Traffic Challan: हरियाणवी उड़ा रहे ट्रैफिक नियमों की धज्जियां; 90 दिन में 10 लाख चालान... कैमरों से निगरानी
Haryana Traffic Challan: हरियाणा पुलिस यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के चालान काट रही है। प्रदेश में लोग नियमों का सख्ती से पालन नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि बीते 90 दिन में 10 लाख से ज्यादा ट्रैफिक चालान हो चुके हैं।
विस्तार
हरियाणा में यातायान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती से निपट रही है। ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वाले वाहन चालकों के धड़ाधड़ चालान काटे जा रहे हैं। हरियाणा पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर वर्ष 2025 के पहले तिमाही (1 जनवरी से 31 मार्च) यानी 90 दिन में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को कुल 10,13,422 चालान जारी किए हैं।
पुलिस की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार 10,13,422 कुल चालानों में से 5,63,485 चालान सीसीटीवी कैमरों से किए गए हैं। 4,49,931 ई-चालानिंग मशीनों से और केवल 6 चालान मैनुअल तरीके से किए गए।
बिना हेलमेट और ओवरस्पीडिंग के सबसे अधिक चालान
सबसे अधिक चालान दोपहिया वाहन सवारों के बिना हेलमेट 2,82,020 किए गए हैं। इसके बाद ओवरस्पीड से वाहन चलाने पर 1,97,661 चालान, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र न होने के 1,32,267, थर्ड पार्टी बीमा न होने के 1,12,055, रॉन्ग पार्किंग के 1,26,012 और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,09,673 चालान किए गए हैं।
पटाखा बुलेट चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई
हरियाणा पुलिस की तरफ से वर्ष 2025 में बुलेट बाइक से पटाखे चलाने वाले साइलेंसरों का इस्तेमाल करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हरियाणा पुलिस ने 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक ऐसे 2049 वाहनों का चालान किया है। ऐसे वाहनो में लगे मॉडिफाई साइलेंसरों को जब्त कर उन्हें नष्ट किया जा रहा है। इसी तरह गाड़ी पर ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वालों पर सख्ती की जा रही है। तीन महीने में हरियाणा पुलिस ने ऐसे 6182 वाहन चालकों के चालान करते हुए उन पर 6,18,20000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली
हरियाणा पुलिस ने राज्यभर में सीसीटीवी आधारित ट्रैफिक निगरानी प्रणाली को मजबूत किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहरों की मुख्य सड़कों तक ट्रैफिक कैमरों की मदद से यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है। सभी चालान डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संबंधित वाहन चालकों तक पहुंचाए जा रहे हैं। हरियाणा में जनवरी-2025 से लेकर मार्च-2025 तक ऐसे 563485 वाहन चालकों के ऑनलाइन माध्यम से चालान किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक की अपील
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। हमारा उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करना और लोगों को यातायात नियमों की पालना के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि लोग नियमों को डर से नहीं बल्कि अपना उत्तरदायित्व मानते हुए समझदारी से इसकी पालना करें।