष जताया और बाजारों में 24 घंटे बिजली सप्लाई करने की मांग की। दुकानदारों ने जेई सुरेश कुमार को ज्ञापन देकर जल्द समाधान करने की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि बिजली की समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर बलजीत सिंह हंसावास, कोषाध्यक्ष मोतीराम जांगड़ा, जयबीर, विरेंद्र आर्य, सोमेश जेवली, जीडी मिश्रा, राजेश, महेश श्योराण, निरंजनलाल, मनोज, बंटी, अजीत, नवीन आदि मौजूद रहे।