बाढड़ा। क्षेत्र में आई आंधी के कारण बिजली के 28 पोल व काफी संख्या में हरे पेड़ टूट गए। क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश व आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए और हरे पेड़ उखड़ गए। बिजली के पोल गिरने से गंाव डालावास, जगरामबास, हुई, काकड़ौली, मांढ़ी केहर,जीतपुरा, कांहडा, बडेसरा में बिजली आपूर्ति ठप रही। आपूर्ति बहाल करने में बिजली कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बिजली विभाग के जेई भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि आंधी से बिजली के चार फीडर बाधित हुए। बिजली के 28 पोल गिर गए। उन्होंने बताया कि एक जगह ट्रांसफार्मर भी गिर गया। बिजली आपूर्ति को जल्द सुचारु करने की कोशिश की जा रही है।
अंधड़ से फार्म हाउस का टीन शेड क्षतिग्रस्त
अंधड़ और बारिश से शुक्रवार को चंदेनी निवासी एक किसान का फार्म हाउस क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में संचालक को काफी नुकसान हुआ। किसान रविंद्र ने बताया कि शुक्रवार की शाम को बारिश व आंधी की वजह से उसके खेत में बने फार्म हाउस का टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। उसने बताया कि तीन वर्ष पहले ही उसने यहां पशुपालन कार्य शुरू किया था। उसने प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील की है। रविंद्र के अनुसार मलबा काफी दूर तक बिखर गया।