फर्रुखनगर हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार: खुद को घिरता देख पुलिस पर की फायरिंग, फिर खुद को मारी गोली
दादरी रेलवे स्टेशन के पास आरोपी दोनों हाथों में पिस्टल लेकर लहरा रहा था। खुद को घिरता देख उसने पहले पुलिस पर फायरिंग की और फिर खुद को गोली मारने का प्रयास किया। डिटेल में पढ़ें खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुग्राम के फर्रुखनगर में हलवाई की हत्या कर साथियों संग फरार हुए झज्जर जिले के इस्लामपुर गांव निवासी पंकज को दादरी जीआरपी पुलिस ने काबू कर लिया है। इससे पहले उसने दादरी रेलवे स्टेशन के पास दोनों हाथों में पिस्टल लहराई। खुद को घिरता देख उसने पहले पुलिस पर फायर किया व इसके बाद खुद के सिर में गोली मारने का प्रयास किया। गनीमत रही की युवक बच गया और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ दादरी जीआरपी चौकी में केस दर्ज किया गया है।
दादरी जीआरपी चौकी प्रभारी एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर रेलवे स्टेशन पर टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म से करीब 50 मीटर दूर एक युवक सिर पर गमछा बांधे हुए है और दोनों हाथों में पिस्टल लहरा रहा है। जीआरपी चौकी प्रभारी की ओर से तुरंत सूचना कंट्रोल रूम में दी गई।
इसके बाद दादरी शहर थाना, ट्रैफिक थाना, CIA व स्पेशल स्टाफ टीम चंद मिनटों में ही मौके पर पहुंच गई। आरोपी पंकज ने खुद को पुलिस से घिरता देख फायर कर दिया। इसके बाद उसने पिस्टल अपने सिर से सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली चलाने के प्रयास में उसका निशाना चूक गया, जिसके चलते वह बच गया। खुद पर गोली चलाने के बाद वह जमीन पर गिर गया और उसे पुलिस ने काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान कबूल किया फर्रुखनगर हत्याकांड
आरोपी पंकज साल 2018 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और उस पर पहले भी मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि फर्रुखनगर में मंगलवार को उन्होंने एक दिन पहले हुई कहासुनी के चलते हलवाई राकेश सैनी की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया था।
2 पिस्टल और 5 कारतूस हुए बरामद
आरोपी पंकज ने दादरी रेलवे स्टेशन के समीप 5 फायर किए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले मालगाड़ी पर गोली चलाई और उसके बाद उसने चार फायर और किए। आरोपी को काबू करने के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्टल और 5 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पंकज ने दादरी जीआरपी चौकी में की गई प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि फर्रुखनगर हत्याकांड के बाद उसे गांव इस्लामपुर में भी एक युवक की हत्या करनी थी। इसके चलते वह तड़के गांव पहुंचा था। वहां घर पर उक्त युवक नहीं मिला। पंकज ने बताया कि जिस युवक को मारना था उसके साथ विवाद चल रहा था।
आरोपी पंकज ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर किया और बाद में खुद के सिर पर गोली मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि वह बच गया जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी फर्रुखनगर हत्याकांड में शामिल था और उसके पास से दो पिस्टल व 5 कारतूस बरामद हुए। -कृष्ण कुमार, प्रभारी, दादरी जीआरपी चौकी
ये भी पढ़ें: Heroin Recovered: अंबाला में पकड़ी गई ढाई करोड़ की हेरोइन, दिल्ली से तस्कर ला रहे थे सप्लाई